प्राथमिक स्कूल खरेटी का एसएमसी अध्यक्ष प्रवीण कुमार व माध्यमिक स्कूल का अध्यक्ष चुना गया जितेन्द्र ठाकुर
HNN/ पच्छाद
जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय खरेटी में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों की आम सभा करवाई गई। जिसमें सर्वसम्मति से स्कूल प्रबंधन समिति की नई कार्यकारिणी सदस्यों का गठन किया गया।
प्राथमिक कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण कुमार व माध्यमिक विद्यालय कमेटी के अध्यक्ष जितेन्द्र ठाकुर को चुना गया। कमेटी सदस्यों के रूप में योगराज, जीत सिंह, पूजा देवी, नीशा देवी, वन्दना देवी व कुसुम लता को चयनित किया गया। सभी सदस्यों द्वारा विद्यालय विकास के लिए अपना सम्पूर्ण सहयोग देने का निर्णय लिया गया है।
प्रभारी माध्यमिक विद्यालय धर्मेन्द्र सिंह व मुख्य शिक्षक नरबीर पंवार द्वारा नए चयनित सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। आम सभा में उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व धन्यवाद किया गया।
उद्योग एवं संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अपने प्रवास कार्यक्रम के दौरान राजगढ़ स्थित विश्राम गृह परिसर में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधि व स्थानीय लोगों ने मंत्री से मुलाकात की और क्षेत्र की सामूहिक व व्यक्तिगत समस्याएं उनके समक्ष रखी।
उद्योग एवं संसदीय मामले मंत्री ने इनमें से अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर किया तथा कुछ समस्याओं को सम्बंधित विभागों को तुरंत निराकरण के लिये सौंप दिया। उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा रखी गई सभी मांगो को वह प्रदेश सरकार के समक्ष गम्भीरता से उठाएंगे।
उद्योग मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की ओर से प्राप्त होने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करना सुनिश्चित करें। इससे पूर्व, राजगढ़ पहुंचने पर मंत्री हर्षवर्धन चौहान का फूल मालाओं से लोगों ने भव्य स्वागत किया।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव दयाल प्यारी, नगर पंचायत अध्यक्षा ज्योति साहनी, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष रणधीर सिंह पंवार, नायब तहसीलदार दयानंद शर्मा, कांग्रेस पदाधिकारी एवं क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
नाहन-शिमला नेशनल हाईवे 907ए पर पच्छाद उपमंडल के सराहां के समीप काहन पेट्रोल पंप के समीप मंडी-खड़ाना सड़क पर शनि मंदिर में वीरवार को भंडारे का आयोजन होगा।
शनि मंदिर के पुजारी गौतम डकौत ने बताया कि वीरवार को शनि जयंती के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने पच्छाद उपमंडल के भक्तों से शनि मंदिर पहुंच कर अधिक संख्या में भंडारे में शनि देव का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की हैं।
बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व ही शनि मंदिर का निर्माण सराहां-मंडी-खड़ाना सड़क पर हुआ है। जहां पर प्रतिवर्ष शनि जयंती के उपलक्ष में भंडारे का आयोजन किया जाता है।
पेशे से हैं ट्रक ड्राइवर, मोबाइल पर खेली गई गेम ने बनाया करोड़पति
HNN/ पच्छाद
जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले अशोक कपूर की किस्मत रातोंरात चमक उठी है। बता दें मोबाइल पर खेली गई एक गेम ने उन्हें करोड़पति बना दिया है। पच्छाद की बजगा पंचायत के शामपुर गांव के रहने वाले अशोक पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं। दिन-रात ड्राइविंग करने वाले अशोक को भी ये पता नहीं था कि उनकी किस्मत कुछ इस तरह बदल जाएगी।
जनपद सिरमौर की पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के अशोक कपूर की किस्मत ऐसी चमकी कि वे रातोंरात करोड़पति बन गए हैं। ये सब हुआ ड्रीम-11 की बदौलत। खास बात ये है कि उन्होंने ड्रीम इलेवन पर सिर्फ एक टीम लगाई। अमूमन लोग कई टीमें लगाकर अपनी किस्मत आजमाते हैं, लेकिन अशोक कपूर सिर्फ एक टीम ही लगाते आ रहे हैं। बीते शनिवार को लगाई टीम में एंट्री भी वापस नहीं मिली।
बीते कल यानी रविवार की दोपहर खेले गए जीटी और आरसीबी मैच में उन्होंने अशोक वॉरियर्स के नाम से फिर 59 रुपये की एंट्री लगाई और करोड़पति बन गए। इसकी सूचना मिलते ही गांव में उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। उन्हें और परिजनों को मोबाइल फोन से भी बधाई संदेश मिल रहे हैं।
बता दें कि अशोक कपूर ने अभी शादी नहीं की है। 32 वर्षीय अशोक कपूर ने बताया कि वे काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वे करोड़पति बन गए हैं, लेकिन वे अपना पेशा नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वे बनाह की सैर के विजय का ट्रक चलाते है। उनकी ट्रांसपोर्ट औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में सेवाएं दे रही हैं।
इसी ट्रांसपोर्ट के ट्रक में वह लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। वह 15,000 रुपये महीना कमाते हैं और इसी से खुश हैं। अशोक का कहना है कि जीती गई एक करोड़ रुपये की राशि में से 30 फीसदी टैक्स कटेगा। फिलहाल अभी उनके खाते में पैसा नहीं आया है। बीते दिन रविवार था। अगले 48 घंटे के भीतर पैसे खाते में आने की उम्मीद है।
डॉ. राजीव बिंदल ने पच्छाद विस क्षेत्र के नगर में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन को किया संबोधित
HNN/पच्छाद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नगर में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के देश में 10 साल के शासनकाल में केवल घोटालों की चर्चा होती थी। बिंदल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कांग्रेस कार्यकाल के घोटाले गिनाए जैसे पनडुब्बी, जीजा और साला सब का घोटाला।
बिंदल ने कहा कि 2014 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने तो भारत की अर्थव्यवस्था की हालत खराब थी, मोदी जी ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया और अर्थव्यवस्था को 11वें पायदान से 5वें पायदान तक पहुंचाया। कमजोर देश को मजबूत देश बनाया। उन्होंने कहा कि आज सिरमौर को आईआईएम मिला जिसके ऊपर 500 करोड़ का खर्चा आया यह दुनिया का सबसे सुंदर इंस्टिट्यूट है।
केंद्र ने नाहन मेडिकल कॉलेज के लिए 265 करोड़ भेजें पर कांग्रेस पार्टी ने उसका काम बंद करवा दिया, वो कहते हैं कि इसकी जरूरत नहीं है यहां कोई बीमार नहीं होता। बिंदल ने लगातार कांग्रेस को लताड़ा। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने हिमाचल प्रदेश को सड़क निर्माण एवं रखरखाव के लिए एक लाख करोड़ की घोषणा की है।
पूरे हिमाचल में 12500 करोड़ से ज्यादा के सड़क और नेशनल हाई वे निर्माण के कार्य चल रहे हैं। इस मौके पर डॉ राजीव बिंदल ने हिमाचल प्रदेश के सभी नेशनल हाईवे के बारे में भी बताया उन्होंने कहा कि लाहौल स्पीति जाते हुए भी सड़के एकदम चकाचक है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशान साधते हुए कहा कि जो उपलब्धियां मुख्यमंत्री गिना रहे है, वह केंद्र द्वारा भेजी गई है ऐसा प्रतीत होता है कि माल मालको का और मसूरी खुद की।
काम केंद्र कर रही है, प्रदेश का उसमे कोई योगदान नहीं है और तब भी कांग्रेस के मुख्यमंत्री उन कामों की वहा वाही लूटने का प्रयास कर रहे है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियां भी गिनाई, विशेष कर किसानों को हुए फायदे पर बोले।
बिंदल ने कहा कि यह तभी मुमकिन है क्योंकि यह मोदी की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया और उसका जो फायदा हुआ उससे पूरे देश में सभी वर्गों के उत्थान का कार्य किया गया।भारत आत्मनिर्भर बन रहा है जिससे चीन की ऐसी की तैसी हो रखी है।
जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल सादना घाट पंचायत के चांडोग गांव की 24 वर्षीय ममता देवी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ममता देवी का पति पीने के पानी की पाइप जोड़ने चश्मे के पास गया था।
ममता की सास रसोई घर में कार्य कर रही थी। तो अकेलेपन का फायदा उठाकर ममता देवी ने घर के भीतर पंखे की कुंडी में फंदा लगा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। ममता का पति जब पानी जोड़कर वापस आया, तो उसने अपनी माता से पूछा की ममता कहां है, तो माता ने कहा कि वह कमरे में गई थी। जिस पर उन्होंने देखा कि कमरे में अंदर से कुंडी लगी हुई थी।
दरवाजे के साथ रोशनदान से जब ममता के पति ने देखा। तो पाया कि ममता देवी फंदे से लटकी हुई थी। जिस पर ममता के पति ने रोशनदान से अंदर जाकर उसे उतारा व गांव वाले भी इकट्ठे हो गए थे। मगर तब तक ममता मर चुकी थी। इसके बाद परिवार वालों ने पुलिस को जानकारी दी।
जिस पर पुलिस टीम डीएसपी विद्या चंद नेगी के नेतृत्व में घर पहुंची व छानबीन शुरू की। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया। जहां से शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए डॉक्टर वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, राजगढ़ पच्छाद के डीएसपी विद्या चंद नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उपमंडलीय निर्वाचन कार्यालय पच्छाद द्वारा विधानसभा क्षेत्र 55-पच्छाद के लिए गठित स्वीप टीम ने ग्राम पंचायत जयहर एवं धार टिकरी में लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया।
प्रातः 11:00 बजे स्वीप टीम ने ग्राम पंचायत जयहर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं दोपहर बाद पंचायत धार टिकरी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता शिविर लगाया।
स्वीप नोडल अधिकारी दिनेश कुमार तथा सहायक नोडल अधिकारी दिनेश शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि जो लोग 1 अप्रैल 2024 तक 18 वर्ष के हो गए हैं वह 4 मई तक पंजीकरण करवा सकते हैं।
उन्होनें बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता व दिव्यांग मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने घर पर ही मतदान के लिए विशेष व्यवस्था की है।
उन्होंने सभी लोगों से 1 जून के दिन वोट डालने की भी अपील की। इस दौरान उपस्थित जन समूह को मतदान गीत के व ऑडियो क्लिप के माध्यम से जागरूक करने का प्रयास किया।
उपायुक्त सुमित खिमटा ने दो दिवसीय मां नगरकोटी मेले का किया समापन, विजेताओं को वितरित किए पुरस्कार
HNN/ पच्छाद
मेले और त्यौहार हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं तथा रीति-रिवाज के संरक्षण एवं संवर्धन में अहम भूमिका निभाते हैं। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेलों और त्योहारों की प्राचीन परंपरा को कायम रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
यह बात उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने जिला सिरमौर के नारग में दो दिवसीय मां नगरकोटी मेले के समापन समारोह के अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मेलो में जहां लोगों को एक दूसरे से मिलने का मौका मिलता है वहीं समाज में एकता, समरसता और सद्भाव की भावना को भी बल मिलता है।
उन्होंने लोगों से मेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने मेले के सफल आयोजन में सभी के योगदान के लिए बधाई दी तथा कहा कि मां नगरकोटी देवी जी का अपना एक धार्मिक महत्व है। इस मेले में न केवल नारग क्षेत्र के लोग बल्कि पूरे सिरमौर जिला सहित अन्य जिलों एवं राज्य के लोग भी इस मेले का आनंद उठाने आता हैं।
उपायुक्त ने बताया कि चुनाव भी एक उत्सव है हम सभी को लोकतंत्र को सुदृढ़ एवं मजबूत बनाने के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान करने को कहा। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से एक जून को वोट लगाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में अपने-अपने मतदान केन्द्रों पर पहुंच कर मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए जिला सिरमौर में स्वीप के कार्यक्रम तहत विभिन्न पंचायतों व मतदान केंद्रों में स्वीप गतिविधियां आयोजित कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। उपायुक्त ने सेल्फी पॉइंट पर सेल्फी खिंचवाकर लोगों को अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश भी दिया।
इससे पूर्व, उपायुक्त ने मां नगरकोटी देवी जी के मंदिर में पूजा-अर्चना की और देव मंदिर से मेला ग्राउंड तक शोभा यात्रा में भी भाग लिया।अध्यक्ष मां नगरकोटी मेला कमेटी एवं एसडीएम पच्छाद डॉक्टर संजीव कुमार धीमान ने उपायुक्त का स्वागत किया तथा उन्हें शॉल, टोपी और मां नगरकोटी देवी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने मेले के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने विशेष अतिथि लोकपाल मनरेगा जयदेव को भी सम्मानित किया। इस मौके पर उपायुक्त ने मेला समिति के सदस्यों व विभिन्न खेलों के प्रायोजकों को भी सम्मानित किया।
उपायुक्त ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्वयं सहायता समूहों व प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सोलन द्वारा लगाई गई विश्व नवनिर्माण आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा मेले के दौरान आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में 50 से ऊपर के आयु वर्ग में कैप्टन भुवनेश्वर दत्त ने प्रथम, निर्मल ठाकुर द्वितीय तथा बीडीओ रमेश शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार 31 से 50 वर्ष के आयु वर्ग में विशाल शर्मा प्रथम, रमेश ठाकुर द्वितीय तथा मोहित ने तृतीय स्थान जबकि 18 से 30 वर्ष के आयु वर्ग में मनीष कौंडल प्रथम, शेखर ठाकुर द्वितीय व अभिनव कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
0 से 1 साल तक के स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में रियांश ने प्रथम स्थान, एक से 2 साल में सादिक और अर्पण ने प्रथम स्थान जबकि दो से 3 साल के स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में अपराजित ने प्रथम स्थान हासिल किया।रस्सा कशी प्रतियोगिता में आंगन बाड़ी कार्यकर्ता व आशा वर्कर्स विजय रही।
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में स्वयं सहायता समूह कोटला की ज्योति प्रथम और संध्या चौहान प्रिंसिपल दाडो देवरिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। मटकाफोड़ में मीना शर्मा आशा कार्यकर्ता अजगा विजयी रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में कविता अत्री ने प्रथम, किरण ने द्वितीय व आंचल शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
उपमण्डलीय निर्वाचन कार्यालय पच्छाद द्वारा विधानसभा क्षेत्र 55-पच्छाद के लिए गठित स्वीप टीम ने दिनांक 9 अप्रैल 2024 को ग्राम पंचायत महलोग लाल टिक्कर एवं शाड़ियां में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया।
प्रातः 11:00 बजे स्वीप टीम ग्राम पंचायत महलोग लाल टिक्कर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय मडीघाट एवं राजकीय उच्च विद्यालय मल्होटी एवं दोपहर बाद शाड़ियां पंचायत घर में लोगों के लिए जागरूकता शिविर लगाया गया।
स्वीप नोडल अधिकारी दिनेश कुमार तथा सहायक नोडल अधिकारी दिनेश शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि जो लोग 1 अप्रैल 2024 तक 18 वर्ष के हो गए हैं वह 4 मई तक पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होनें बताया कि 85 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाता व दिव्यांग मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग ने घर पर ही मतदान के लिए विशेष व्यवस्था की है।
उन्होंने सभी लोगों से 1 जून के दिन वोट डालने की भी अपील की। इस दौरान उपस्थित जन समूह को मतदाता शपथ व मतदान गीत के द्वारा जागरूक करने का प्रयास किया गया। दोपहर बाद स्वीप टीम ने नारग गांव में चल रहे मेले में जाकर लोगों के साथ सेल्फी पॉइंट पर सेल्फियां खिंचवाकर जागरूक करने का प्रयास किया।
एसडीएम पच्छाद डॉ. संजीव कुमार धीमान ने किया विधिवत शुभारंभ
HNN/ पच्छाद
जिला सिरमौर के नारग का प्रसिद्ध एवं पारंपरिक दो दिवसीय जिला स्तरीय मां नगरकोटी मेले का शुभारंभ अध्यक्ष मेला कमेटी एवं एसडीएम पच्छाद डॉ. संजीव कुमार धीमान ने मां नगरकोटी देवी की विधिवत पूजा अर्चना से किया। पूजा करने के उपरांत मंदिर से मेला ग्राउंड तक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें मां नगरकोटी के कारदार, श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग शामिल हुए।
एसडीएम ने जिला स्तरीय मेले के शुभारंभ के दौरान उपस्थित लोगों को मां नगरकोटी मेले की बधाई देते हुए कहा कि नारग का यह जिला स्तरीय मां नगरकोटी मेला सिरमौर जिला में आयोजित होने वाले विभिन्न मेलों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
दशकों से इस मेले का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ होता आ रहा है। जिसमें न केवल नारग व पच्छाद क्षेत्र के लोग भाग लेते हैं बल्कि सिरमौर के अन्य क्षेत्रों से लोग भी इस मेले में पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला देव परंपरा से जुड़ा होने के साथ-साथ आपसी मेलजोल, खेल-कूद व सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है।
एसडीएम ने बताया कि मां नगरकोटी मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा करेंगे। वह कल प्रातः 10:15 बजे मां नगरकोटी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे और उसके उपरांत पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ मां नगरकोटी देवी की मंदिर से मेला ग्राउंड तक निकाली जाने वाली शोभा यात्रा में शामिल होंगे।
वह खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ भी करेंगे। उपायुक्त सिरमौर महिलाओं द्वारा रस्साकस्सी, मटका फोड़, म्यूजिकल चेयर एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के अलावा विशाल दंगल का भी शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल को प्रातः 6 बजे मैराथन ( नशा मुक्ति के लिए दौड़) प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी।
मेले के प्रथम दिन नरेश चन्द वर्मा (वर्मा ज्वैलर्स सोलन) ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेला कमेटी ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी व मां नगरकोटी देवी की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया।
एसडीएम ने बताया कि अंतिम सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनोज शर्मा किन्हीं कारणों से नहीं आ रहे हैं और अमनीत मदान (डब्ल्यूडीपीएल) सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दोनों दिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है और आज की सांस्कृतिक संध्या में मुख्य कलाकार रमेश कटोच, नरेंद्र निटू, कपिल शर्मा और मदन झालटा अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां से लोगों का मनोरंजन करेंगे।
इससे पूर्व एसडीएम ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग व आदर्श स्वयं सहायता समूह नारग के स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का शुभारंभ कर अवलोकन किया।
मेले के दौरान स्कूलों के बच्चों ने विभिन्न आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। मेले में निर्वाचन विभाग द्वारा चुनाव का पर्व, देश का गर्व थीम पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें स्कूली बच्चों ने भाग लिया।