Category: संगड़ाह

  • सिरमौर में बड़ा हादसा: कार के खाई में गिरने से दो युवकों की मौत

    सिरमौर में बड़ा हादसा: कार के खाई में गिरने से दो युवकों की मौत

    HNN/ संगड़ाह

    हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में आधी रात को एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। इस दौरान एक कार हादसे का शिकार हो गई जिससे दो युवकों की मौत हो गई है। इसके अलावा हादसे में एक युवक घायल हुआ है जिसका उपचार नाहन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है तथा पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया है। आज शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

    हादसा देर रात सिरमौर जिला के संगड़ाह उपमंडल के तहत अरट गांव के पास पेश आया है। यहाँ कार (एचपी03डी-3060) सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी में सवार अरट गांव निवासी कृष्ण शर्मा (23) और पंकज (22) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि हादसे में संगड़ाह का राघव (14) बुरी तरह जख्मी हुआ जिसे संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया गया।

    यहां से चिकित्सकों ने राघव को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। बता दें कि कृष्ण शर्मा बीडीसी अध्यक्ष मेलाराम शर्मा का भतीजा था। संगड़ाह के डीएसपी मुकेश कुमार ने कहा कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

  • सड़क हादसे में घायल हुए तीसरे व्यक्ति ने भी गवाई जान, क्षेत्र में शोक की लहर

    सड़क हादसे में घायल हुए तीसरे व्यक्ति ने भी गवाई जान, क्षेत्र में शोक की लहर

    HNN/ संगड़ाह

    श्रीरेणुकाजी के संगड़ाह उपमंडल के तहत शनिवार रात पिकअप दुर्घटनाग्रस्त में घायल हुए एक अन्य व्यक्ति ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। इस हादसे में पहले ही 2 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। बता दें कि कांडों गांव के निवासी दुर्गाराम, सत्य प्रकाश, रविंद्र सिंह और जयप्रकाश मारुति कार संख्या (HP12ई 7770) में सवार होकर रेणुका जी से संगड़ाह की ओर जा रहे थे।

    कार को रविंद्र चला रहा था। जैसे ही कार खड़कोली के पास पहुंची तो अचानक चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में लुढ़क गई। इस दुर्घटना में 34 वर्षीय दुर्गाराम तथा 48 वर्षीय सत्य प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जयप्रकाश और रविंदर गंभीर रूप से हुए जिन्हें स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया है। जय प्रकाश को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था जहाँ उसने बीते कल दम तोड़ दिया।

  • संगड़ाह में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, गाड़ी से पकड़ा शराब का जखीरा

    संगड़ाह में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, गाड़ी से पकड़ा शराब का जखीरा

    HNN / संगड़ाह

    जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए नाके के दौरान एक गाड़ी से शराब का जखीरा बरामद किया है। आरोपी की पहचान महिपाल पुत्र सुंदर सिंह निवासी नोहराधार के रूप में हुई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम ने नौहराधार-राजगढ़ रोड पर सोतणी के समीप नाका लगाया हुआ था। इस दौरान एचपी 71 3870 गाड़ी राजगढ़ से नौहराधार की ओर आ रही थी। पुलिस ने जब गाड़ी की चेकिंग की तो उसमें से एक पेटी रम और 4 पेटी देसी संतरा बरामद हुई जो कि बाहरी राज्य की थी।

    पुलिस ने तुरंत कार्यवाही करते हुए शराब के जखीरे को कब्जे में लिया और चालक के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुकेश कुमार ने की है।

  • दुनिया को अलविदा कह गई 17 वर्षीय आरुषि, पिछले डेढ़ महीने से…

    दुनिया को अलविदा कह गई 17 वर्षीय आरुषि, पिछले डेढ़ महीने से…

    HNN / संगड़ाह

    जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के तहत आते क्षेत्र लानाचेता में किडनी की बीमारी से जूझ रही आरुषि का बीते कल देहांत हो गया है। आरुषि की मौत से जहां परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है तो वहीं क्षेत्र में भी मातम का माहौल है। बता दें कि 17 वर्षीय आरुषि गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल लाना चेता में जमा दो की छात्रा थी।

    उसे करीब डेढ़ महीने पहले अचानक पांव में सूजन आई। बेटी के पांव में सूजन बढ़ती देख परिजन घबरा गए और उसे सुजानपुर अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने जब बच्ची का उपचार किया तो पता चला कि उसे किडनी की समस्या है। इसके बाद डॉक्टरों ने परिजनों को आईजीएमसी शिमला में इलाज करवाने को कहा।

    पिछले डेढ़ महीने से आरुषि का इलाज शिमला में चल रहा था। लेकिन बीते कल अचानक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बता दें कि आरुषि काफी मिलनसार स्वभाव की थी।

  • बाइक हादसे में घायल 19 वर्षीय युवक ने पीजीआई में तोड़ा दम

    बाइक हादसे में घायल 19 वर्षीय युवक ने पीजीआई में तोड़ा दम

    HNN / संगड़ाह

    जिला सिरमौर में मंगलवार को सैंज घाटी में हुए बाइक हादसे में घायल युवक ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मृतक युवक की उम्र महज 19 साल थी। बेटे की मौत से जहां घर में सन्नाटा पसर गया है, तो वही गांव छछेती में भी मातम का माहौल है।

    दरअसल, युवक मंगलवार को बाइक पर सवार होकर जैसे ही सैज घाटी गांव के समीप पहुंचा अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। यहां युवक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ते-लड़ते जिंदगी से जंग हार गया।

  • संगड़ाह/ अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बाइक, लुधियाना और ददाहू के…

    संगड़ाह/ अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बाइक, लुधियाना और ददाहू के…

    HNN / संगड़ाह

    जिला सिरमौर के उपमंडल संगडाह के तहत आती सैज घाटी में एक बाइक गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नाहन रेफर किया गया है। घायल युवक लुधियाना और ददाहू क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दरअसल, घटना मंगलवार देर शाम पेश आई।

    बाइक सवार दोनों युवक सैंज घाटी की ओर घूमने गए थे। वहां से लौटते वक्त अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। जब आसपास लोगों ने बाइक को गहरी खाई में गिरता हुआ देखा, तो उन्होंने तुरंत दोनों युवको को खाई से बाहर निकाला और संगड़ाह अस्पताल ले आए।

    यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे की पुष्टि करते हुए एएसआई कंवर सिंह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों युवकों का नाहन अस्पताल में उपचार जारी है।

  • अंडर-19 छात्रा वर्ग में संगड़ाह जोन ने जीती जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता

    अंडर-19 छात्रा वर्ग में संगड़ाह जोन ने जीती जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता

    HNN / संगड़ाह

    दो दिवसीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में नृत्य स्पर्धा संगड़ाह जोन के नाम रही। इसमें नाहन जोन ने दूसरा स्थान हासिल किया। बता दे कि यह प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुधियाना में आयोजित की गई थी। वही, भाषण प्रतियोगिता में राजगढ़ जोन की यामिनी प्रथम, पांवटा जोन की मुस्कान द्वितीय तथा सतौन जोन की भारती तीसरे स्थान पर रही।

    सुगम संगीत मुकाबले में नाहन की सिमरन, पांवटा की वंशिका और राजगढ़ जोन की तमन्ना क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। शास्त्रीय संगीत मुकाबले में पांवटा जोन की वंशिका, संगड़ाह जोन की ममता और सराहां जोन की किरण ने तीसरा स्थान हासिल किया। समूहगान में पांवटा जोन प्रथम, नाहन जोन द्वितीय, वाद्य वादन प्रतियोगिता में संगड़ाह जोन पहले और नाहन जोन दूसरे स्थान पर रहा।

  • अब चूड़धार यात्रा पर नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने लगाई रोक

    अब चूड़धार यात्रा पर नहीं जा सकेंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने लगाई रोक

    HNN/ संगड़ाह

    सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की यात्रा करने के लिए अब श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार करना होगा। इसकी बड़ी वजह है कि खराब मौसम और चूड़धार चोटी पर बीते दिनों हुई बर्फबारी के कारण यहां कड़ाके की ठंड पड़ गई है और तापमान लगातार लुढ़कता ही जा रहा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के दृष्टिगत चूड़धार यात्रा पर रोक लगा दी गई है।

    अब श्रद्धालुओं को प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पर शिरगुल महाराज के दर्शन नहीं होंगे। बता दें, चूड़धार चोटी पर बर्फबारी के कारण चूड़ेश्वर सेवा समिति का सारा स्टाफ और कारोबारी अपने घरों को लौट जाते हैं। यहां न ठहरने की व्यवस्था होती है और न ही खाने-पीने की। साथ ही मंदिर के कपाट भी बंद कर कर दिए जाते है।

    11,965 फीट की ऊंचाई पर स्थित सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में 14 नवंबर को 15 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज हुई थी। उधर, प्रशासन ने पर्यटकों से आग्रह करते हुए कहा कि वह चूड़धार की ओर रुख ना करें। खराब मौसम और बर्फबारी के कारण अपनी जान को खतरे में ना डालें।

  • नौहराधार में व्यक्ति को मौत के घाट उतारने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

    नौहराधार में व्यक्ति को मौत के घाट उतारने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे

    पूछताछ में आरोपी ने क़बूल किया गुनाह, किये यह बड़े खुलासे…

    HNN / संगड़ाह

    जिला सिरमौर के नौहराधार में तीन दिन पहले हुए ब्लाइंड मर्डर केस को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय कश्मीर सिंह पुत्र इंदर सिंह गांव चाढ़ना के रूप में हुई है। पुलिस ने जब आरोपी से कड़ी पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल किया और बताया कि पैसों के लेन-देन व पुरानी रंजिश के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया था।

    दरअसल, रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि नेपाली मूल का व्यक्ति जिसका नाम भीम बहादुर है, वह सुबह से अपने कमरे से बाहर नहीं आया है। बाहर से बार-बार आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आ रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और अंदर देखा तो व्यक्ति मृत अवस्था में बेड के नीचे पड़ा हुआ था। इतना ही नहीं व्यक्ति के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए।

    जिसके चलते पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरु कर दी। इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस ने एसआईटी का गठन किया। एसआईटी की टीम इस मामले की गहनता से जांच में जुट गई और उन्होंने सबसे पहले मृतक की कॉल डिटेल खंगाली। इसी के आधार पर पुलिस के हाथ सबूत लग गया और उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि जिस रात हत्या हुई, उस दिन आरोपी मृतक के घर शराब लेने गया था।

  • नौहराधार में नेपाली मूल के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान

    नौहराधार में नेपाली मूल के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान

    HNN / संगड़ाह 

    जिला सिरमौर के नौहराधार में एक नेपाली मूल के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की उम्र लगभग 60-65 वर्ष के बीच बताई जा रही है जिसका नाम भीम बहादुर है, जो नेपाली मूल का है। व्यक्ति पिछले 15-20 दिन से अमर सिंह नेगी के पुराने छप्पर वाले मकान में रह रहा था। व्यक्ति की मौत कैसे हुई अभी पता नहीं चल पाया है पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच पड़ताल कर ही है।

    जानकारी के अनुसार वीरेंद्र कुमार पुत्र सुंदर सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि नेपाली मूल का व्यक्ति जिसका नाम भीम बहादुर है वह अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। बाहर से बार-बार आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गांव वालों की मदद से दरवाजे को खोला। इस दौरान पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो भीम बहादुर डबल बेड से नीचे मृत अवस्था में गिरा हुआ था।

    पुलिस ने जब उसके शव को कब्जे में लिया तो देखा उसके सिर-माथे व बाजू पर चोट के निशान थे और पेट व छाती पर नील के निशान बने हुए थे। यह हत्या है या कुछ और पुलिस के सामने यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।