Category: HARIPURDHAR

  • सिरमौर: एचआरटीसी की चलती बस में चालक और परिचालक से मारपीट 

    सिरमौर: एचआरटीसी की चलती बस में चालक और परिचालक से मारपीट 

    परिचालक का बैग छीनकर 23 हजार रुपये की नकदी उड़ाने के आरोप

    HNN/हरिपुरधार

    एचआरटीसी के नाहन-बढ़ोल रूट पर चलने वाली बस के चालक व परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट के दौरान परिचालक से उसका बैग भी छीन लिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम एचआरटीसी की एक बस नाहन से बढ़ोल जा रही थी।

    हरिपुरधार से बढ़ोल की तरफ जाते वक्त चलती बस में बियोंग के समीप वीरेंद्र नाम के व्यक्ति की चालक के साथ बहसबाजी शुरू हो गई। आरोप है कि उक्त शख्स ने चालक पर हमला बोल दिया। संतुलन बिगड़ने से बस के बीच का हिस्सा ढांक से जा टकराया। इससे बस के दो शीशे टूट गए।

    परिचालक जब बचाव करने के लिए आगे बढ़ा तो उस पर भी हमला बोल दिया। परिचालक ने पुलिस को बताया कि वीरेंद्र ने उसका बैग भी छीन लिया। बैग से 23 हजार की राशि गायब हुई है। इस घटना के बाद चालक बस लेकर वापस हरिपुरधार पहुंचा। उधर, एसएचओ संगड़ाह बृजलाल मेहता ने मामले की पुष्टि की है। परिचालक की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

  • मां भंगायणी मंदिर में कल जुटेंगे भाट-ब्राह्मण, तैयार होगी ये रणनीति….

    मां भंगायणी मंदिर में कल जुटेंगे भाट-ब्राह्मण, तैयार होगी ये रणनीति….

    HNN/ नाहन

    सिरमौर जिला के हरिपुरधार स्थित मां भंगायणी मंदिर परिसर में रविवार (11 जुलाई) को हरिपुरधार उपतहसील के अंतर्गत आने वाले गांवों के भाट-ब्राह्मणों की एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें महल क्षेत्र के सैकड़ों भाट्ट-ब्राह्मण भाग लेंगे।

    संगड़ाह विकास खंड की भाट-ब्राह्मण समिति के अध्यक्ष हरिंदर शर्मा और हाटी समिति के फाउंडर मेंबर एवं भाट ब्राह्मण कल्याण समिति के मुख्य सलाहकार मेलाराम शर्मा ने बताया कि सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र की अन्य तहसीलों की तर्ज पर हरिपुरधार उपतहसील के भाट-ब्राह्मणों की इकाई का गठन किया जाएगा और क्षेत्र में भाट-ब्राह्मण समुदाय को अनुसूचित जनजाति का लाभ दिलाने के लिए आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि गिरिपार क्षेत्र की पंजीकृत भाट ब्राह्मण कल्याण समिति ने पहले ही हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में हाटी समुदाय के पक्ष में स्वयं को अनुसूचित जनजाति वर्ग में शामिल करने के लिए याचिका दायर कर दी है, जिसकी सुनवाई 20 अगस्त को होनी है।

    उन्होंने कहा कि जिन लोगों द्वारा भाट-ब्राह्मणों को आरक्षण और अनुसूचित जनजाति वर्ग के लाभ के बारे में गुमराह किया जा रहा है, उन्हें भी इस बैठक में सारी स्थिति स्पष्ट करके जागरूक किया जाएगा। ताकि भ्रमित करने वाली ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सके। अध्यक्ष हरिंदर शर्मा ने महल क्षेत्र के अधिक से अधिक गांवों से भाट ब्राह्मणों को इस बैठक में भाग लेने का आग्रह किया।

  • हरिपुरधार में दर्दनाक सड़क हादसा: 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत

    हरिपुरधार में दर्दनाक सड़क हादसा: 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत

    HNN/ हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार में हुए सड़क हादसे में 35 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कमल ठाकुर पुत्र कुंभिया राम निवासी खड़ाह के तौर पर हुई है। हादसा बीती रात हरिपुरधार से करीब एक किलोमीटर पीछे नाहन सड़क पर मटयानी के पास हुआ।

    जानकारी के अनुसार, कमल ठाकुर हरिपुरधार में किराने की दुकान चलाता था। बीती रात वह गाड़ी नंबर एचपी 71-9488 लेकर घर की तरफ निकल रहा था कि वाहन अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। गाड़ी में वह अकेला ही था। हादसे की खबर मिलते ही लोगों ने घटना की पुलिस को सूचना दी।

    पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी मुकेश डडवाल ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हादसे की छानबीन में जुटी है। एसडीएम सुनील कायथ ने बताया कि मृतक के परिजनों को फौरी राहत राशि के तौर पर 10000 रूपये दिए गए है।

  • ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम बरसे मेघ, मैदानी क्षेत्रों में हीटवेव का प्रकोप

    ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम बरसे मेघ, मैदानी क्षेत्रों में हीटवेव का प्रकोप

    HNN/हरिपुरधार

    हिमाचल प्रदेश में हीटवेव (लू) के अलर्ट के बीच जिला सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार दोपहर बाद ढाई बजे के करीब इंद्रदेव मेहरबान हुए। इस दौरान आधे घंटे बारिश हुई, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। हरिपुरधार क्षेत्र के साथ साथ नौहराधार के कुछ हिस्सों में भी ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई।

    बता दें कि सिरमौर के मैदानी इलाकों में हीटवेव का प्रकोप जारी है। पिछले तीन चार दिनों से सिरमौर के निचले क्षेत्र प्रचंड गर्मी की तपिश झेल रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब और कालाअंब में तापमान 43 डिग्री के पार हो चुका है। वहीं जिला मुख्यालय नाहन में भी तापमान 39 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

    प्रचंड गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी सावधानी और एहतियात बरतने की अपील की है। सोमवार को काफी कम लोग बाजार में नजर आए। कई लोग बढ़ती गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए घरों में दुबके रहे। प्रचंड गर्मी के बीच शीत पेय पदार्थों की खपत बढ़ गई है।

    कई लोग गन्ने का जूस पीकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं तो कई आईसक्रीम और शरीर को ठंडक पहुंचाने वाले अन्य पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। बहरहाल, जिले के हरिपुरधार समेत अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार को एकाएक मौसम में आए बदलाव ने सबको चौंका दिया। इससे क्षेत्र के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन जिले के निचले इलाके बारिश के लिए तरस रहे हैं।

  • संक्रांति के अवसर पर हरिपुरधार मंदिर में भंडारे का आयोजन

    संक्रांति के अवसर पर हरिपुरधार मंदिर में भंडारे का आयोजन

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हरिपुरधार के मां भंगायानी देवी मंदिर में संक्रांति के अवसर पर भंडारे का आयोजन किया गया।

    इस भंडारे का आयोजन पच्छाद उपमंडल की ग्राम पंचायत सराहां के टिक्कर निवासी रणजीत सिंह तथा उनके बेटों रमन ठाकुर और कमल ठाकुर द्वारा किया गया था।

    संक्रांति के अवसर पर हरिपुरधार मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालूओ ने पहुंच कर भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

  • हरिपुरधार स्कूल की समीक्षा ठाकुर ने 10वीं में 675 अंक लेकर हासिल किया प्रथम स्थान

    हरिपुरधार स्कूल की समीक्षा ठाकुर ने 10वीं में 675 अंक लेकर हासिल किया प्रथम स्थान

    HNN/हरिपुरधार

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुरधार में छात्राओं ने 10 वीं कक्षा के परिणाम में बाजी मारी है। हरिपुरधार स्कूल में गेहल गावँ की समीक्षा ठाकुर ने 700 में से 675 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

    समीक्षा ठाकुर के पिता गोपाल ठाकुर किसान है जबकि माता सुनील देवी आशा वर्कर के रूप में कार्यरत है। समीक्षा ठाकुर ने अपनी सफलता का सारा श्रेय स्कुल के अध्यापकों, माता-पिता व परिवारजनों को दिया हे।

    बता दें हरिपुरधार स्कूल में पहली बार किसी विद्यार्थी ने इतने अंक प्राप्त किए। समीक्षा ने 96.43 फीसदी अंक प्राप्त कर हरिपुरधार स्कुल का नाम रोशन किया है।

  • आपदा में भाजपा नेताओं ने रुकवाई केंद्र से मिलने वाली आर्थिक मदद- मुख्यमंत्री

    आपदा में भाजपा नेताओं ने रुकवाई केंद्र से मिलने वाली आर्थिक मदद- मुख्यमंत्री

    सीएम सुक्खू ने हरिपुरधार में चुनावी जनसभा को किया संबोधित

    HNN/हरिपुरधार

    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आपदा के समय केंद्र सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद भाजपा नेताओं ने रुकवाई। हिमाचल विरोधी भाजपा नहीं चाहती थी कि कांग्रेस सरकार प्रभावित परिवारों को फिर से बसा सके। लेकिन प्रदेश सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का पैकेज देकर 22000 परिवारों को फिर से बसाया।

    मुख्यमंत्री ने सिरमौर जिला के हरिपुरधार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। वह यहां लोकसभा उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में मतदान की अपील करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद सुरेश कश्यप ने आपदा प्रभावितों के जख्मों पर मरहम नहीं लगाया। वह सिरमौर के रेणुका विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों का दुख दर्द जानने नहीं पहुंचे।

    उन्होंने न तो संसद में हिमाचल की आवाज उठाई न ही विशेष राहत पैकेज देने के लिए प्रधानमंत्री व गृह मंत्री को कोई चिट्ठी लिखी। हमें केंद्र से आपदा से निपटने के लिए एक पैसे की मदद नहीं मिली। मुख्यमंत्री के नाते मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह व अन्य केंद्रीय नेताओं से मिला। गुजरात के भुज व उत्तराखंड की तर्ज पर हमने विशेष राहत पैकेज मांगा, लेकिन उन्होंने एक न सुनी।

    अब भाजपा नेता चुनाव में राजनीतिक रोटियां सेंकने आ गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जनता के हाथ में सीधा पैसा नहीं पहुंच रहा था। सत्ता दोबारा पाने के लिए भाजपा ने बिना बजट की अंधाधुंध घोषणाएं की। सरकारी पैसे का दुरुपयोग हुआ। कांग्रेस सरकार ने भाजपा के भ्रष्टाचार के चोट दरवाजों को बंद कर एक साल में 2200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया। मैंने जनता का पैसा लुटने से बचाया जिससे कई नेता व अफसर नाराज हुए।

    उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छह विधायक बिकने के बाद एक महीना हिमाचल ही नहीं आये। उनकी पैसों की किस्तें पेंडिंग थीं, उनके लिए भाजपा नेताओं के साथ हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली घूम रहे थे। अयोग्य घोषित होने पर उन्हें सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हिमाचल प्रदेश की जनता के स्वाभिमान की लड़ाई है।

    प्रदेश की जनता कांग्रेस व शिमला संसदीय क्षेत्र के मतदाता विनोद सुल्तानपुरी को वोट देकर जिताएं, जिससे केंद्र सरकार व देश में यह संदेश जाए कि हिमाचल में धनबल की राजनीति नहीं चलने वाली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विनोद के ससुराल रेणुका विधानसभा क्षेत्र में हैं, इसलिए जमाई को पूरा समर्थन दें।

    इस दौरान विधानसभा के डिप्टी स्पीकर विनय कुमार, कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी, विधायक अजय सोलंकी, दयाल प्यारी, तपिन्द्र चौहान, यशपाल चौहान, तेजिंदर कमल, मित्तर सिंह तोमर, बृज राज ठाकुर, दलीप चौहान, ओपी ठाकुर, प्रदीप सूर्या, अनिल शर्मा व अजय भारद्वाज इत्यादि मौजूद रहे।

  • 4 माह 12 दिन बाद शुरू हुई पावन चूड़धार यात्रा, वीकेंड पर भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

    4 माह 12 दिन बाद शुरू हुई पावन चूड़धार यात्रा, वीकेंड पर भारी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

    आस्था के आगे चोटी के बर्फीले रास्ते भी नहीं रोक पाए श्रद्धालुओं के कदम, दो से तीन फीट जमी है बर्फ

    HNN/हरिपुरधार

    ठीक 4 महीने 12 दिन बाद शनिवार को चूड़धार यात्रा शुरू हो गई है। चैत्र सक्रांति और बैशाखी के पावन पर्व पर चूड़धार स्थित भगवान शिरगुल के दर्शनों के लिए पहले ही दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु चोटी पर पहुंचे। जहां श्रद्धालु चोटी पर बनी भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा के आगे नतमस्तक हुए तो शिरगुल महाराज के मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।

    यात्रा शुरू होते ही विभिन्न रास्तों से श्रद्धालु चोटी पर पहुंचे। अभी चूड़धार के रास्तों पर दो से तीन फीट बर्फ जमी है, लेकिन आस्था के आगे बर्फीले रास्ते भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पाए। वीकेंड होने के कारण भी श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई। अधिकतर श्रद्धालु नौहराधार के रास्ते से चोटी पर पहुंचे। ये रास्ता एकतरफा 15 किलोमीटर है। जहां से चोटी पर पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को 6-7 घंटे का वक्त लग जाता है।

    बता दें कि प्रशासन ने 30 नवंबर 2023 को यात्रा पर रोक लगा दी थी। हालांकि, इसके बाद भी कई श्रद्धालुओं का जाना लगा रहा। अब प्रशासन ने यात्रा को हरी झंडी दे दी है। इस वर्ष हालांकि चूड़धार में काफी कम बर्फबारी हुई है, मगर नौहराधार से चूड़धार जाने वाले रास्ते में तीसरी नामक स्थान से लेकर चूड़धार तक कई स्थानों पर अभी भी दो से तीन फीट बर्फ जमी हुई है।

    यात्रा शुरू होते ही शनिवार को चूड़धार में चार माह से बंद दुकानें व ढाबे भी खुल गए हैं। चूड़ेश्वर सेवा समिति की सराय करीब एक महीने बाद खुलेगी। इसलिए यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था मंदिर प्रशासन की ओर से मंदिर की सराय में की गई है। चूड़ेश्वर सेवा समिति की लंगर सेवा अगले महीने की 14 तारीख से शुरू हो सकती है। तब तक यात्रियों को खाने-पीने की व्यवस्था फिलहाल ढाबों में ही करनी होगी।

    उधर, एसडीएम चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि चूड़धार के सभी रास्तों में अभी भारी बर्फ जमी है इसलिए यात्रा जोखिमपूर्ण है यात्री संभलकर यात्रा करें।

  • हरिपुरधार में 3 से 5 मई तक धूमधाम से मनाया जाएगा मां भंगायनी मेला

    हरिपुरधार में 3 से 5 मई तक धूमधाम से मनाया जाएगा मां भंगायनी मेला

    HNN/ हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार में मेला आयोजन समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में हरिपुरधार में मां भंगायनी मेला 3 से 5 मई तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस धार्मिक मेले में राजनीति से ऊपर उठकर जिले के सभी दलों के राजनेताओं को भी आमंत्रण भेजा जाएगा।

    मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जिला पुलिस प्रशासन, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, खंड विकास अधिकारी और स्थानीय प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा।

    बैठक में निर्णय लिया गया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक नाहन से हरिपुरधार से विभिन्न क्षेत्रों को जाने वाली सड़कों पर स्पेशल बसें लगाने का आग्रह भी किया जाएगा ताकि मेले में भाग लेने वाले हजारों लोगों को परिवहन सुविधा प्राप्त हो सके।

    मेला कमेटी के महासचिव बलबीर ठाकुर ने बताया कि मेला मैदान में दुकानदारों को स्टॉल 30 अप्रैल से आवंटित किए जाएंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया की मेले के उद्घाटन और मां भंगायनी की छड़ी यात्रा शुरू करने के लिए सिरमौर के उपायुक्त सुमित खिमटा को आमंत्रित किया जाएगा, जबकि मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को निमंत्रण भेजा जाएगा।

    इस मेले के दौरान गत वर्षो की भांति प्रदेश के जाने-माने लोक कलाकारों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा और साथ में वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएगी। खेल प्रतियोगिताओं में हिमाचल के अतिरिक्त पड़ोसी राज्यों से भी खिलाड़ियों को आमंत्रित किया जाएगा।

  • हरिपुरधार में 22.43 ग्राम चरस सहित व्यक्ति गिरफ्तार

    हरिपुरधार में 22.43 ग्राम चरस सहित व्यक्ति गिरफ्तार

    HNN/ हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले हरिपुरधार में पुलिस की टीम ने चरस सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सुरेश कुमार निवासी गांव पंजाह, कोरग, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रुप में हुई है।

    जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम हरिपुरधार बाजार से करीब 200 मीटर आगे रोनहाट रोड़ पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सुरेश कुमार को जांच के लिए रुकवाया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया। जब शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 22.43 ग्राम चरस बरामद हुई।

    लिहाजा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज़ कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने मामले की पुष्टि की है।