Category: HARIPURDHAR

  • चूड़धार यात्रा पर गई महिला की तबियत बिगड़ी, स्ट्रेचर पर 7 किमी पैदल पहुंचाया गया अस्पताल

    चूड़धार यात्रा पर गई महिला की तबियत बिगड़ी, स्ट्रेचर पर 7 किमी पैदल पहुंचाया गया अस्पताल

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार की यात्रा पर गई एक महिला की अचानक तबियत बिगड़ गई, जिसे तुरंत स्ट्रेचर पर 7 किलोमीटर पैदल उठाकर सराहां के साथ लगते मड़ाहलानी में सड़क तक पहुंचाया गया। जहां से उसे आईजीएमसी शिमला ले जाया गया है।दरअसल, 3 अक्तूबर को नीलम शर्मा पत्नी अजय शर्मा (38) निवासी गांव व डाकघर जमटा, तहसील नाहन जिला सिरमौर अपनी दो बहनों के साथ चूडधार यात्रा पर निकली थी।बताया जा रहा है कि नीलम शर्मा पहले से कुछ बीमार थीं।

    अचानक उनके मन में भी चूडधार जाने की इच्छा जगी। वह चूड़धार पहुंचीं और 4 अक्टूबर की सुबह शिरगुल महाराज के दर्शन भी किए।इसके बाद नीलम शर्मा की तबियत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अचानक घबराहट हुई।उल्टियां लगीं और रक्तचाप निम्न हो गई।इसके बाद चूडधार में तैनात पुलिस जवान अखिल कुमार ने चूड़धार सेवा समिति के कर्मचारियों को सूचना दी।लिहाजा, रोशनलाल शर्मा, सोहन सिंह ठाकुर व पंकज आदि ने नीलम को स्ट्रेचर और एक सीढ़ी की सहायता से 7 किमी उठाकर पीड़ित को सराहां के मड़ाह लानी तक पहुंचाया।जहां से उन्हें आगामी उपचार के लिए सीधे IGMC शिमला ले जाया गया।

    उधर, चूड़ेश्वर सेवा समिति के अध्यक्ष बाबूराम शर्मा ने बताया कि महिला की अचानक तबियत बिगड़ गई थी, जिसे सेवा समिति के कर्मचारियों ने उठाकर पैदल ही सड़क तक पहुंचाया।महिला को आईजीएमसी शिमला ले जाया गया है।उन्होंने बताया कि सेवा समिति के कर्मचारी अपनी ड्यूटी के साथ साथ ऐसे समय में हमेशा श्रद्धालुओं की मदद करते आ रहे हैं।

    उन्होंने बताया कि चूड़धार की यात्रा के लिए अब मेडिकल फिटनेस के साथ साथ नौहराधार पुलिस चौकी में पंजीकरण और वेरिफिकेशन कराना जरूरी है।इससे पहले 10 मई को भारतीय मूल की अमेरिकी महिला की भी तबियत बिगड़ गई थी, जिसे प्रशासन ने हेलीकाप्टर की मदद से रेस्क्यू किया था।इसके बाद मेडिकल फिटनेस और पंजीकरण कराना जरूरी कर दिया गया है।उन्होंने चूड़धार आने वाले सभी तीर्थ यात्रियों से आह्वान किया कि वे प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें।

  • हरिपुरधार में तेंदुओं का सामना : स्थानीय निवासी ने किया वीडियो वायरल

    हरिपुरधार में तेंदुओं का सामना : स्थानीय निवासी ने किया वीडियो वायरल

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार इलाके में सड़क पर एक साथ 3 तेंदुए कैमरे में कैद हुए हैं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह घटना डाहर गांव के समीप सामने आई है।


    जानकारी के अनुसार मोहन छींटा अपनी गाड़ी में शिमला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान डाहर गांव के समीप उन्हें सड़क किनारे एक साथ तीन तेंदुए दिखे। मोहन के मित्र एवं स्थानीय निवासी मदन सूर्यवंशी ने बताया कि आज सुबह करीब 4:30 बजे डाहर गांव के समीप (मुनिम की दुकान के पास) 3 तेंदुए देखे गए।


    उन्होंने बताया कि यह घटना शिमला जाते समय देखने को मिली, जिन्हें उनके मित्र मोहन ने कैमरे में कैद कर लिया। सूर्यवंशी ने सभी गांववासियों से अपील की कि रात के समय विशेष सतर्कता बरतें. खासकर नौजवान साथी जो आर्मी की तैयारी के लिए सुबह दौड़ते हैं। उन्होंने वन विभाग से भी आग्रह किया है कि इस मामले का संज्ञान लें, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।

  • भालू के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

    भालू के हमले में 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के 70 वर्षीय एक बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।गंभीर हालत में बुजुर्ग को सीएचसी नौहराधार लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजगढ़ रेफर किया गया।जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह 8ः00 बजे के आसपास की है।

    कनिया राम पुत्र भोलर निवासी घंडूरी गांव साथ लगते जंगल में पशुओं के लिए चारा लेने गया था। जैसे ही वह चारा लेकर जंगल से निकलने लगे तो अचानक ही पीछे से उनपर भालू ने हमला बोल दिया।भालू ने उनके मुंह पर वार किया, जिससे वह घायल हो गए।घायल होने के बावजूद भी कनिया राम ने हिम्मत नहीं हारी।उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए भालू पर दराट से पलटवार किया।लिहाजा, भालू भी मौके से भाग खड़ा हुआ।

    इस घटना में कानिया राम की जान तो बच गई, लेकिन उनके मुंह के आसपास गंभीर चोटें आईं।उनके कपड़े भी बुरी तरह फट गए। घायलावस्था में ही बुजुर्ग मुश्किल से सड़क तक पहुंचा।इसके बाद ग्रामीणों ने घायल को 108 एंबुलेंस से तुरंत नौहराधार अस्पताल पहुंचाया।उधर, बीट गार्ड चाढ़ना श्याम लाल ने बताया कि घायल को नियमानुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी। घंडूरी वृत्त के पटवारी बिक्रम सिंह ने बताया कि हमले में घायल व्यक्ति की रिपोर्ट उच्चाधिकारीयों को भेज दी है।

  • चूड़धार में शांत महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर

    चूड़धार में शांत महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार स्थित शिरगुल महाराज के मंदिर में 11 अक्टूबर को धार्मिक अनुष्ठान यानी शांत महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा।करीब 50 साल बाद चूड़धार चोटी पर इस तरह का बड़ा धार्मिक आयोजन हो रहा है।यहां 11:00 बजे से लेकर 1:00 बजे के बीच कुरुड़ स्थापित होगा।क्षेत्र से शिरगुल महाराज की 12 पालकियां चूड़धार पहुंचेंगी।इस अनुष्ठान में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।चूड़धार मंदिर के जीर्णोंद्धार का कार्य पिछले 20-22 वर्षों से किया जा रहा है।मंदिर का निर्माण कार्य अब पूरा हो चुका है।मंदिर में लकड़ी की अद्भुत नक्काशी की गई है।

    शांत महायज्ञ का आयोजन चूड़ेश्वर सेवा समिति के अलावा कुपवी, नेरवा, हामल व चौपाल परगने की दर्जनों पंचायतों के लोगों की ओर से करवाया जा रहा है।इन दिनों अनुष्ठान की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। चूड़धार में शिरगुल मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है. मंदिर को सजाने के लिए पांच क्विंटल फूल मंगवाए गए हैं।सजावटी फूलों पर करीब एक लाख 25 हजार की राशि खर्च की जा रही है।अनुष्ठान के लिए बनने वाले भोजन के लिए बर्तनों की व्यवस्था चूड़ेश्वर समिति की ओर से की जा रही है।

    समिति ने बर्तनों की खरीदारी कर ली है।हालांकि, समिति के पास चूड़धार में हजारों कंबलों की व्यवस्था है, मगर अनुष्ठान में श्रद्धालुओं को ठहरने में दिक्कत न हो, इसलिए आयोजन के लिए समिति लगभग 1,000 नए कंबलों की खरीदारी कर रही है।समिति कंबलों की खरीदारी पर लगभग 5 से 6 लाख तक खर्च कर रही है।शांत महायज्ञ के दौरान कार सेवकों के लिए लगभग ढाई हजार से अधिक पर्ने बनाए जा रहे हैं, जिसका अनुमानित खर्च लगभग 75,000 है।केंद्रीय समिति की ओर से सभी वॉलंटियर्स और कार सेवकों के लिए पहचान पत्र भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

    चूड़धार में यह धार्मिक अनुष्ठान करीब 50 वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा है।अनुष्ठान में शिमला, सोलन व सिरमौर जिले के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से करीब 30 हजार से अधिक श्रद्धालु शिरकत कर सकते हैं. यदि मौसम साफ रहा तो आंकड़ा 40 हजार भी पार कर सकता है।चूड़धार में धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां इन दिनों जोरों शोरों से चल रही हैं।

  • हरिपुरधार भलाड भलोना में एनएसएस शिविर का शुभारंभ

    सात दिवसीय शिविर में ग्राम प्रधान किरण बाला ने बढ़ाया कैडेट्स का उत्साह

    HNN/हरिपुरधार
    
    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलाड भलोना मेंNSS राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रधान भलोना  किरण बाला  ने किया। इस अवसर पर पाठशाला के एसएमसी अध्यक्ष  कुशल सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
    इस शिविर में इस वर्ष 25 एनएसएस स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर के दौरान स्वयंसेवक समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से संबंधित गतिविधियों में भाग लेंगे।
    ग्राम पंचायत प्रधान  किरण बाला ने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। एसएमसी अध्यक्ष  कुशल सिंह ने भी स्वयंसेवकों को अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
    
    

  • टिंकू जिंटा का हादसे में निधन, शिलाई में शोक की लहर

    टिंकू जिंटा का हादसे में निधन, शिलाई में शोक की लहर

    HNN/हरिपुरधार

    कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता और उद्योग मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के निजी मीडिया कोऑर्डिनेटर टिंकू जिंटा के दुखद निधन का समाचार मिला है। हरिपुरधार में बीती रात पैर फिसलने से वे गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

    टिंकू जिंटा हाल ही में मंत्री ठाकुर हर्षवर्धन चौहान के साथ 15 अगस्त के कार्यक्रम में हिस्सा लेने लाहौल-स्पीति के दौरे पर भी गए थे। उन्होंने मंत्री अपना बहुमूल्य योगदान दिया। पूर्व में जिला सिरमौर युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया इंचार्ज रह चुके टिंकू जिंटा गिरिपार के लाधी क्षेत्र के जरवा के रहने वाले थे।

    कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में इस घटना से गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन से पार्टी को जो क्षति हुई है, उसकी भरपाई करना मुश्किल है। भगवान से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुखद घड़ी में शक्ति दें।

  • हरिपुरधार की होनहार बेटी प्रीति बनी सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट नर्सिंग

    हरिपुरधार की होनहार बेटी प्रीति बनी सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट नर्सिंग

    HNN/हरिपुरधार

    राजगढ 29 अगस्त । सिरमौर जिले के संगड़ाह उप मंडल में हरिपुरधार के निकट थोला गांव की होनहार बेटी प्रीति ने मिलिट्री नर्सिंग की परीक्षा पास की है और भारतीय सेवा में सेकण्ड लेफ्टिनेंट नर्सिंग बनने का मार्ग प्रशस्त कर सिरमौर जिला और हिमाचल प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है । प्रीति की यह लगातार चौथी उपलब्धि है। प्रीति ने पहले कम्युनिटी हैल्थ आफिसर की परीक्षा पास की और उसके बाद स्टाफ नर्सिंग की परीक्षा पास करके शिमला के चमियाना मे आईजीएम सी के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में ज्वाइन किया।

    उसके बाद उन्होंने एम्स में नर्सिंग की परीक्षा पास करके हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर स्थित एम्स में स्टाफ नर्सिंग के पद पर ज्वाइन किया और अब उन्होंने मिलिट्री नर्सिंग की परीक्षा पास करके अपने क्षेत्र और मां-बाप का नाम रोशन किया है प्रीति की प्रारंभिक पढ़ाई रूप तारा पब्लिक स्कूल गाताधार में हुई है और उन्होंने जमा दों की परीक्षा शिशु विद्या निकेतन नाहन से उतीर्ण की है
    उसके बाद उन्होंने सिरमौर जिला के बड़ू साहब कालेज से बीएससी नर्सिंग की परीक्षा पास की । उसके उपरांत प्रीति ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार चार उपलब्धियां हासिल करके अब भारतीय सेवा की नर्सिंग परीक्षा पास करके प्रदेश का नाम रोशन किया है


    प्रीति का एक भाई शुभम आईआईटी हमीरपुर से बीटेक की परीक्षा पास कर चुका है जबकि दूसरा भाई प्रियांशु मेडिकल कॉलेज चंबा से एमबीबीएस कर रहा है । प्रीति की माता हेमा ग्रहणी है जबकि उनके पिता लाल सिंह आयुष विभाग में आयुर्वेदिक अधिकारी के पद पर कार्यरत है । प्रीति अपने इस उपलब्धि के लिए अपने माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद मानती है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल सिरमौर और हिमाचल का नाम रोशन हुआ है अपित युवा पीढ़ी को भी प्रेरणा मिली है। यद्यपि अभी प्रीति ने यह फैसला नहीं किया है कि वह एम्स बिलासपुर में ही अपनी सेवाएं जारी रखेगी या भारतीय सेवा को जॉइन करेगी परंतु प्रीति के गांव में उनके माता-पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

  • चूड़धार में चट्टानों के बीच रास्ता भटका चंडीगढ़ का श्रद्धालु, रात डेढ़ बजे रेस्क्यू

    चूड़धार में चट्टानों के बीच रास्ता भटका चंडीगढ़ का श्रद्धालु, रात डेढ़ बजे रेस्क्यू

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में चंडीगढ़ का एक श्रद्धालु अचानक रास्ता भटक गया, जहां कई घंटों तक वह चूड़धार चोटी के ठीक नीचे बड़ी चट्टानों के बीच भटकता रहा। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ निवासी अंकुश अपने साथी सतविंदर सूद निवासी सोलन के साथ चूड़धार यात्रा पर जा रहा था।

    नौहराधार से पैदल यात्रा के दौरान तीसरी नामक स्थान पर अंकुश अपने साथी से पीछे रह गया। सतविंदर को लगा कि अंकुश उसके पीछे ही आराम से आ रहा होगा। इस बीच सतविंदर चूड़धार पहुंच गया, यहां लंबा इंतजार करने के बाद भी जब अंकुश चूड़धार नहीं पहुंचा तो वह चिंतित हो गया।

    रात करीब 9:00 बजे कड़ी मशक्कत के बाद सतविंदर का अंकुश से फोन पर संपर्क हुआ। उसने बताया कि वह रास्ता भटक चुका है और कहीं दूर जंगल में बड़ी-बड़ी चट्टानों के बीच फंस गया है। इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी दी गई, जिस पर थाना चौपाल की ओर से लापता अंकुश की मोबाइल लोकेशन चूड़धार में ड्यूटी पर तैनात आरक्षी अखिल को उपलब्ध करवाई गई।

    आरक्षी अखिल कुमार तुरंत सतविंदर के साथ अंकुश की तलाश करने के निकल पड़े। आरक्षी अखिल व सतविंदर ने कई घंटे अंकुश को तलाशने के प्रयास किए, मगर उससे संपर्क नहीं हो सका। रात को जंगल में उसे आवाजें लगाकर पुकारा, फिर भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।

    काफी समय तक तलाशने के बाद आरक्षी अखिल ने जब भोले शंकर का जयकारा लगाया तो जंगल से अंकुश के जयकारे की आवाज आई। उसकी आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंच गए। इसके बाद अंकुश को बड़ी मुश्किल से जंगल के रास्ते से रात करीब डेढ़ बजे चूड़धार पहुंचाया गया।

    इसके लिए अंकुश ने चूड़ेश्वर सेवा समिति व पुलिस के जवान का आभार जताया। उधर, चूडेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने कहा कि कोई भी यात्री खराब मौसम और देर शाम को यात्रा पर न निकले। घना जंगल होने के चलते लोग अकसर यहां रास्ता भटक जाते हैं।

  • नौहराधार में गूंजे “लोगों का पैसा लौटाना होगा, वरना रोजाना धरना होगा” के नारे

    नौहराधार में गूंजे “लोगों का पैसा लौटाना होगा, वरना रोजाना धरना होगा” के नारे

    सहकारी बैंक की नौहराधार शाखा में करोड़ों के घोटाले मामले में निकाली आक्रोश रैली

    HNN/ हरिपुरधार

    राज्य सहकारी बैंक की नौहराधार शाखा में हुए बहुचर्चित घोटाले मामले में लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। शुक्रवार को स्थानीय व्यापार मंडल, खाताधारकों व क्षेत्रवासियों समेत राजनीतिक दलों से जुड़े प्रतिनिधियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोश रैली सुबह 11:00 बजे के आसपास शुरू हुई। स्थानीय बाजार में जुटे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की।

    इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने “लोगों का पैसा लौटाना होगा, वरना रोजाना धरना होगा” जैसे कई नारे लगाकर अपना रोष जाहिर किया। खाताधारक इंद्रपाल, सुरेंद्र, इंद्र सिंह, रविंद्र आदि ने कहा कि बैंक में जमा लोगों की पूंजी की सुरक्षा का जिम्मा भी प्रबंधन का है। उन्होंने कहा कि भरोसे के साथ लोगों ने बैंक में अपनी जीवनभर की कमाई जमा की थी। बावजूद इसके बैंक ने ही उनके साथ धोखाधड़ी की है। अब उनके पास पैसा नहीं बचा है।

    इससे उनको अपने परिवार के पालन-पोषण की चिंता सता रही है। कई लोगों को अपने बच्चों की फीस भरनी है। कई लोगों ने मकान का कार्य शुरू किया है। इस कार्य के लिए ठेकेदार को लाखों रुपये की पेमेंट करनी है। लोगों की दैनिक जरूरतों समेत अन्य चीजों के लिए पैसा चाहिए। लोग बार-बार बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे है।

    लेन-देन न होने से लोग परेशान हैं। सरकार को चाहिए कि इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई अमल में लाए। आक्रोश रैली के दौरान लोगों ने बैंक प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बैंक के प्रबंध निदेशक को निलंबित करने और चेयरमैन का इस्तीफा लेने की मांग भी की। इस दौरान लोगों ने बैंक अधिकारियों का घेराव भी किया।

    प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस घोटाले के मुख्य आरोपी को अभी तक पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। ऐसे में कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में जल्द से जल्द उपभोक्ताओं की जमा पूंजी लौटाने की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो रोजाना धरना प्रदर्शन किए जाएंगे।

  • को-ऑपरेटिव बैंक  घोटाला: नौहराधार में कल निकाली जाएगी आक्रोश रैली

    को-ऑपरेटिव बैंक घोटाला: नौहराधार में कल निकाली जाएगी आक्रोश रैली

    HNN/हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के नौहराधार स्थित को-ऑपरेटिव बैंक बैंक की शाखा में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी मामले की जांच के बीच शुक्रवार को आक्रोश रैली निकाली जाएगी। दरअसल, इस बहुचर्चित घोटाले के बाद खाताधारकों समेत क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।

    लोग रोजाना बैंक के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन लेन-देन न होने से खाताधारकों के सब्र का बांध टूट रहा है। नौहराधार क्षेत्र के लोगों ने घोटाले से पीड़ित खाताधारकों के पक्ष में क्षेत्रवासियों से आक्रोश रैली में जुटने के लिए समर्थन भी मांगा है, जहां बैंक प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली जाएगी।

    इस दौरान धरना प्रदर्शन में व्यापार मंडल के अलावा क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग भी शामिल होंगे। लोगों का कहना है कि ऐसी घटना किसी के साथ अन्य किसी बैंक में भी घट सकती है। लिहाजा, सुबह 11:00 बजे नौहराधार बाजार में जनहित के मुद्दे पर आक्रोश प्रदर्शन किया जाएगा।

    व्यापार मंडल का कहना है कि कई लोगों को पैसे की सख्त जरूरत है। किसी ने शादी के लिए खरीदारी करनी है। किसी को अपने बच्चों की फीस भरनी है तो कई लोगों को अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए पैसे की आवश्यकता है, लेकिन लोगों को उनकी जमा पूंजी की अदायगी नहीं हो रही है। इससे खाताधारक परेशान हैं।

    लोगों की जमा पूंजी की सुरक्षा का जिम्मा बैंक प्रबंधन का है। उधर, को-ऑपरेटिव बैंक में सामने आए करोड़ों रुपये के घोटाले की जांच के लिए बुधवार को शिमला से स्पेशल ऑडिट टीम व टेक्नीकल टीम नौहराधार पहुंची थी। वीरवार से टीम निरीक्षण कार्य में जुटी है। टीम पता लगा रही है कि गड़बड़ी का ये सिलसिला कब से शुरू हुआ और आज तक बैंक से कितनी राशि का गबन हुआ है।