हरिपुरधार में 22.43 ग्राम चरस सहित व्यक्ति गिरफ्तार
HNN/ हरिपुरधार
जिला सिरमौर के पुलिस थाना संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले हरिपुरधार में पुलिस की टीम ने चरस सहित एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय सुरेश कुमार निवासी गांव पंजाह, कोरग, तहसील संगड़ाह, जिला सिरमौर के रुप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम हरिपुरधार बाजार से करीब 200 मीटर आगे रोनहाट रोड़ पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सुरेश कुमार को जांच के लिए रुकवाया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया। जब शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 22.43 ग्राम चरस बरामद हुई।
लिहाजा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज़ कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने मामले की पुष्टि की है।