Category: KALA AAM

  • काला अंब अवैध शराब फैक्ट्री कांड : 5 दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार, एसआईटी की पकड़ से बाहर

    काला अंब अवैध शराब फैक्ट्री कांड : 5 दिन बाद भी मुख्य आरोपी फरार, एसआईटी की पकड़ से बाहर

    नाहन

    हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के काला अंब स्थित तिलोक संस बेवरेज एंड डिस्टलरी में अवैध शराब निर्माण और लाखों शराब के लेबल बरामद होने के मामले में पांच दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

    एसआईटी की जांच जारी, मुख्य आरोपी की तलाश तेज
    4 मई की रात को राज्य कर एवं आबकारी विभाग की एनफोर्समेंट टीम ने काला अंब में छापा मारकर अवैध शराब निर्माण और लाखों शराब के लेबल बरामद किए थे।

    • रविवार 5 मई को यह मामला पुलिस विभाग को सौंपा गया।
    • मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर ने एडिशनल एसपी योगेश रोलटा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया।
    • एसआईटी ने फैक्ट्री के मैनेजर और सेल्समैन को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।

    सूचना लीक होने से जांच पर असर

    • फैक्ट्री के मैनेजर की गिरफ्तारी की खबर मीडिया में लीक होने से एसआईटी पर सवाल उठ रहे हैं।
    • एसआईटी इंचार्ज योगेश रोलटा ने कहा कि उनके द्वारा किसी भी प्रकार की सूचना साझा नहीं की गई थी।
    • उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले कोई भी जानकारी साझा नहीं की जाएगी।

    मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सवाल

    • पांच दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी का फरार होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
    • आशंका जताई जा रही है कि आरोपी मीडिया में सूचना लीक होने के बाद और भी सतर्क हो गया है।
    • एसआईटी ने कहा है कि मुख्य आरोपी की तलाश में टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    आबकारी विभाग की भूमिका पर भी सवाल

    • इस पूरे मामले में एक्साइज विभाग के अधिकारी ने खुद को पहले दिन से ही जांच में शामिल कर लिया है।
    • एक्साइज विभाग ने कुछ ही घंटों में मीडिया को ब्रीफिंग दे दी थी, जबकि पुलिस ने अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

    एसपी सिरमौर का बयान
    एसपी सिरमौर ने कहा कि जिला पुलिस मुख्यालय पूरी गंभीरता से मामले की जांच कर रहा है।

    • उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और मामले का खुलासा किया जाएगा।
  • बी फार्मेसी के छात्र की मारकंडा नदी में डूबने से मौत

    बी फार्मेसी के छात्र की मारकंडा नदी में डूबने से मौत

    हिमालयन कॉलेज में पढ़ रहाथा छात्र दोस्तों के साथ नहाने आया था नदी में

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ काला अंब

    औद्योगिक क्षेत्र काला अंब स्थित हिमालयन कॉलेज के छात्र की मारकंडे नदी में डूबने से मौत हो जाने का समाचार मिला है।

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार निवासी 22 वर्षीय युवराज अपने दोस्तों के साथ छुट्टी के दिन विक्रम बाग मारकंडे नदी में नहाने आया था। घटना करीब दोपहर बाद 3:00 बजे की बताई जा रही है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार युवराज जैसे ही नदी में बने हुए एक कुंड में नहाने के लिए उतरा तो अचानक वह गहरे पानी के एक ट्रंच में जा फंसा। युवक के साथ हाय दोस्तों ने जब तक उसे बढ़ाने की कोशिश करी तब तक युवक पानी में ही दम तोड़ चुका था।

    युवकों के द्वारा इसकी सूचना तुरंत काला आम थाना को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।

    गौरतलब हो कि मारकंडे नदी में ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए गए हैं बावजूद इसके लोग गर्मियों मे इन गहरी ब्लैक स्पॉट पॉइंटपर नहाने से बाज नहीं आते। मारकंडे नदी में पहले भी डूबने से कई घटनाएंह चुकी है।

    उधर खबर की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस कप्तान निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि युवक हिमालयन कॉलेज में बी फार्मा का छात्र था।

  • शक्तिपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में सेल्फी पॉइंट बनाने की अनोखी पहल

    शक्तिपीठ मां बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में सेल्फी पॉइंट बनाने की अनोखी पहल

    पर्यटकों को मिलेगा खास तोहफा, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

    नाहन
    देश के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल मां बाला सुंदरी मंदिर की यात्रा अब और भी यादगार बनेगी। प्रशासन ने मंदिर परिसर में माता बाला सुंदरी के साथ सेल्फी पॉइंट बनाने की पहल की है। इस कदम से मंदिर की यात्रा को और आकर्षक बनाने के साथ-साथ पर्यटकों को एक अनोखा अनुभव मिलेगा।

    सेल्फी पॉइंट की स्थापना
    उपमंडल अधिकारी राजीव संख्या ने इस पहल की जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटक स्थलों पर सेल्फी पॉइंट बनाने की यह एक अनोखी पहल है। इन सेल्फी पॉइंट्स के माध्यम से पर्यटकों को न केवल आकर्षण मिलेगा, बल्कि वे अपनी यात्रा को और भी यादगार बना सकेंगे।

    ऑटोमेटेड कैमरे और डिजिटल प्रिंट
    राजीव संख्या ने बताया कि इस पहल के तहत ऑटोमेटेड कैमरे लगाए जाएंगे जो पर्यटकों की तस्वीरें लेंगे और उन्हें हाई-रिजॉल्यूशन डिजिटल प्रिंट के रूप में देंगे। यह डिजिटल प्रिंट पर्यटकों के लिए एक विशेष तोहफा होगा और उनकी यात्रा को और भी खास बना देगा।

    धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
    इस पहल के माध्यम से न केवल पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा, बल्कि यह धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। राजीव संख्या ने कहा कि यह कदम त्रिलोकपुर में स्थित मां बाला सुंदरी मंदिर को और भी लोकप्रिय बनाएगा।

  • 9 दिनों से लापता युवक का क्षत-विक्षत अवस्था में मिला शव , मामला दर्ज

    9 दिनों से लापता युवक का क्षत-विक्षत अवस्था में मिला शव , मामला दर्ज

    युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद
    नाहन : पुलिस थाना कालाअंब के अंतर्गत मोगीनंद में एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला है। मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी जिला मुख्यालय रमाकांत ठाकुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

    शव मिलने की सूचना और जांच प्रक्रिया
    एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे पुलिस थाना कालाअंब को सूचना मिली कि मोगीनंद के पास प्रताप ठेकेदार के घर के सामने एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां सड़क से नीचे ढलान में पेड़ों के पास युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया।

    मृतक की पहचान और पृष्ठभूमि
    शव की पहचान राजीव (24) पुत्र लाखन सिंह, निवासी गांव जलाल नगर, तहसील ओला, जिला बरेली के रूप में हुई है। राजीव मोगीनंद में रह रहा था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 16 फरवरी को कालाअंब पुलिस थाना में दर्ज करवाई गई थी।

    परिजनों का बयान और पुलिस जांच
    मृतक के परिजनों ने बताया कि राजीव शराब का आदी था और उन्होंने उसकी मृत्यु को लेकर किसी भी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।

  • कालाअंब के उद्योग में दर्दनाक हादसा , मजदूर की चार उंगलियां कटीं

    कालाअंब के उद्योग में दर्दनाक हादसा , मजदूर की चार उंगलियां कटीं

    रूटर कटिंग मशीन में फंसा हाथ , गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

    कालाअंब : हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक निजी उद्योग में दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां रूटर कटिंग मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की चार उंगलियां कट गईं। घायल मजदूर को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

    कैसे हुआ हादसा ?

    घायल मजदूर मोहम्मद रेहान पुत्र मोहम्मद फिरोज, निवासी गांव जय नगर ईद टोला, तहसील जय नगर, जिला मधुबनी, बिहार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने इसी महीने कालाअंब के एक निजी उद्योग में हेल्पर के रूप में काम शुरू किया था।

    मंगलवार रात करीब 8:30 बजे काम के दौरान रूटर कटिंग मशीन में लोहे का टुकड़ा फंस गया। जब वह इसे निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका हाथ मशीन में आ गया और उसकी चार उंगलियां कट गईं।

    इलाज के लिए किया गया चंडीगढ़ रेफर

    हादसे के बाद उद्योग के क्वालिटी मैनेजर दीपांशु और ठेकेदार गुरमीत सिंह उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से उसे यमुनानगर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसकी चारों उंगलियां काटनी पड़ीं

    पुलिस जांच जारी

    घायल मजदूर मोहम्मद रेहान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कालाअंब थाना प्रभारी कुलवंत कंवर ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उद्योग में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या नहीं।

  • उद्योगों पर मंडराया महंगी बिजली का संकट , उद्यमियों ने जताई चिंता

    उद्योगों पर मंडराया महंगी बिजली का संकट , उद्यमियों ने जताई चिंता

    चैंबर ऑफ कॉमर्स ने बिजली टैरिफ में वृद्धि को वापस लेने की मांग उठाई

    नाहन | हिमाचल प्रदेश में उद्योगों को दी जा रही महंगी बिजली को लेकर कालाअंब चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गहरी चिंता व्यक्त की है। चैंबर के उपाध्यक्ष दीपांशु गर्ग ने कहा कि हाल के वर्षों में बिजली की लागत में भारी वृद्धि हुई है, जिससे उद्योगों के संचालन में कठिनाइयाँ बढ़ गई हैं।

    बिजली शुल्क में बढ़ोतरी से उद्योगों पर बढ़ा बोझ

    उद्योगपतियों के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा बिजली सब्सिडी वापस लेने, बिजली शुल्क बढ़ाने, दूध सेस और पर्यावरण सेस लागू करने से बिजली की लागत में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस बढ़ोतरी के कारण उद्योगों के लिए उत्पादन लागत भी बढ़ गई है, जिससे वे प्रतिस्पर्धा में पिछड़ सकते हैं।

    सरकार से टैरिफ वृद्धि वापस लेने की मांग

    चैंबर ऑफ कॉमर्स ने प्रदेश सरकार से बिजली टैरिफ में वृद्धि को वापस लेने और दूध सेस व पर्यावरण सेस को हटाने की मांग की है। उद्यमियों का मानना है कि इन शुल्कों को हटाने से उद्योगों को राहत मिलेगी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

    उद्योगों के पलायन का खतरा, युवाओं के रोजगार पर संकट

    चैंबर के उपाध्यक्ष दीपांशु गर्ग ने सरकार से अपील की कि वह उद्योगों की समस्याओं को समझे और उन्हें राहत प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार समय रहते इस मुद्दे पर ध्यान नहीं देती, तो प्रदेश में स्थापित उद्योग पलायन करने को मजबूर हो सकते हैं।

    उद्योगों में प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार दिया जा रहा है, इसलिए सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण करना चाहिए।

  • बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला 30 मार्च से 12 अप्रैल, 2025 तक होगा आयोजित – सुमित खिम्टा

    बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला 30 मार्च से 12 अप्रैल, 2025 तक होगा आयोजित – सुमित खिम्टा

    उत्तर भारत का प्रसिद्ध त्रिलोकपुर मेला, तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित

    मेला आयोजन और व्यवस्थाएं

    उत्तर भारत का सुप्रसिद्ध बाला सुंदरी चैत्र नवरात्र मेला त्रिलोकपुर इस बार 30 मार्च से 12 अप्रैल, 2025 तक आयोजित किया जाएगा। मेले के आयोजन से जुड़े विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा के लिए उपायुक्त सिरमौर एवं आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर सुमित खिम्टा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विधायक नाहन अजय सोलंकी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं

    उपायुक्त सुमित खिम्टा ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मेले को चार सेक्टरों में विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक सेक्टर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

    यातायात और कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान

    मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था तथा ट्रैफिक संचालन के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवानों के साथ निजी सुरक्षा एजेंसियों की भी तैनाती की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि ट्रैफिक संचालन इस तरह किया जाएगा कि त्रिलोकपुर के स्थानीय निवासियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े

    बैठक में विभिन्न सुविधाओं पर विचार-विमर्श

    बैठक में कालाअंब से त्रिलोकपुर तक यातायात नियंत्रण, वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था, सूचना केंद्र की स्थापना, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, मंदिर की साज-सज्जा, विद्युत आपूर्ति, परिवहन सुविधा और सफाई व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की गई।

    निर्देश और भविष्य की योजनाएं

    उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा किया जाए और किसी भी तरह की कमी न रहे। बैठक के दौरान एसडीएम नाहन एवं संयुक्त आयुक्त मंदिर न्यास त्रिलोकपुर राजीव सांख्यान ने मेले के विभिन्न प्रबंधों की जानकारी दी।

    इसके अलावा, बैठक में महामाया बाला सुंदरी जी मंदिर न्यास त्रिलोकपुर के आय-व्यय और न्यास द्वारा भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई।

  • काला अंब / वन विभाग की सांठगांठ में खनन माफियाओं ने तोड़े रेकॉर्ड

    काला अंब / वन विभाग की सांठगांठ में खनन माफियाओं ने तोड़े रेकॉर्ड

    लाखों टन मिनरल एक ही रात में होते हैं हरियाणा में एंटर, सरकार को करोड़ों का चूना

    नाहन विधानसभा सभा क्षेत्र के अंतर्गत सक्रिय हुए हरियाणा के खनन माफिया ने अवैध खनन के तमाम पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अवैध खनन के इस काले कारोबार में स्थानीय हिमाचल का माफिया भी इस नेटवर्क के साथ जुड़ गया है। औद्योगिक क्षेत्र काला अंब पंचायत के अंतर्गत नागल गांव सुकेती रोड पर करीब 1 साल से भी अधिक समय से अवैध माइनिंग का धंधा जमकर चल रहा है। बड़ी बात तो यह है कि हरियाणा में नायब सिंह सैनी की सरकार बनते ही स्टोन क्रेशर और अवैध माइनिंग पर पूरी तरह शिकंजा कस दिया गया है।

    हरियाणा में अचानक बंद हुए माइनिंग कारोबार के बाद माइनिंग माफिया ने हिमाचल बॉर्डर का रुख कर लिया। राजनीतिक रसूख और पैसे के दम पर माफिया सिंडिकेट ने जबरदस्त खेल खेला। हिमाचल बॉर्डर पर स्टोन क्रेशर चलाने वाले हरियाणा के इस बड़े माफिया ने फॉरेस्ट और स्थानीय पुलिस के कुछ कर्मियों के साथ पक्की सांठगांठ कर ली। इस बात की पुष्टि इसलिए भी हो जाती है कि जिस क्षेत्र में यह अवैध माइनिंग हो रही है, वहां से हिमाचल और हरियाणा के बीच में एंट्री बैरियर भी लगा हुआ है।

    इन दोनों प्रमुख बैरियर्स पर फॉरेस्ट विभाग और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय रहता है। ऐसे में बगैर दोनों विभागों की सांठगांठ के माइनिंग के ट्रक तो दूर, एक बोरी रेत अथवा बजरी भी क्रॉस नहीं हो सकती। मीडियाकर्मियों के द्वारा जान को हथेली पर रखकर इस पूरे नेटवर्क सहित सपोर्ट की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की गई। सूत्र के द्वारा हमें यह भी जानकारी मिली कि प्रति चक्कर नाइट ड्यूटी पर तैनात फॉरेस्ट कर्मी तथा पुलिस को हजार-हजार रुपए दिए जाते हैं।

    पूरी रात में 100 से भी अधिक टिप्परों के द्वारा चक्कर हिमाचल से हरियाणा में लगाए जाते हैं। 5 से ₹7000 प्रति चक्कर माफिया की इनकम होती है। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि एक रात में कितना मुनाफा माफिया के द्वारा कमा कर सरकार को करोड़ों का चूना लगाया जा रहा है।

    हैरानी तो इस बात की है कि इस अवैध खनन के कार्य में पंचायत से जुड़ा कांग्रेसी नेता भी शामिल है। खनन माफिया और यह कांग्रेसी नेता आपस में रिश्तेदार बताए जाते हैं। जाहिर-सी बात है यह स्थानीय नेता अपने रसूख और प्रभाव के दम पर अवैध कारोबार को चलवा रहा है। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार माफिया के द्वारा नागल गांव के सुरेंद्र कुमार, फुलाराम, सिंग राम, ज्ञानचंद की कई एकड़ की जमीन से यह अवैध खनन चलाया जा रहा है।

    इस अवैध कारोबार के कर्ताधर्ता दोनों हिमाचल के साथ लगते हरियाणा के एक गांव के रहने वाले हैं। जिनका एक सहयोगी सुकेती का रहने वाला है। जिस क्रशर पर यह माइनिंग मटेरियल जाता है, वह क्रशर काला अंब-सडोरा रोड पर है। इस क्रशर पर हाल ही में हरियाणा सीएम फ्लाइंग स्क्वाड के द्वारा छापा भी मारा गया था। क्रशर को बंद करने के आदेश भी दिए गए थे। बावजूद इसके, हरियाणा प्रशासन को चकमा देते हुए यह क्रशर रात को चलाया जाता है।

  • चलती कार में लगी आग, सवार लोग बाल-बाल बचे

    चलती कार में लगी आग, सवार लोग बाल-बाल बचे

    विकासखंड नाहन के तहत कालाअंब-सकेती-खजूरना संपर्क सड़क पर शनिवार को एक चलती कार में अचानक आग लगने की घटना सामने आई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।

    जानकारी के अनुसार, कार में चालक और एक अन्य व्यक्ति सवार थे, जो सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आग लगने का आभास होते ही चालक ने तुरंत कार को सड़क के किनारे खड़ा किया और दोनों लोग बाहर निकल गए।

    घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी कुलवंत सिंह ने घटना की पुष्टि की है।

  • अच्छी संगति से समाज और परिवार का नाम करें रोशन: उपायुक्त

    अच्छी संगति से समाज और परिवार का नाम करें रोशन: उपायुक्त

    सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग नाहन के सौजन्य से कालाअंब स्थित हिमालयन ग्रुप ऑफ प्रोफेशनल इंस्टीट्यूशंस में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त सिरमौर सुमित खिम्टा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

    कार्यक्रम में उपायुक्त ने छात्रों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया और कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की सेहत बल्कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्रभावित करता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अपने साथियों को भी जागरूक करें और अपने समाज व परिवार का नाम रोशन करें।

    इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष रजनीश बंसल और उपाध्यक्ष विकास बंसल ने नशे के दुष्परिणाम और सरकार की रोकथाम नीतियों की जानकारी दी। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. आर.बी. शर्मा ने नशे की लत और इसके प्रभावों पर चर्चा की।

    कार्यक्रम में छात्रों ने नशा मुक्त भारत पर आधारित नाटी और नाटक प्रस्तुत किए। साथ ही पोस्टर प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें पायल, यश और अंतिम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, रितेश दूसरे और कुमकुम तीसरे स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

    इससे पूर्व, अल्ट कम्यूनिकेशन के चेयरमेन संजय सिंगला ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, तहसील कल्याण अधिकारी धर्मी देवी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।