Category: KALA AAM

  • कालाअंब समेत इन गांवों में कल बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति…

    कालाअंब समेत इन गांवों में कल बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति…

    HNN/ कालाअंब

    जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब समेत आसपास के कई गांवों में 21 जुलाई को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसमें विद्युत उपमंडल नाहन-2 के तहत आने वाले कुछेक गांव भी शामिल हैं।

    विद्युत उपमंडल कालाअंब के सहायक अभियंता ई. वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि  132/33/11 केवी सबस्टेशन जोहड़ों (कालाअंब) और 33/11 केवी सबस्टेशन कालाअंब के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के चलते 21 जुलाई यानी रविवार को  कालाअंब, नागल सुकेती, कॉयरों, मोगीनंद, मैनथापल, त्रिलोकपुर, खैरी, मीरपुर कोटला, पालियों, गुमटी, बर्मा पापड़ी, जोहड़ों, जाटांवाला, भंडारीवाला, जंगलाभूड़, कौलांवालाभूड और खांदाक्यारी समेत विद्युत उपमंडल नाहन के तहत आने वाले गांवों में सुबह 09ः00 से शाम 06ः00 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

    सहायक अभियंता ई. वीरेंद्र शर्मा ने इस कार्य के लिए उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

  • काला अंब में सिंबायोसिस और साईं टैक फैक्ट्री पर पॉल्यूशन विभाग की बड़ी कार्रवाई

    काला अंब में सिंबायोसिस और साईं टैक फैक्ट्री पर पॉल्यूशन विभाग की बड़ी कार्रवाई

    साईं टैक की काट दी बिजली, सिंबायोसिस पर 45 लाख का जुर्माना

    HNN/ काला अंब

    प्रदूषण नियंत्रण के मानकों पर घोर अनियमितताओं के चलते काला अंब में पॉल्यूशन विभाग के द्वारा बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर रोड स्थित साईं टैक दवा फैक्ट्री का बिजली का कनेक्शन काट दिया गया है। तो वहीं सुकेती रोड स्थित सिंबायोसिस दवा फैक्ट्री पर 45 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

    यहां यह भी बताना जरूरी है कि इन दोनों फैक्ट्रियों का एक ही मालिक है तथा दोनों फैक्ट्रियां काला अंब में लगी हुई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जिला सिरमौर के द्वारा सबसे पहले साईं टैक दवा फैक्ट्री के ट्रीटमेंट प्लांट से कुछ सैंपल उठाए गए थे। जांच में पता चला कि इस फैक्ट्री से उठाए गए पानी के तीन सैंपल फेल हो गए हैं।

    पॉल्यूशन डिपार्मेंट के द्वारा फैक्ट्री को समय देकर नोटिस भी जारी किया गया। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार फैक्ट्री प्रबंधन के द्वारा नोटिस का जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद पॉल्यूशन विभाग के द्वारा विद्युत बिजली बोर्ड जिला सिरमौर को बिजली के कनेक्शन काटे जाने के लिए संस्तुती दी गई।

    बिजली बोर्ड काला अंब के द्वारा विभाग से मिली सूचना के आधार पर साईं टैक दवा उद्योग का बिजली का कनेक्शन काट दिया गया। वहीं दूसरी ओर सुकेती रोड पर स्थित सिंबायोसिस दवा फैक्ट्री के ट्रीटमेंट प्लांट से उठाए गए सैंपल और साथ में पवित्र नदी मारकंडे में दिए जा रहे डिस्चार्ज और फेंकी गई एक्सपायरी दवाओं के करीब 6 सैंपल उठाए गए।

    लैब से आई रिपोर्ट के बाद इस फैक्ट्री के सभी 6 सैंपल भी फेल हो गए। पॉल्यूशन डिपार्मेंट के द्वारा विभागीय कार्यवाही के तहत पहले नोटिस भी दिया गया था जिसका जवाब नहीं दिया गया। लिहाजा पॉल्यूशन डिपार्मेंट के द्वारा विभागीय कार्रवाई अमल में लाते हुए फैक्ट्री पर 45 लाख रुपए का जुर्माना भी लगा दिया गया है।

    यहां यह भी बताना बहुत जरूरी है कि सिंबायोसिस फैक्ट्री के ठीक नीचे की ओर पवित्र मारकंडे नदी बहती है। इस नदी को दुष्ट किए जाने को लेकर पहले ही एनजीटी के द्वारा मामला दर्ज किया जा चुका है। जिसमें एनजीटी और तीन राज्यों जिसमें हिमाचल भी शामिल है इनके प्रदूषण नियंत्रण विभागों के सहयोग के साथ मारकंडे नदी को प्रदूषित करने वाले कारकों की जांच की जा रही है।

    इसी कड़ी के तहत जिला सिरमौर प्रदूषण नियंत्रण विभाग के द्वारा जब जांच की गई तो सिंबायोसिस फैक्ट्री जांच के दायरे में आई। हालांकि काला अंब में केंद्र सरकार की वित्तीय सहायता से करोड़ों का ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है। बावजूद इसके उद्योग के पानी के सैंपल फेल हो रहे हैं।

    उधर, सिंबायोसिस और साइटेक फैक्ट्री के मालिक जंग वीर सिंह ने बताया कि उन्हें पहले यह बताया गया था कि फैक्ट्री के ट्रीटमेंट प्लांट को चलाने की जरूरत नहीं है क्योंकि सरकार के द्वारा काॅमन ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है जिसमें सभी फैक्ट्रियों से डिस्चार्ज उठाया जाता है। उन्होंने कहा कि हमें यह समझ नहीं आ रहा है कि हम सरकारी आदेशों के अनुसार लगाए गए ट्रीटमेंट प्लांट में डिस्चार्ज दें या फिर अपनी ही फैक्ट्री के ट्रीटमेंट प्लांट के भरोसे पर रहे।

    वहीं पॉल्यूशन डिपार्मेंट के अधिशासी अभियंता अतुल परमार ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि सिंबायोसिस फैक्ट्री के 6 सैंपल फेल होने पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाते हुए 45 लाख रुपए का जुर्माना और दूसरी साईं टैक फैक्ट्री पर भी पॉल्यूशन मानको की अवहेलना को लेकर कार्रवाई अमल में लाते हुए विद्युत विभाग से बिजली का कनेक्शन काटने के लिए कहा गया है। एसडीओ इलेक्ट्रिसिटी विभाग काला अंब वीरेंद्र भारद्वाज ने साईं टैक दवा उद्योग की बिजली कनेक्शन काटे जाने की पुष्टि की है।

  • मोगीनंद में दवा का घोल बनाने वाले टैंक में गिरा कामगार, हुई मौत

    मोगीनंद में दवा का घोल बनाने वाले टैंक में गिरा कामगार, हुई मौत

    HNN/कालाअंब

    जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से सटे मोगीनंद क्षेत्र में स्थित दवा निर्माता कंपनी में एक कामगार की मौत हो गई है। मृतक की पहचान जीवन प्रकाश (28) पुत्र देवीराम निवासी अल्मोड़ा, उत्तराखंड के रूप में हुई है।

    जानकारी के मुताबिक जीवन प्रकाश कंपनी में ड्यूटी के दौरान दवा का घोल बनाने वाले टैंक की सफाई कर रहा था। तभी वह अचानक टैंक में गिर गया। जिसके बाद उसे अचेत अवस्था में तुरंत कालाअंब के एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    इस घटना की सूचना कालाअंब पुलिस थाना को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नाहन स्थित डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज भिजवाया। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। एसएसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने घटना की पुष्टि की है।

  • कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड पर बेकाबू ट्रॉले ने कुचले चार लोग

    कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड पर बेकाबू ट्रॉले ने कुचले चार लोग

    तीन में से एक गंभीर रूप से घायल, चालक के खिलाफ मामला दर्ज

    HNN/ कालाअंब

    औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब-त्रिलोकपुर रोड जोहड़ों वैरव दवा फैक्ट्री के समीप शुक्रवार की सुबह 8:50 पर बड़ा हादसा हुआ। वैरव चौक पर खड़े करीब एक दर्जन लोगों की ओर बेकाबू ट्राला संख्या (HR 65 ए 55555) बड़ी तेजी से आया। ट्रॉले ने कई लोगों को टक्कर मारी, मगर इस बेकाबू ट्राला की चपेट में चार लोग आ गए।

    जिसमें कुरुक्षेत्र निवासी रजत कुमार, राजस्थान निवासी सुभाष, कांगड़ा निवासी सुनील तथा नाहन निवासी अमित चौहान बताए गए हैं। मौके से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सवेरे 8:50 की है। फैक्ट्री में काम करने वाले कामगार वैरव दवा फैक्ट्री चौक पर काम पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।

    इसी दौरान मुख्य रोड से आते हुए बेकाबू ट्रॉले ने कई लोगों को टक्कर मारते हुए चार कामगारों को अपनी चपेट में लिया। इस हादसे में नाहन निवासी अमित की टांग ट्राला के नीचे आ जाने से बुरी तरह कुचली गई। जिसके बाद बेकाबू ट्रॉला सड़क के साथ लगते नाले में जा गिरा। घायल अमित को नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

    इस बड़े ट्रक के नीचे दो मोटरसाइकिल भी कुचली गई। घटना के बाद इसकी जानकारी कालाअंब थाना पुलिस को दी गई। कालाअंब थाना के इंचार्ज एडिशनल एसएचओ भागीरथ शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए चंबा निवासी चालक का मेडिकल भी करवाया है।

    जांच में पता चला कि चालक ने कोई नशा तो नहीं किया था बावजूद इसके दुर्घटना का क्या कारण रहा उसको लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के द्वारा मामला अंतर्गत धारा 281, 125 ए आईपीसी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिला के एसएसपी रमन कुमार मीणा ने खबर की पुष्टि की है।

    बरहाल, हिमाचल नॉउ न्यूज़ के द्वारा 2 दिन पहले ही कालाअंब में जाम और भारी ट्रैफिक नियमों की अनदेखी को लेकर प्रमुखता से खबर भी प्रकाशित की गई थी। कालाअंब पुलिस के द्वारा स्थानीय सड़क सुरक्षा क्लब के सहयोग से जागरूकता अभियान भी चलाया गया।

    यही नहीं इस अभियान के साथ-साथ लापरवाह चालकों के खिलाफ ट्रैफिक नियमों के तहत कार्रवाई भी अमल में लाई गई। घटना की जानकारी के बाद जिला सिरमौर पुलिस प्रमुख के द्वारा और सख्ती के साथ ट्रैफिक नियमों की अनुपालना के आदेश दिए गए हैं।

  • कालाअंब में शातिर ने चोरी की मोटरसाइकिल, सीसीटीवी में कैद

    कालाअंब में शातिर ने चोरी की मोटरसाइकिल, सीसीटीवी में कैद

    दिनदहाड़े घटना को दिया अंजाम, पुलिस का दावा जल्द गिरफ्त में होगा चोर

    HNN/ कालाअंब

    जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में इन दिनों मोटरसाइकिल चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। बीते वीरवार की देर शाम करीब 3:00 के आसपास जोहड़ो स्थित वेलपाक इंडस्ट्री के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल का सीसीटीवी फुटेज मिल गया है।

    शातिर चोर ने मोटरसाइकिल संख्या (HR 04e 7775) को दिनदहाड़े उस समय चोरी किया जब सड़क पर काफी भीड़ रहती है। चोर सीसीटीवी फुटेज में बिल्कुल बेखौफ नजर आ रहा है जिसे यह भी पता है कि आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।

    चोर ने बड़े ही शातिर तरीके से अपने मुंह के एक साइड कपड़ा रखकर मुंह को ढ़कने की कोशिश भी की। सूत्रों की माने तो पुलिस को चोर का सुराग मिल चुका है।

    बताया जा रहा है कि जल्द चोर पुलिस की गिरफ्त में होगा। चोरी की गई मोटरसाइकिल वेलपाक इंडस्ट्री में काम करने वाले सरबजीत सिंह पुत्र मानसिंह निवासी हरियाणा नारायणगढ़ की बताई गई है।

  • पीडीलाइट कंपनी कालाअंब में रासायनिक रिसाव से बचाव हेतु मॉकड्रिल आयोजित

    पीडीलाइट कंपनी कालाअंब में रासायनिक रिसाव से बचाव हेतु मॉकड्रिल आयोजित

    HNN/ कालाअंब

    सिरमौर जिला में औद्योगिक क्षेत्रों में आग और रासायनिक रिसाव से होने वाली आपदा से निपटने के लिए औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब की मैसर्ज पिडिलाइट यूनिट-3 रामपुर जटान में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।

    मॉकड्रिल अभ्यास के दौरान, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एल.आर.वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज बुधवार को जिला आपदा प्रबन्धन अभिकरण के नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 1077 पर सूचना प्राप्त हुई की मैसर्ज पिडिलाइट में प्रातः 11 बजे उद्योग के कच्चे रासायनिक भण्डारण क्षेत्र में आग लग गई तथा रासायनिक रिसाव होना आरंभ हो गया है।

    जिस कारण वर्तमान शिफ्ट में कार्य कर रहे 23 कामगारों की मौके पर मौत, 40 के करीब अन्य कामगारों एवं स्टाफ सदस्यों के फैक्ट्री में फसे एवं घायल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद जिला संकट प्रबन्धन समिति को सक्रिय किया गया तथा पुलिस, अग्निशमन, गृह रक्षा, स्वास्थ्य, एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य हेतु घटनास्थल पर भेजा गया। जिसमें घायलों को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज नाहन लाया गया।

    उन्होंने बताया कि मोकड्रिल की पूरी प्रक्रिया लगभग 12:59 अपहरण पर सम्पूर्ण हुई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने बताया कि इस मॉकड्रिल में एनडीआरएफ के 25, एसडीआरएफ के 10, गृह रक्षा के 9, अग्निशमन के 4, स्वास्थ्य के 5, पुलिस के 3, क्यूआरटी, एनवाईके के 13, स्थानीय पंचायत के 28, पिडिलाइट उद्योग के 208, जिला संकट प्रबन्धन समिति के 30 लोगों सहित तहसीलदार नाहन व स्थानीय प्रशासन के लोगों ने भाग लिया।

    मॉकड्रिल के उपरांत अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने उद्योग विभाग को निर्देश देते हुए बताया कि औद्योगिक आपदा से निपटने के लिए उद्योगों में जागरूकता प्रशिक्षण शिवरो का आयोजन किया जाए तथा आपदा की स्थिति में सभी विभाग आपस में समन्वय स्थापित करें ताकि आपदा के दौरान होने वाली जान-माल की होने वाली हानि से बचा जा सके।

    मॉकड्रिल के दौरान स्थिति पर नियंत्रण एवं निगरानी के लिए एसडीएम सलीम आजम, सहायक आयुक्त गौरव महाजन के अतिरिक्त विभिन्न विभागों के जिला संकट प्रबन्धन समिति के सदस्य उपायुक्त कार्यालय के सभागार में उपस्थित रहे।

  • कालाअंब में महिला ने एंबुलेंस में शिशु को दिया जन्म, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ

    कालाअंब में महिला ने एंबुलेंस में शिशु को दिया जन्म, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ

    HNN/ कालाअंब

    जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के जोहड़ों की एक महिला ने देर रात 108 एंबुलेंस में नवजात को जन्म दिया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। जानकारी के अनुसार कालाअंब क्षेत्र के जोहड़ों की रहने वाली 22 वर्षीय महिला निर्मला को बीती रात अचानक लेबर पैन उठी। इसकी जानकारी परिजनों ने बीती रात 9ः51 बजे 108 पर कॉल करके दी।

    लिहाजा, ईएमटी गगन और पायलेट जसविंदर सिंह एंबुलेंस लेकर 10ः25 बजे जोहड़ो पहुंचे। यहां से गर्भवती महिला को लेकर दोनों कर्मी मोगीनंद के समीप पहुंचे ही थे कि प्रसव पीड़ा काफी बढ़ गई। इसके बाद ईएमटी और पायलेट ने रास्ते में एंबुलेंस खड़ी कर महिला का सफल प्रसव करा दिया।

    108 एंबुलेंस के पायलेट जसविंदर ने बताया कि रात 11ः03 बजे महिला ने नवजात को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं, जिन्हें मेडिकल कालेज नाहन में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी एंबुलेंस में कई बार सफल प्रसव कराया जा चुका है।

  • योग दिवस पर कालाअंब फार्मा एसोसिएशन ने लगाया रक्तदान शिविर

    योग दिवस पर कालाअंब फार्मा एसोसिएशन ने लगाया रक्तदान शिविर

    शिविर में दवा उद्यमियों ने एकत्रित किया 117 यूनिट ब्लड

    HNN/ कालाअंब

    योग दिवस के अवसर पर जिला सिरमौर कालाअंब फार्मा एसोसिएशन ने शुक्रवार को त्रिलोकपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के दवा निरीक्षक नरेंद्र ठाकुर ने की। स्वास्थ्य विभाग सिरमौर के ब्लड बैंक नाहन के सहयोग से आयोजित इस शिविर में दवा उद्यमियों ने 117 यूनिट ब्लड एकत्रित किया।

    इससे पहले सुबह 8ः00 बजे के आसपास फार्मा एसोसिएसशन की ओर से योगा शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें एचडीएमए कालाअंब के दवा उद्यमियों और फैक्टरी कर्मचारियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ रहने का संदेश दिया। 

    इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष एचडीएमए मनोज गर्ग ने रक्तदान का महत्व बताते हुए कहा कि ये ऐसा पवित्र कार्य है, जिससे अनमोल जिंदगियों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज समाज में हर व्यक्ति को जागरूक होने की जरूरत है। ताकि हर किसी के जीवन की कीमत को समझा जा सके।

    इस अवसर पर एचडीएमए के अध्यक्ष केशव सैनी, मिस्टर पुष्करना, संजय सिंघला, सुशील सैनी, संजय आहूजा, रामभरोसे के साथ साथ ब्लड बैंक अधिकारी डा. निधि जसवाल समेत अन्य उद्योगपति मौजूद रहे।

  • कालाअंब के रुचिरा पेपर मील उद्योग के बघास गोदाम में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान

    कालाअंब के रुचिरा पेपर मील उद्योग के बघास गोदाम में लगी आग, लाखों का हुआ नुकसान

    मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम, कच्चा माल जलकर हुआ राख

    HNN/कालाअंब

    जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब स्थित रुचिरा पेपर मील उद्योग के बघास गोदाम में आगजनी की घटना पेश आई है। आग लगने से कच्चा माल जलकर राख हो गया है। वहीं इस घटना से लाखों रुपए का नुकसान हो गया है। अभी फिलहाल नुकसान का पूरा आंकड़ा नहीं है।

    जानकारी के मुताबिक पेपर मील उद्योग प्रबंधन के अनुसार कालाअम्ब की शिव कॉलोनी में स्थित गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में गत्ता बनाने के लिए कच्चा माल रखा हुआ था, जिसमें भूसा, बघास और खोई जैसे चीजें जलकर राख हो गई।

    आग की सूचना मिलते ही कालाअम्ब अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आगजनी की इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।

    उधर कालाअम्ब अग्निशमन विभाग के लिडिंग फायरमैन राजेश कुमार ने बताया कि आग की सूचना मिलने पर टीम घटना स्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। नुकसान का आंकड़ा तैयार किया जा रहा है।

  • कालाअंब की दवा फैक्टरी में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

    कालाअंब की दवा फैक्टरी में भीषण अग्निकांड, लाखों का नुकसान

    भीषण गर्मी के बीच आग की घटनाओं से दमकल कर्मियों के छूटे पसीने

    HNN/कालाअंब

    भीषण गर्मी के बीच औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक के बाद एक आग की घटनाओं ने दमकल कर्मियों के पसीने निकाल दिए हैं। शुक्रवार को कालाअंब की दवा फैक्टरी सिस्टोल रेमेडीज में भीषण अग्निकांड हुआ। दमकल विभाग की तीन से साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

    इस अग्निकांड से फैक्टरी प्रबंधन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर चौकी कालाअंब से लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फैक्टरी में लगी भीषण आग को देखते हुए नाहन से भी फायर टैंडर मंगवाया गया।

    कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पा लिया। इस अग्रिकांड से फैक्टरी का पीवीसी फॉयल कार्टन, रॉ मेटीरियल, कॉटिंग की गईं टेबलेट्स, 20 कंप्यूटर, 20 टेबल, 20 कुर्सियां, एएचयू और सीलिंग जलकर राख हो गई।

    हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस अग्निकांड से फैक्टरी प्रबंधन को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, दमकल विभाग ने समय रहते फैक्टरी का आग पर काबू पाकर एक करोड़ रुपये की संपत्ति भी सुरक्षित की।

    फायर चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। इस दौरान विभाग की टीम में प्लाटून कमांडर कुलदीप सिंह, विक्रम सिंह, फायरमैन विकास कुमार, गृह रक्षक अशोक कुमार, चालक अरूण कुमार समेत नाहन से प्रशामक तपेंद्र सिंह और चालक नरेश कुमार शामिल रहे।

    ट्रक में ओवर हीटिंग से भड़की आग

    फैक्टरी में आग पर काबू पाने के बाद रूचिरा त्रिलोकपुर रोड़ पर एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि ट्रक माल लेकर कालाअंब पहुंचा था। इस बीच ओवर हीटिंग से ट्रक की कैबिन में आग लग गई।

    सूचना मिलते ही लीडिंग फायरमैन राजेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक के कैबिन में लगी आग पर काबू पाया। आग से ट्रक मालिक को 40 हजार रुपये का नुकसान आंका गया है। इस घटना से कैबिन, सीटें, वायरिंग और दोनों साइड अंदर से खिड़कियां जल गईं।

    फायर चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ट्रक में भड़की आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों ने इस ट्रक के साथ दूसरे वाहनों को भी सुरक्षित कर लिया।