Category: Dharamshala

  • पठानिया ने द्रमण में सब्जी मंडी के निर्माण के लिए भूमि का किया निरीक्षण

    पठानिया ने द्रमण में सब्जी मंडी के निर्माण के लिए भूमि का किया निरीक्षण

    उपमुख्य सचेतक ने औपचारिकताएं पूर्ण करने के अधिकारियों को दिए निर्देश

    HNN/धर्मशाला

    उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने को द्रमण में सब्जी मंडी के निर्माण के लिए भूमि का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को सब्जी मंडी के निर्माण के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपमंडल अधिकारी करतार चंद, तहसीलदार दीक्षांत ,मार्केटिंग बोर्ड सेक्टरी दीक्षित जरयाल पठानिया भी उपस्थित थे।

    उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर हल्के में सब्जी मंडी खुलने से रोजगार के अवसर युवाओं एवं स्थानीय जनता को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि फोरलेन के चलते द्रमण में कई दुकानदार प्रभावित हुए हैं उन के लिए सब्जी मंडी द्रमण में खुलना वरदान सिद्ध साबित होगी। पठानिया ने कहा कि जल्द ही सारी प्रक्रिया करके सब्जी मंडी के निर्माण कार्य की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी ताकि प्रभावित दुकानदारों के साथ साथ किसानों को भी लाभ मिल सके।

    उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शाहपुर विस क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु ने करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी है तथा इन सभी विकास कार्यों को समयबद्व पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

  • उपमुख्यमंत्री ने फतेहपुर में किए 4 करोड़ 26 लाख की परियोजनाओं के उद्घाटन

    उपमुख्यमंत्री ने फतेहपुर में किए 4 करोड़ 26 लाख की परियोजनाओं के उद्घाटन

    HNN/ धर्मशाला

    जिला कांगड़ा में निर्माणाधीन फिन्ना सिंह सिंचाई परियोजना का कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ेगा। इसके निर्माण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 300 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जा चुकी है। लगभग 646 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार से भी 287 करोड़ रूपये की स्वीकृति मिल गई है। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह उद्गार प्रकट किए।

    उन्होंने कहा कि एक दशक से इस परियोजना का निर्माण कार्य लटका हुआ था। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद इस मामले को लगातार केंद्र के समक्ष उठाया गया। निरंतर प्रयास और मेहनत मशक्कत के बाद इसके लिए अब केंद्र से भी बजट मंजूर हो गया है। बकौल मुकेश अग्निहोत्री, लगभग एक दशक से लंबित इस परियोजना से सिंचाई के साथ-साथ बिजली प्रोजेक्ट का निर्माण भी प्रस्तावित है।

    यह परियोजना क्षेत्र के लिए वरदान साबित होगी। इससे जहां एक तरफ पांच हजार हेक्टेयर भूमि पर किसान खेती कर सकेंगे, वहीं इसपर बन रहे बांध से बिजली भी तैयार होगी। उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत बांध व सिंचाई वितरण के लिए बन रही नहरों का निर्माण लगभग हो चुका है। इसे अलावा परियोजना के तहत निर्मित हो रहे पावर हाउस से बिना किसी अतिरिक्त खर्च के विभाग 1.88 मेगावाट बिजली का उत्पादन करेगा।

    10 करोड़ से होगा शाहनहर का पुनर्निर्माण
    उपमुख्यमंत्री ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शाहनहर सिंचाई परियोजना के क्षतिग्रस्त हिस्से का भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि 387.22 करोड़ रूपये की लागत से बनी शाहनहर परियोजना कांगड़ा जिले के 15 हजार 287 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाती है। यह परियोजना प्रदेश की मुख्य सिंचाई परियोजनाओं में से एक है।

    उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आई भारी बरसात और खनन की वजह से शाहनहर का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। जिससे क्षेत्र में किसानों को सिंचाई और खेती के लिए बड़ी समस्याएं पेश आ रही हैं। उन्होंने बताया कि शाहनहर के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण के लिए दस करोड़ रूपये के करीब खर्चा आएगा। उपमुख्यमंत्री ने इसके लिए दस करोड़ रूपये देने की घोषणा करते हुए विभागीय अधिकारियों को जल्द से जल्द इसका काम शुरू करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि इसके अलावा सिद्धाथा और सुखाहर सिंचाई योजनाएं भी जिला कांगड़ा की अति महत्वपूर्ण परियोजनाएं है। उन्होंनें कहा कि 247 करोड़ रुपये लागत की सुखाहर सिंचाई योजना की मंजूरी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इससे जिला कांगड़ा के शाहपुर और ज्वाली के 22 गांव लाभान्वित होंगे। साथ ही सिद्धाथा नहर से 45 गांवों की कुल 3150 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

    95 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना भी जिला कांगड़ा के लिए वरदान साबित होगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पोंग बांध के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र के तटीकरण की परियोजना भी केंद्र को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि ब्यास के किनारे बसे क्षेत्रों को बाढ़ के खतरे से बचाने के लिए इस परियोजना को प्रमुखता से केंद्र से मंजूर करवाने के प्रयास किए जाएंगे।

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भवानी सिंह पठानिया के प्रयासों से पोंग बांध पर 105 करोड़ की लागत से पर एक समानांतर पुल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इसकी स्वीकृति मिल गई है। इस पुल के बनने से क्षेत्र के लोग और गाड़ियां हर समय बिना किसी रोक-टोक के पोंग बांध को पार कर सकेंगे।

    4 करोड़ 24 लाख की परियोजनाओं का उद्घाटन
    अपने फतेहपुर प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री ने लगभग 4 करोड़ 24 लाख रूपये की लागत से निर्मित जलशक्ति विभाग की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। उन्होंने करीब 1 करोड़ 8 लाख रूपये की लागत से निर्मित उठाऊ. पेयजल योजना ठट्ठर, बलडीयां, धनेटी, देहरियां तथा 1 करोड़ 66 लाख रूपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना रैहन देहरी के संवर्धन कार्य का उद्घाटन किया।

    इन पेयजल परियोजनाओं से लगभग 7 गांवों की 25 बस्तीयों में रहने वाली 4 हजार 425 की आबादी लाभांवित होगी। इसके पश्चात मुकेश अग्निहोत्री ने 1 करोड़ 50 लाख की लागत से हुए जल भवन रैहन के नवीकरण कार्य का भी उद्घाटन कर उसे क्षेत्र को सौंपा। मुकेश अग्निहोत्री ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित बस अड्डे की साईट का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल्द से जल्द इसका निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार द्वारा गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में फतेहपुर में भी एक अच्छा बस स्टैंड निर्मित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसके अलावा उन्होंने राजा का तालाब में बनने वाले तालाब के लिए 25 लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और तालाबों के निर्माण के लिए सरकार हर संभव सहायता और धन उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्पित है।

  • जिला में रेडक्रॉस लक्की ड्रॉ का परिणाम घोषित, यहां देखे इसे मिला यह पुरस्कार…

    जिला में रेडक्रॉस लक्की ड्रॉ का परिणाम घोषित, यहां देखे इसे मिला यह पुरस्कार…

    HNN/ धर्मशाला

    सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस के आयोजन पर उपायुक्त कार्यालय, धर्मशाला में सोसायटी द्वारा 15 अगस्त, 2024 को रेडक्रॉस लक्की ड्रॉ आम जनता के समक्ष निकाला गया। एसडीएम धर्मशाला प्रदीप कुमार ने इस अवसर पर लक्की ड्रॉ निकाला।

    रेडक्रॉस लक्की बैग ड्रॉ के परिणामों में टिकट नम्बर 035514 को मोटरसाइकल, टिकट नम्बर 042708 को स्कूटी, टिकट नम्बर 017502 को 32 इंच एलईडी टीवी, टिकट नम्बर 047695 को रेफ्रिजरेटर, टिकट नम्बर 022165 को वाशिंग मशीन, टिकट नम्बर 006971 को एंड्रॉइड मोबाईल, 043396 को इंडक्शन चूल्हा, टिकट नम्बर 063578 व 026002 को सिलाई मशीन, टिकट नम्बर 011048 तथा 017557 को 2500 रुपये का सांत्वना पुरस्कार निकला।

    सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने बताया कि यह विजयी पुरस्कार प्राप्त करने के लिए विजेता को मूल टिकट एक माह के भीतर जिला रेडक्रास सोसायटी के कार्यालय में जमा करवानी आवश्यक होगी।

  • अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस: 14 अगस्त को आयोजित होगी रेड रन मैराथन

    अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस: 14 अगस्त को आयोजित होगी रेड रन मैराथन

    HNN/धर्मशाला

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा राजेश गुलेरी ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में 14 अगस्त 2024 को रेड रन मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 17 वर्ष से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्रों ने भाग लेंगे।

    प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा के 20 राजकीय महाविद्यालयों धर्मशाला, नगरोटा बगवा, शाहपुर, ज्वाली, देहरा, नूरपुर, मटौर, बडोह , डाडासीबा, जीसीटीई धर्मशाला, राजकीय पोलटेक्निक कालेज कांगड़ा, राजकीय फार्मेसी कालेज कांगड़ा, गुरु द्रोणाचार्य नर्सिंग कालेज योल, द्रोणाचार्य पीजी कालेज ऑफ एजुकेशन रैत, आरसी कालेज आफ एजुकेशन धनोट, क्षत्रिय कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा, एचआईईटी, आईआईटी बैजनाथ, आईआईटी सेराथाना के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।

  • डमटाल में अब ट्रैफिक प्रबंधन प्लान के तहत होगी यातायात व्यवस्था

    डमटाल में अब ट्रैफिक प्रबंधन प्लान के तहत होगी यातायात व्यवस्था

    गाड़ियों की पार्किंग, लोडिंग/अनलोडिंग और डंपिंग को लेकर अधिसूचना जारी

    HNN/ धर्मशाला

    डमटाल शहर में अब गाड़ियों की पार्किंग तथा लोडिंग/अनलोडिंग के लिए जिला प्रशासन द्वारा ट्रैफिक प्रबंधन प्लान तैयार किया गया है। मोटर वाहन अधिनियम, 1988 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है।

    जारी अधिसूचना के अनुसार डमटाल शहर में अब केवल पीली रेखा से चिन्हित क्षेत्रों में ही वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा अन्य किसी क्षेत्र में गाड़ी खड़ा करने की अनुमति नहीं है। साथ ही डमटाल की सीमा में पड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण क्षेत्रों के मार्गों पर निर्माण सामग्री की डंपिंग की अनुमति नहीं होगी।

    यह रहेंगे नो पार्किंग जोन….
    जिलाधीश द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंदौरा मोड़ से शीतला माता मंदिर, भरवाईं-चिंतपूर्णी-खटियार-डमटाल मार्ग, ओल्ड डमटाल से कंडवाल मार्ग, मोहटली से इंदौरा मार्ग, डमटाल पुलिस स्टेशन से गौशाला रोड, एनएच-1ए से सूरजपुर झिकला रोड और डमटाल शहर के सर्विस लेन ‘नो पार्किंग जोन’ रहेंगे।

    डमटाल शहर में नामित क्षेत्रों के अलावा कहीं भी बड़े वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। नो पार्किंग जोन और डमटाल शहर की सभी सर्विस लेन पर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों से सामान की लोडिंग/अनलोडिंग की अनुमति नहीं होगी।

    इमरजेंसी वाहनों को रहेगी छूट….
    एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, मजिस्ट्रेट वाहन, पुलिस वाहन सहित अन्य आपात सेवाओं और कानून व्यास्था के लिए उपयोग होने वाले वाहनों पर यह अधिसूचना लागू नहीं होगी। साथ ही पठानकोट-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियों की आवाजाही हाईवे नियमों के अनुरूप ही रहेगी।

    जिलाधीश ने कहा कि डमटाल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यह यातायात प्रबंधन प्लान तैयार किया गया है। अधिसूचना का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • नगरोटा अस्पताल मार्ग रहेगा नो पार्किंग जोन, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

    नगरोटा अस्पताल मार्ग रहेगा नो पार्किंग जोन, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

    HNN/ धर्मशाला

    राष्ट्रीय राजमार्ग 154 से सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां को जाने वाला मार्ग अब से ‘नो पार्किंग जोन’ रहेगा। जिलाधीष कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 117 में प्रदत्त शक्तियों का उपायोग करते हुए इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है।

    आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिलाधीश ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 154 से सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां को जाने वाले मार्ग के दोनो ओर लोग अपनी गाड़ियों और दोपहिया वाहन खड़े करते हैं।

    जिसके कारण अस्पताल मार्ग पर एंबुलेंस और उपचार के लिए आने वाले मरीजों को आने-जाने में समस्या होती है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को ध्यान में रखते हुए यह अधिसूचना जारी की गई है, जिससे अब यह मार्ग हर प्रकार के वाहनों के लिए ‘नो पार्किंग जोन’ रहेगा।

  • धर्मशाला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के तीन तथा सहायिका के भरे जाएंगे 17 पद

    धर्मशाला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के तीन तथा सहायिका के भरे जाएंगे 17 पद

    HNN/ धर्मशाला

    बाल विकास परियोजना धर्मशाला के अधीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के तीन तथा आंगनबाड़ी सहायिका के 17 रिक्त पद भरे जाएंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला रमेश जागवान ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत ढगवार के मसरेहड़ केंद्र, ग्राम पंचायत पासू पंतेहड़ के देहरू केंद्र तथा ग्राम पंचायत जूहल के बनगोटू में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद भरे जाने हैं।

    वहीं नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नम्बर-1 के टैंगलवुड, वार्ड नम्बर-4 के कोतवाली बाजार, वार्ड नम्बर-7 के डिपो बाजार, वार्ड नम्बर-8 के उपरेहड़ तथा वार्ड नम्बर-15 के ठेहड़ केंद्रों में आंगनवाड़ी सहायिका के पद भरे जाने है। साथ ही ग्राम पंचायत रसेहड़ के रसेहड़, योल के लहसर, बरवाला के थम्बा, कजलोट के अप्पर सुधेड़, सुक्कड़ के खास सुक्कड़, शीला के शीला-2, गगल के गगल-2, मंदल के निचली भड़वार, ढगवार के मसरेहड़, झियोल के घियाणा खुर्द, नरवाणा खास के बलेहड़ तथा नरवाणा-2 केंद्रों में भी सहायिका के पद भरे जाएंगे।

    उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए पात्र उम्मीदवार सादे कागज पर अपने संपूर्ण दस्तावेजों सहित 27 अगस्त शाम 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकते हैं। आवेदन के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग की महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। उम्मीदवार उसी आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की स्थाई निवासी हो। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के लिए जमा दो पास होना आवश्यक है।

    उम्मीदवार के परिवार की समस्त साधनों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मशाला के कार्यालय के मोबाइल नम्बर 7018095512 तथा 9418687263 में संपर्क कर सकते हैं। जिन महिला उम्मीदवारों ने उपरोक्त पदों के लिए पहले से आवेदन किया हुआ है, उन्हें दोबारा करने की आवश्यकता नहीं है।

  • 10वीं कक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम जारी

    10वीं कक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम जारी

    HNN/ धर्मशाला

    हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 10वीं कक्षा के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण का परिणाम जारी कर दिया गया है। बता दें स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा मार्च 2024 में 10वीं कक्षा के नियमित परीक्षार्थियों के पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण परीक्षा आयोजित की गई थी।

    शिक्षा बोर्ड ने इस परीक्षा परिणाम को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। छात्र वहां जाकर अपना परीक्षा परिणाम देख सकते है।

    उधर, शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी पुनर्मूल्यांकन की जानकारी के 01892-242158 और 01892-242122 पर संपर्क कर सकते हैं।

  • क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र में रिक्त सीटों को भरने के लिए इस दिन होगी काउंसलिंग….

    क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र में रिक्त सीटों को भरने के लिए इस दिन होगी काउंसलिंग….

    HNN/ धर्मशाला

    हिमाचल प्रदेश विवि क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र खनियारा में शिक्षा सत्र 2024-25 में विभिन्न संकायों में रिक्त सब्सिडाइज तथा नाॅन सब्सिडाइज सीटों को भरने के लिए 12 अगस्त को क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र में काउंसलिंग रखी गई है।

    यह जानकारी क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक प्रो डीपी वर्मा ने देते हुए बताया कि हिमाचल विवि द्वारा एमए संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, अर्थशास्त्र, एम काॅम, एमएससी गणित, एमसीए तथा एमएससी ज्यूलाॅजी में रिक्त सब्सिडाइज तथा नाॅन सब्सिडाइज सीटों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 12 अगस्त को दस बजे आवेदन फार्म तथा 200 रूपये के आईपीओ तथा डिमांड डाफ्ट सहित काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।

    मेरिट के आधार पर ही सीटें भरी जाएंगी। इसके अतिरिक्त जिन अभ्यर्थियों ने विवि में पहले आवेदन नहीं किया है सामान्य वर्ग के 700 रूपये का डाफ्ट तथा एससीएसटी वर्ग के अभ्यर्थी 350 का डाफ्ट संलग्न करना होगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

    उन्होंने कहा सभी आवेदनकर्ताओं को आवेदन पत्र के साथ स्नातक विषय की प्रति सीजीपीए सहित लगाना अनिवार्य होगी अन्यथा फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा इसके साथ डाक द्वारा भेजे गए आवेदन पत्र मान्य नहीं होंगे। प्रवेश परीक्षा के आधार पर उत्तीर्ण छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।

    इसके अतिरिक्त एमएससी ज्यूलाॅजी, पीजीडीसीए में भी प्रवेश मेरिट के आधार पर दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश विवि तथा क्षेत्रीय अध्ययन केंद्र की बेवसाइट से प्रवेश फार्म डाउनलोड कर सकते हैं तथा निर्धारित तिथि के अनुसार कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।

  • आठवीं, दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण भी अप्रेंटिसिव ट्रेनिंग के लिए पात्र

    आठवीं, दसवीं, बारहवीं उत्तीर्ण भी अप्रेंटिसिव ट्रेनिंग के लिए पात्र

    HNN/ धर्मशाला

    नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन स्कीम के अंतर्गत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके आठवीं, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई युवा हिप्र में स्थित विभिन सरकारी, अर्ध सरकारी, निजी प्रतिष्ठानों उद्योगो में अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग कर सकते हैं। इसके लिए इच्छुक उम्मीदवार डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट अप्रैटिशिप इंडिया डाॅट गाॅव डाॅट इन पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के उपरांत इस पोर्टल पर रजिस्टर्ड प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षु लगने हेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

    यह जानकारी आईटीआई दाड़ी के प्रिंसिपल राजेश पुरी ने देते हुए बताया कि आप्रेंटिस ट्रेनिंग 6 माह से 3 वर्ष होती हैंए साथ में 5000 से 9000 रुपए तक स्टाइफंड का प्रावधान भी होता हैं एवं प्रशिक्षण के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों को अखिल भारतीय शिक्षुता परीक्षा उतीर्ण होने पर भारत सरकार की और से राष्ट्रीय शिक्षुता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता हैं जोकि राजकीय निजी क्षेत्र के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार प्राप्त करने हेतु मान्य होता है।

    वोकेशनल ए डिप्लोमा ए डिग्री के इच्छुक प्रशिक्षु नैट्स डाॅट एजुकेशन डाॅट गाॅव डाॅट इन पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के उपरांत इस पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदकों को पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन में स्वयं की ईमेल मोबाइल नंबर व आधार नंबर सही दर्ज करें क्योंकि सभी सूचनाएं उम्मीदवार की ईमेल व मोबाइल नंबर पर ही भेजी जाती हैं। इसके अलावा इस स्कीम की सारी जानकारी ऊपर बताए वैब पोर्टल में उपलब्ध हैं। अधिक जानकारी के लिये संस्थान के दूरभाष न. 01892.223182 पर संपर्क कर सकते है।