Category: SANGHRAH

  • शहीद भगत सिंह जयंती पर प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित

    शहीद भगत सिंह जयंती पर प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित

    HNN/ नाहन

    जिला सिरमौर के राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह की शहीद भगत सिंह एनएसएस इकाई द्वारा महान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह की जयंती पर आयोजित शहीद दिवस के अवसर पर एक समारोह का आयोजन किया गया गया। यह शिविर एनएसएस प्रभारी संदीप कुमार कनिष्क के नेतृत्व में किया गया।

    इस आयोजन के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. देवराज शर्मा थे। इस समारोह में सत्र 2023-24 में आयोजित सात दिवसीय शिविर (15 दिसम्बर से 21 दिसम्बर, 2024) में भाग लेने वाले 50 स्वयंसेवियों को प्रमाण प्रत्र प्रदान किया गया।

    इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. देवराज द्वारा सभी स्वयंसेवियों को प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। साथ ही शिविर के सबसे बेहतरीन स्वयंसेवियों दीक्षा ठाकुर और पारुल कुमार को स्मृति चिन्ह और 1100 रुपए के चेक भी प्रदान किए।

    कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी स्वयंसेवियों को बधाई दी और पूरी एनएसएस इकाई के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर प्राचार्य के अतिरिक्त डॉ. जगदीश चंद, प्रो मनोज, प्रो. ओमप्रकाश, प्रो. पथिक, प्रो. कविता चौहान और प्रो. पूनम व विनोद शर्मा उपस्थित रहे।

  • संगड़ाह में भूस्खलन की चपेट में आया व्यक्ति, दर्दनाक मौत

    संगड़ाह में भूस्खलन की चपेट में आया व्यक्ति, दर्दनाक मौत

    HNN/ संगड़ाह

    सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली भूतमड़ी चूना पत्थर खदान पर हुए भूस्खलन की चपेट में आने से 44 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई है। मृतक मुलतान सिंह पुत्र तुलसी राम साथ लगते गांव गनोग का रहने वाला था।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खदान पर की गई खड़ी कटिंग वाली जगह से मलवे से उसका क्षत विपक्ष शव निकाला गया। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह यहां आम दिनों की तरह ब्लास्टिंग भी हुई थी, हालांकि भूस्खलन बाद दोपहर हुआ।

    मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए खनन व्यवसाई की गाड़ी मे ददाहू अस्पताल ले जाया गया है। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने मामले की पुष्ठि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • संगड़ाह कॉलेज को बनाया दूरस्थ शिक्षा प्रणाली का केंद्र, डॉ. जगदीश चंद को बनाया समन्वयक

    संगड़ाह कॉलेज को बनाया दूरस्थ शिक्षा प्रणाली का केंद्र, डॉ. जगदीश चंद को बनाया समन्वयक

    HNN/संगड़ाह

    राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह के भूगोल विभाग को भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (इसरो) द्वारा सुदूर संवेदन और भौगोलिक सूचना प्रणाली के प्रशिक्षण और कार्यशालाओं के दूरस्थ शिक्षा प्रणाली का केंद्र बनाया गया है। इसरो ने इस दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के लिए भूगोल विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. जगदीश चंद को समन्वयक बनाया है और प्रो. संदीप कुमार इतिहास विभाग के सहायक आचार्य को सहायक समन्वयक बनाया गया है।

    डॉ. जगदीश चंद ने बताया कि भारतीय रिमोट सेंसिंग संस्थान (आईआईआरएस) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के तहत एक प्रमुख संस्थान है जो रिमोट सेंसिंग और भू-सूचना विज्ञान अनुप्रयोगों में विशेषज्ञता रखता है। संस्थान रिमोट सेंसिंग, भू-सूचना विज्ञान और संबंधित प्रौद्योगिकियों से संबंधित ज्ञान और कौशल का प्रसार करने के उद्देश्य से विभिन्न आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करता है।

    आईआईआरएस आउटरीच कार्यक्रम सुदूर संवेदन, भू-सूचना विज्ञान और संबंधित क्षेत्रों में प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण कार्यक्रम पेश करके राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 (एनईपी) के लक्ष्यों के अनुरूप है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, शहरी नियोजन, कृषि और पर्यावरण निगरानी जैसे विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए सुदूर संवेदन आंकड़े और भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने में महाविद्यालय के छात्रों, अध्यापकों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों के कौशल को बढ़ाना है।

    व्यावहारिक प्रशिक्षण, कार्यशालाएं, ऑनलाइन पाठ्यक्रम और सहयोगी परियोजनाएं प्रदान करके आईआईआरएस अनुभवात्मक शिक्षा, अंतःविषय दृष्टिकोण और शिक्षा में प्रौद्योगिकी के उपयोग को बढ़ावा देकर एनईपी 2020 के उद्देश्यों में योगदान देता है। ये पहल रिमोट सेंसिंग, भू-सूचना विज्ञान में ज्ञान और विशेषज्ञता से लैस कुशल कार्यबल को विकसित करने में मदद करती है, जिससे सतत् विकास और सामाजिक लाभ के लिए अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने में भारत के प्रयासों का समर्थन किया जाता है।

    इसी दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के तहत महाविद्यालय में 136-आईआईआरएस दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रम “भूवैज्ञानिक अनुप्रयोगों के लिए रिमोट सेंसिंग तकनीकों में प्रगति” का 11 मार्च 2024 को आयोजन किया गया जो 15 मार्च 2024 तक चलेगा। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के 81 छात्र व शिक्षक भाग ले रहे। कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. देवराज शर्मा ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह को दूरस्थ शिक्षा प्रणाली का केंद्र बनाना बेहद खुशी की बात है।

    इस कार्यक्रम से उनके महाविद्यालय के छात्र और शिक्षकों को उनकी शैक्षणिक कौशल में सीधा लाभ मिलेगा। सितंबर 2024 में राजकीय महाविद्यालय संगड़ाह की नैक एक्रेडिटेशन होने जा रही है। इसमें इस कार्यक्रम से सीधा फायदा होगा। इस तरह के उत्कृष्ट प्रशिक्षण और कार्यक्रमों के माध्यम से महाविद्यालय के छात्र और शिक्षकों को उनके शैक्षणिक और पेशेवर विकास में मदद मिलेगी।

  • संगड़ाह में आदमखोर तेंदुए ने तीन गायों को बनाया अपना शिकार

    संगड़ाह में आदमखोर तेंदुए ने तीन गायों को बनाया अपना शिकार

    HNN/संगड़ाह

    जिला सिरमौर में उपमंडल संगडाह के शिवपुर गांव में तेंदुए ने तीन गायों को मौत के घाट उतार दिया है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग व प्रशासन से पीड़ित दिनेश कुमार पुत्र दयाल को मुआवजा राशि देने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेंदुए ने दिनेश कुमार की पशुशाला में घुसकर तीन गायों को अपना निवाला बनाया है।

    गौरतलब की 18 नवंबर को क्षेत्र के बराड़ी गांव में तेंदुए ने भीम सिंह नामक किसान पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था। इसके बाद समीपवर्ती बोगधार गांव में 14 नवंबर को वन विभाग द्वारा लगाए पिंजरे में एक तेंदुए को पकड़ा गया था और दूर जंगल में छोड़ा गया था।

    पिछले कुछ अरसे से उपमंडल संगड़ाह के गांव अंधेरी, कशलोग, डुंगी व धमास आदि में भी यह हिंसक जानवर डेढ़ दर्जन पालतू पशुओं को अपना निवाला बना चुके हैं। उधर, वन परिक्षेत्र अधिकारी संगड़ाह विद्यासागर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर प्रभावित पशुपालक को निर्धारित मुआवजा राशि जारी की जाएगी।

  • संगड़ाह में नारी शक्ति वंदन समारोह में की गई संदेशखाली मे महिला उत्पीड़न की निंदा

    संगड़ाह में नारी शक्ति वंदन समारोह में की गई संदेशखाली मे महिला उत्पीड़न की निंदा

    प्रधानमंत्री मोदी के संदेशखाली में संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा गया

    HNN/संगड़ाह

    भाजपा महिला मोर्चा द्वारा बुधवार को उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह मे आयोजित नारी शक्ति वंदन समारोह के समापन में पश्चिमी बंगाल के संदेशखाली मे तृणमूल कांग्रेस नेता द्वारा महिलाओं के साथ किए गए उत्पीड़न की कड़ी निंदा की गई।

    भाजपा जिला सिरमौर इकाई के विनय गुप्ता व सिरमौर जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल आदि वक्ताओं ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है।

    इस अवसर पर महिला मोर्चा रेणुका जी मंडल इकाई की पदाधिकारियों के अलावा पंचायत समिति नाहन की अध्यक्ष अनिता शर्मा व भाजपा नेता नारायण सिंह, प्रताप तोमर, रणवीर ठाकुर, शकुंतला चौहान व मेलाराम शर्मा आदि भी मौजूद रहे। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेशखाली में संबोधन का प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा।

  • गांव-गांव जाकर युवा करें मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार – रणवीर ठाकुर

    गांव-गांव जाकर युवा करें मोदी सरकार की योजनाओं का प्रचार – रणवीर ठाकुर

    HNN/ संगड़ाह

    सिरमौर जिला के संगड़ाह में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा द्वारा जिला स्तरीय युवा चौपाल कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सिरमौर जिला और प्रदेश पदाधिकारी सहित लगभग 150 युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

    युवा चौपाल कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए सिरमौर जिला भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष रणवीर ठाकुर ने बताया कि नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में भारत विश्व की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था बन चुकी है और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु की ओर अग्रसर हो रहा है।

    उन्होंने बताया कि देश में समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए मोदी सरकार द्वारा अनेक योजनाएं चलाई गई है जिनमें पीएम किसान निधि, महिला सशक्तिकरण, उज्जवला गैस योजना, युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राम मंदिर निर्माण, धारा 370 व तीन तलाक हटाने जैसी योजनाओं से देश के हर क्षेत्र और हर वर्ग का एक समान विकास हुआ है।

    उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर गांव गांव जाकर लाभार्थियों से मिले और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाई गई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दें ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को फिर से सत्तासीन किया जा सके।

    इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी सुशील कादसोली ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान देश की युवा शक्ति को अपनी ताकत का परिचय देना है और विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी को फिर से देश की बागडोर सोंपनी है उन्होंने इसके लिए युवाओं से पूरी तरह कमर कसने को कहा।

    इस मौके पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री राकेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से विफल हो गई है और उन्होंने प्रदेश की जनता को ठगने के अलावा और कोई कार्य नहीं किया।

    रेणुका से भाजपा के प्रत्याशी रहे नारायण सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान 10 झूठी गारंटियां देकर सत्ता हथियाई थी और 1 साल का समय बीत जाने के उपरांत कांग्रेस की एक भी गारंटी धरातल पर नहीं उतरी।

    उन्होंने कहा कि जनता के बीच कांग्रेस के झूट का पर्दाफाश हो चुका है और अब लोकसभा चुनाव के दौरान उन पर कोई भी विश्वास करने वाला नहीं है।

    इस कार्यशाला में प्रदेश सचिव एवं जिला सिरमौर के प्रभारी नरेंद्र ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता अरुण चौहान, प्रदेश सह सोशल मीडिया प्रभारी संजय बसटा, रेणुका भाजपा के विस्तारक अजय भैरटा, जिला के सभी पदाधिकारी और पांचो मंडलों से आए भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष एवं महामंत्रियों ने कार्यशाला में भाग लिया।

  • सिरमौर में दो निजी बसों की हुई जोरदार भिड़ंत, 9 यात्री जख्मी

    सिरमौर में दो निजी बसों की हुई जोरदार भिड़ंत, 9 यात्री जख्मी

    HNN/ संगड़ाह

    हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बता दें आज बुधवार को जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में अंधेरी के समीप एक सड़क हादसा पेश आया है, यहां दो निजी बसों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में 9 यात्री जख्मी हुए हैं। घायलों को संगड़ाह अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।

    जानकारी के मुताबिक, आज बुधवार को दोपहर 1 बजे के करीब मीनू कोच नाम की दो बसें अपने रूट पर जा रही थी। इस दौरान अंधेरी के समीप तीखे मोड़ पर दोनों बसों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त दोनों बसों में करीब 60-70 यात्री सवार थे, जिनमें से 9 सवारियों को हल्की चोटें आई है।

    वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस की टीम हादसे के कारणों की जांच में भी जुट गई है। हालांकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। मामले की पुष्टि डीएसपी मुकेश डडवाल ने की है।

  • देश के सरस मेलों में हिमाचली व्यंजन मचा रहे हैं धूम -मेलाराम शर्मा

    देश के सरस मेलों में हिमाचली व्यंजन मचा रहे हैं धूम -मेलाराम शर्मा

    केंद्र की राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका योजना बना रही है महिलाओं को स्वावलंब

    HNN/संगड़ाह

    सिरमौर जिला में गत 5 वर्षों के दौरान मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान और कल्याण के लिए चलाई गई राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत चलाई जा रही सेल्फ हेल्प ग्रुप योजनाओं ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को जीने की नई राह दिखाई है। सिरमौर जिला भाजपा प्रवक्ता एवं विकासखंड संगड़ाह के निवर्तमान अध्यक्ष मेलाराम शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सिरमौर जिला में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एनआरएलएम के तहत हजारों स्वयं सहायता समूहों का गठन करके उन्हें स्वरोजगार के अभूतपूर्व अवसर प्रदान किए गए हैं।

    उन्होंने बताया कि यदि मोदी सरकार द्वारा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अधीन विभिन्न महिला कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं न चलाई होती तो ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं मात्र चूल्हे-चौके तक ही सीमित रहकर बंधुआ मजदूरो जैसा जीवन जी रही होती। उन्होंने बताया कि सिरमौर जिला में 2000 से अधिक की संख्या में स्वयं सहायता समूहों का गठन और पंजीकरण करके महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा महिला ग्रुप को करोड़ों रुपए की आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।

    विकासखंड संगड़ाह में 527 महिला ग्रुप पंजीकृत हो चुके हैं। जिनके साथ 6000 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई है। इन्हें विकास खंड के माध्यम से एनआरएलएम के दो करोड़ साठ लाख रुपए से अधिक की स्टार्टप निधि व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है और इन्हें अनेक प्रकार का प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है। गांव-गांव में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों का गठन करके एनआरएलएम के अंतर्गत महिलाएं अब विभिन्न प्रकार के जूस, जैम, चटनी, अचार और पारंपरिक व्यंजन बेचकर लाखों रुपए की आमदनी जुटा रही है।

    उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की जो महिलाएं चूल्हे-चौके तक सीमित थी वह आज शिमला, सरस मेला चंडीगढ़, बेंगलुरु, हैदराबाद और दिल्ली आदि महानगरों में जाकर हिमाचली उत्पादों और व्यंजनों को परोस कर न केवल लाखों रुपए की आमदनी जुटा रही है अपितु घर से बाहर निकलकर स्वरोजगार की दिशा में पुरुषों से भी काफी आगे निकल चुकी है।

    केंद्र सरकार की महिला स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत देश के विभिन्न नगरों में आयोजित होने वाले व्यापार और पर्यटन उत्सवों के दौरान इन महिलाओं को न केवल निशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जा रहे हैं अपितु ठहरने आदि की व्यवस्था भी निशुल्क की जा रही है। इन मेलों में महिलाएं हिमाचली उत्पाद और सिडडू, तेल पाकी, लुशके, पटांडे, मालपूड़े, चौलाई की खीर, मक्की और कोदे की रोटी, मदरा, सेपूबड़ी आदि हिमाचली व्यंजन बेचकर लाखों रुपए की आमदन जुटा रही है।

    इन दिनों चंडीगढ़ के सरस मेले में सिरमौर जिला के हरिपुरधार से अपना स्टॉल लगाने गई जय विजायी मां स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ता सैना राणा और श्यामा ठाकुर बताती है कि उन्होंने पिछले एक सप्ताह के दौरान सरस मेला चंडीगढ़ में लगभग दो लाख से अधिक कीमत के हिमाचली व्यंजन बेचकर अच्छी खासी आमद जुटाई है। उन्हें केंद्र सरकार की योजना के तहत मोबाइल फूड बैन भी उपलब्ध कराई गई है। मेलाराम शर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार की इन महिला कल्याण योजनाओं ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन की तकदीर और तस्वीर बदल दी है।

  • चूड़धार चोटी पर हुई बर्फबारी, शीतलहर का बढ़ा प्रकोप

    चूड़धार चोटी पर हुई बर्फबारी, शीतलहर का बढ़ा प्रकोप

    HNN/ संगड़ाह

    सिरमौर जिला की सबसे ऊंची चूड़धार चोटी पर बुधवार को एक बार फिर आधा फुट के करीब हिमपात हुआ जिससे साथ लगते सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह व शिमला के कुपवी इलाके शीतलहर की चपेट में आ चुके हैं।

    चूड़धार चोटी पर साल 2024 का यह पहला हिमपात है, हालांकि गत अक्टूबर व नवम्बर माह में यहां 7 बार बर्फबारी हो चुकी है। उपमंडल संगड़ाह व सिरमौर के विभिन्न हिस्सों गत अक्टूबर माह से बारिश नहीं होने से बनी सूखे की स्थिति से हल्की बारिश ने निजात दिलाई और सड़कों व रास्तों में धूल उड़ना भी बंद हो गई।

    हल्की बारिश से जिला के किसानों और बागवानों में भारी उत्साह है। बारिश होने से उनकी फसलों को संजीवनी मिली है। किसानों और बागवानों में जल्द ही प्रयाप्त बारिश की उम्मीद जगी है।

  • सिरमौर में हादसे का शिकार हुई कार, पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत

    सिरमौर में हादसे का शिकार हुई कार, पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत

    HNN/ संगड़ाह

    जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह के तहत गांव अंधेरी में एक कार हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में पूर्व सैनिक की जान चली गई है। बता दें कि मृतक बलदेव सिंह भारतीय सेवा के पूर्व सैनिक थे व माता-पिता के इकलौते बेटे थे।

    पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जाँच भी शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, बलदेव सिंह अपने मामा के घर से तड़के सुबह नाहन में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों से मिलने आ रहा था।

    इसी दौरान जबडोग से कुछ ही किलोमीटर आगे अंधेरी के समीप कार (HP- 16- 9234) हादसे का शिकार हो गई। घटना में व्यक्ति की जान चली गई। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू की। थाना प्रभारी बृजलाल मेहता ने हादसे की पुष्टि की है।