Category: SANGHRAH

  • मेलाराम शर्मा ने संगड़ाह के गांव अरट में एकल विद्यालय का किया उद्घाटन

    मेलाराम शर्मा ने संगड़ाह के गांव अरट में एकल विद्यालय का किया उद्घाटन

    विद्यालय में 15 वर्ष तक के बच्चों को प्रतिदिन पढ़ाया जाएगा नैतिक शिक्षा का पाठ

    HNN/ संगड़ाह

    पंचायत समिति संगड़ाह के निवर्तमान अध्यक्ष मेलाराम शर्मा ने आज संगड़ाह विकासखंड के गांव अरट में एकल विद्यालय का उद्घाटन किया। भारत लोक शिक्षा परिषद स्वयं सेवी संगठन के सौजन्य से खोले गए इस एकल विद्यालय में 15 वर्ष तक के बच्चों को प्रतिदिन नैतिक शिक्षा का पाठ पढ़ाया जाएगा।

    मेला राम शर्मा ने बताया कि अरट गांव में इस विद्यालय के खुलने से रेणुका क्षेत्र में एकल विद्यालयों की संख्या बढ़ कर 360 हो गईं हैं जबकि सिरमौर जिले में इन विद्यालयों की संख्या 1200 से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि देश भर में भारत लोक शिक्षा परिषद स्वयं सेवी संगठन के सौजन्य से खोले गए एकल विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों में बाल्यकाल से ही भारतीय संस्कृति के उच्च संस्कार विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

    मेलाराम शर्मा ने बताया कि एकल विद्यालयों का राष्ट्र में सनातन संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान है और भारत लोक शिक्षा परिषद इन विद्यालयों के माध्यम से युवा पीढ़ी में देश के प्रति गौरव की भावना उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

    उन्होंने राष्ट्र में एकल अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा की इस अभियान से जुड़े कार्यकर्ता अपने घर परिवार के निजी कार्यों को तिलांजलि देकर और राष्ट्र सेवा का व्रत लेकर देश की युवा पीढ़ी को सद्मार्ग पर आगे बढ़ाने का सारहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एकल अभियान, भारत का सबसे बड़ा गैर-सरकारी शिक्षा आंदोलन है।

    इस अभियान के तहत, देश के दूर-दराज के इलाकों में एकल विद्यालय खोले जाते हैं। इन विद्यालयों में बच्चों और किशोरों को मुफ़्त शिक्षा दी जाती है। उन्होंने आगे बताया कि देशभर की युवा पीढ़ी में बचपन से ही संस्कार शिक्षा का प्रचार प्रसार करने में भी एकल विद्यालयों की मेहती भूमिका रही है। इससे गांव और विशेष कर पिछड़े क्षेत्र के उत्थान और विकास को भी बल मिल रहा है।

    इस अवसर पर श्री रेणुका जी अंचल के अभियान प्रमुख एवं संगठन मंत्री संजू राणा ने बताया कि समूचे राष्ट्र में वर्तमान में एकल विद्यालयों की संख्या 1,20,000 तक पहुंच गई है और इस अभियान के अंतर्गत लगभग 25 लाख से अधिक विद्यार्थीयों को स्कूली शिक्षा के अतिरिक्त नैतिक शिक्षा प्रदान की जा रही है और उनमें देश के प्रति समर्पण और राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

    उन्होंने बताया की एकल विद्यालय में कार्य कर रहे कार्यकर्ता बच्चों को छोटी उम्र में कुपोषण से बचाने और उनमें स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत करने का कार्य भी कर रहे हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को व्यवसायिक शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

    संजू राणा ने बताया की एकल अभियान के अंतर्गत युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर करके उनमें अच्छे संस्कार डालकर उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एकल अभियान के अंतर्गत स्कूली शिक्षा के अलावा बच्चों में छिपी विलक्षण प्रतिभा को उजागर करके उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य मोहन सिंह, पूर्व पंचायत प्रधान ज्ञान ठाकुर और पंचायत सदस्य अनीता देवी भी उपस्थित थे।

  • संगड़ाह में 18 वर्षीय छात्रा ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर की आत्महत्या

    संगड़ाह में 18 वर्षीय छात्रा ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर की आत्महत्या

    HNN/ संगड़ाह

    जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में 18 वर्षीय छात्रा द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली गई है। मृतका छात्रा की पहचान अम्बिका (18) निवासी ग्राम पंचायत सांगना के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    जानकारी के मुताबिक, अम्बिका हेलीपैड के समीप संगड़ाह में किराए के कमरे में रह रही थी। मृतका के पिता ने बताया कि रविवार सुबह वह बेटी से मिलने संगड़ाह आया था। इस दौरान जब कमरे में गया तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला।

    जिसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखा गया तो लड़की फंदे से लटकी हुई थी। यह देखकर लड़की के पिता के होश उड़ गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि डीएसपी मुकेश कुमार ने की है।

  • विनय कुमार ने सगड़ाह के लुधियाना में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में की शिरकत

    विनय कुमार ने सगड़ाह के लुधियाना में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता में की शिरकत

    मैदान में मंच निर्माण के लिए 4 लाख रुपए देने की करी घोषणा

    HNN/ संगड़ाह

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने आज रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत संगडाह के लुधियाना में बाईलेश्वर क्रिकेट क्लब लुधियाना द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।‌

    विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि युवाओं को खेलकूद प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य हैं और अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल युवाओं को देश हित में राष्ट्र को मजबूत करने में लगाना चाहिए।

    लुधियाना खेल मैदान में मंच निर्माण के लिए 4 लाख की घोषणा

    विनय कुमार ने कहा कि, लुधियाना के इस खेल मैदान को और अच्छी तरह से विकसित किया जाएगा। उन्होंने इस खेल मैदान में मंच निर्माण के लिए प्रथम चरण में 4 लाख रूपये देने की घोषणा की।

    उन्होंने कहा कि मैदान में बिजली और पानी की व्यवस्था भी की जाएगी जिसके लिए उन्होने जल शक्ति और बिजली विभाग को निर्देश दिए। उन्होने कहा कि इस मैदान में आने वाले समय में और अधिक टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे ऐसी आशा करते हैं।

    प्रतियोगिता में भाग ले रही हैं 86 टीम

    इस प्रतियोगिता में 86 टीमों के करीब 900 खिलाडी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में प्रथम पुरुस्कार एक लाख रूपये तथा द्वितीय पुरस्कार में 51,555 रूपये रखे गए हैं।

  • संगड़ाह में गहरी खाई में गिरी टियागो कार, 19 वर्षीय युवक की मौत

    संगड़ाह में गहरी खाई में गिरी टियागो कार, 19 वर्षीय युवक की मौत

    HNN/ संगड़ाह

    जिला सिरमौर के उपमंडल के पंचायत शिवपुर में एक टियागो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक की जान चली गई है। जबकि दो युवकों को हल्की चोटें आई हैं। मृतक की पहचान 19 वर्षीय विशाल पुत्र जोगिन्दर निवासी शिवपुर के रूप में हुई है। वहीं चालक अंकित पुत्र यशपाल निवासी ग्राम पंचायत लाना पालर और रोहित पुत्र भूपाल घायल हुए है।

    जानकारी के मुताबिक, 3 युवक टियागो कार (HP-79-3011) में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान शिवपुर के समीप कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों को हल्की चोटें आई, जबकि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया था।

    घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से विशाल को ददाहू अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाहन रैफर कर दिया। यहां भी हालत में कोई सुधार नहीं होते हुए उसे चंडीगढ़ रैफर किया गया, लेकिन युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी बृज लाल मेहता ने मामले की पुष्टि की है।

  • संगड़ाह की 44 वन अधिकार समितियों को वन भूमि पर कब्जे नियमित करने की दी जानकारी

    संगड़ाह की 44 वन अधिकार समितियों को वन भूमि पर कब्जे नियमित करने की दी जानकारी

    अकेले सताहन पंचायत में खेत व बगीचों के लिए 25 प्रभावशाली लोगों द्वारा कब्जाई गई है वन भूमि

    HNN/ संगड़ाह

    सिरमौर जिला के विकास खंड संगड़ाह की पंचायत स्तर की 44 वन अधिकार समितियों को वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत वन अधिकार लेने संबंधी जानकारी के लिए हिमधारा संस्था व उपमंडल प्रशासन द्वारा 3 दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

    इस दौरान स्वयं सेवी संस्था के संयोजक हिमशी सिंह व प्रकाश भंडारी तथा एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने मौजूद ग्रामीणों को अपने वन अधिकार को लेने के कानूनी तरीके बताए। वन भूमि पर कब्जे नियमित करवाने के लिए काम कर रहे सिरमौर वन अधिकार मंच के कार्यकर्ता भी हरिपुरधार में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में मौजूद रहे।

    गौरतलब है कि उपमंडल संगड़ाह की अकेली सताहन पंचायत में 25 प्रभावशाली परिवारों द्वारा वन भूमि पर खेत, बगीचे व अन्य संपत्तियां बनाने के लिए अवैध कब्जे किए गए हैं। सिरमौर वन अधिकार मंच के सहयोग से 17 मई 2022 को उक्त परिवारों ने अपने दावे एसडीएम की अध्यक्षता वाली उपमंडल स्तरीय वनाधिकार समिति को भेजे थे, जिनमें से अधिकतर एफआरए के नियमों के खिलाफ पाए जाने के चलते नियमित नहीं हुए।

    3 व 4 जनवरी 2022 को उच्च न्यायालय के आदेशों के पर वन विभाग द्वारा दिउड़ी-खड़ाह पंचायत में आरक्षित वन से आधा दर्जन अवैध कब्जे हटाए भी जा चुके हैं। एनजीओ कार्यकर्ता हिमशी सिंह ने बताया कि, पहले दिन कार्यशाला में उपतहसील हरिपुरधार की 11 पंचायतों के प्रधान, सचिव, वन अधिकार समितियों व संबंधित कर्मचारी शामिल हुए, जबकि दूसरे दिन नौहराधार की 14 पंचायतों के लोगों को प्रशिक्षण दिया गया।

    बुधवार को अंतिम दिन संगड़ाह तहसील की शेष पंचायतों की वन अधिकार समितियों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला के समापन समारोह से पहले एसडीएम संगड़ाह दूसरे दिन मंगलवार को भी मौजूद रहे।

  • सागंना स्कूल में “निपूण भारत मिशन” के तहत निपूण मेला हुआ आयोजित

    सागंना स्कूल में “निपूण भारत मिशन” के तहत निपूण मेला हुआ आयोजित

    HNN/ संगड़ाह

    शिक्षा खंड संगड़ाह के राजकीय केंद्र पाठशाला सागंना के विद्यालय परिसर में निपूण भारत मिशन के तहत निपूण मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों द्वारा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता एफएलएन की विविध गतिविधिया करवा कर छात्रों का शैक्षणिक सत्र जाचा गया।

    इसके अलावा अलग-अलग गतिविधि स्टॉल पर अभिभावकों तथा बच्चों ने अपनी भूमिका निभाई। विद्यालय के प्रभारी एवं केंद्र मुख्य शिक्षक रमेश चंद्र चौहान ने शैक्षणिक सत्र 2023-2024 में बच्चों की विभिन्न क्षेत्र में उपलब्धियां भी गिनवाई। दोपहर भोजन के बाद सभी अभिभावकों की उपस्थिति में छात्रों का वार्षिक परिणाम भी घोषित किया गया तथा उसके बाद विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को पारितोषिक भी वितरित किए। जिसकी अध्यक्षता पंचायत प्रधान रीना त्यागी ने की।

    इस मौके पर पंचायत पूर्व प्रधान देवेंद्र ठाकुर, भाजपा जिला सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत, हीरा सिंह नेगी, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जगदीश ठाकुर के अतिरिक्त स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य इंदु ठाकुर, राधा देवी, वार्ड मेंबर मथुरा देवी, मनीषा ठाकुर, दौलत राम धीमान, गुमान सिंह ठाकुर, वीर सिंह शर्मा आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।

    कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने बताया कि विद्यालय का वार्षिक परिणाम बहुत ही सराहनीय रहा है। इस विद्यालय के दो छात्रों ने खंड स्तर पर भी प्रथम स्थान हासिल किया है। इसके लिए विद्यालय के केंद्र अध्यक्ष रमेश चंद्र चौहान एवं शिक्षक भरथ धीमान बधाई के पात्र है जबकि इस विद्यालय में शिक्षक की भी कमी है। उसके उपरांत भी इनका वार्षिक परिणाम बहुत ही सराहनीय रहा है।

  • संगड़ाह में रिहायशी मकान में हुआ भीषण अग्निकांड, बेघर हुआ परिवार

    संगड़ाह में रिहायशी मकान में हुआ भीषण अग्निकांड, बेघर हुआ परिवार

    HNN/ संगड़ाह

    जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के तहत आने वाले भलाड़ गांव में आग से गोपाल सिंह का मकान आग की चपेट में आने से जलकर राख हो गया। इस घटना में मकान का लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। घटना शुक्रवार रात की है।

    पंचायत प्रधान किरण देवी ने बताया कि एसडीएम व बीडीओ संगड़ाह को प्रभावित परिवार के मकान के लिए आर्थिक मदद के लिए आवेदन सौंपा जा चुका है। बेघर हुआ यह परिवार फिलहाल काफी अरसा पहले बंद हो चुके पुराने पटवार खाने में शरण लिए हुए है।

    बताया जा रहा है कि आग अंगीठी पर कपड़े गिरने से लगी। गनीमत यह रही कि सभी सदस्य मकान से सुरक्षित बाहर निकल गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। उधर, एसडीएम संगडाह सुनील कुमार कैंथ ने बताया कि प्रभावित परिवार को दस हजार रूपए की फौरी राहत राशि दी जा चुकी है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

  • सिरमौर में दर्दनाक हादसा: टिप्पर के खाई में गिरने से 2 लोगों की मौत, दो घायल

    सिरमौर में दर्दनाक हादसा: टिप्पर के खाई में गिरने से 2 लोगों की मौत, दो घायल

    HNN/ संगड़ाह

    जिला सिरमौर के ददाहू-संगड़ाह सड़क पर सोमवार देर शाम कालथ समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक टिप्पर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में 2 लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा 2 लोग बुरी तरह जख्मी हुए है।

    इस हादसे में गनोग निवासी कुलदीप(32) व घाटो निवासी जगदीश(45) की मौत हो गई। वहीं, रजाना निवासी राजेंद्र(46) व भूतमडी निवासी रविंद्र(32) गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें राजेंद्र की हालत गंभीर होने पर इसे मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया। जबकि चालक रविंद्र की हालत स्थिर बनी हुई है।

    जानकारी के मुताबिक, 4 लोग टिप्पर में सवार होकर संगड़ाह से रजाना की ओर जा रहे थे। इस दौरान कालथ के समीप करीब पहुंचते ही टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़क कर 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा।

    टिप्पर के गहरी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल ददाहू लाया गया। इनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया।

    प्रशासन की ओर से मृतकों के आश्रितों को 25-25 हजार व घायलों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है। एसएचओ संगड़ाह बृजलाल ने हादसे की पुष्टि की है।

  • संगड़ाह में जूतों की दुकान में हुआ भीषण अग्निकांड, लाखों का नुक्सान

    संगड़ाह में जूतों की दुकान में हुआ भीषण अग्निकांड, लाखों का नुक्सान

    HNN/ संगड़ाह

    जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में काली मिट्टी स्थित बाजार में जूतों की दुकान में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस अग्निकांड में पीड़ित को करीब 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। वहीं अग्निशमन विभाग की टीम भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुँच गई थी।

    जानकारी के मुताबिक, दुकानदार राजेन्द्र शर्मा ने की जूतों की दुकान में शार्ट सर्किट से अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। जब गश्त पर तैनात पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने दुकान से धुआं निकलता देखा तो उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की परन्तु सफलता हाथ नहीं लगी।

    जिसके बाद इस बाबत तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रशासन की ओर से तहसीलदार द्वारा पीड़ित को 10 हजार की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने खबर की पुष्टि की है।

  • घास लेने जंगल में गए  बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती

    घास लेने जंगल में गए बुजुर्ग पर तेंदुए ने किया जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती

    HNN/ संगडाह

    जिला सिरमौर के संगडाह उपमंडल में घास लेने जंगल में गए एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने अचानक हमला बोल दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिविल अस्पताल राजगढ़ रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें सोलन अस्पताल रेफर करना पड़ा।

    जानकारी के मुताबिक उपमंडल की दुर्गम ग्राम पंचायत सैर तंदुला के गांव बराडी में भीम सिंह घास लेने जंगल गए थे। इस दौरान एक बकरा भी वह साथ ले गए थे। घास काटते वक्त उनके बकरे पर तेंदुए ने हमला किया। बताया जा रहा है कि उसे बचाने के लिए वह तेंदुए से भिड़ गए।

    इस दौरान वह बुरी तरह लहुनलुहान हो हुए। अपनी जान पर बनती देख वह जोर से चिल्लाए। उनकी आवाजें सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने भीम सिंह को अचेत हालत में पाया। ग्रामीण तुरंत उन्हें नौहराधार अस्पताल लाए, जहां उनको प्राथमिक उपचार दिया गया।

    इसके बाद उन्हें चिकित्सक ने राजगढ़ रेफर कर दिया। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। तेंदुए ने उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म किए हैं। लोगों ने तेंदुए के हमले की शिकायत पुलिस से भी की है।