Category: SANGHRAH

  • संगड़ाह में देवदार के पेड़ों की अवैध कटान पर कार्रवाई, चूना खदान पर 1.47 लाख का जुर्माना

    संगड़ाह में देवदार के पेड़ों की अवैध कटान पर कार्रवाई, चूना खदान पर 1.47 लाख का जुर्माना

    संगड़ाह

    संरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटान पर वन विभाग की सख्त कार्रवाई, पेड़ों को किया कब्जे में

    गुप्ता एसोसिएट चूना खदान पर पड़ा भारी जुर्माना
    उपमंडल संगड़ाह के मंडोली क्षेत्र में स्थित गुप्ता एसोसिएट चूना खदान पर संरक्षित वन क्षेत्र में देवदार के कीमती पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने खदान संचालक पर 1 लाख 47 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। कार्रवाई के तहत कटे हुए पेड़ों को जब्त कर लिया गया है।

    संयुक्त निरीक्षण में उजागर हुआ मामला
    डीएफओ बलदेव कंडेटा और स्थानीय वन कर्मचारियों की संयुक्त जांच के दौरान यह अवैध कटान सामने आया। जांच में पाया गया कि खदान द्वारा संरक्षित क्षेत्र की सीमा में प्रवेश कर करीब आधा दर्जन देवदार पेड़ अवैध रूप से गिराए गए थे। विभाग ने तत्काल प्रभाव से इन पेड़ों की जब्ती की और जुर्माने की क्षतिपूर्ति रिपोर्ट जारी की।

    भविष्य में भी होगी सख्त निगरानी
    डीएफओ बलदेव कंडेटा ने बताया कि पूरे क्षेत्र में संचालित सभी चूना खदानों की गतिविधियों पर वन विभाग की कड़ी निगरानी है। विस्फोट और मशीनरी से पेड़ों को पहुंचने वाले नुकसान की भी जांच की जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी इस प्रकार की अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    पहले भी रही हैं अवैध कटान की शिकायतें
    संगड़ाह उपमंडल में वर्तमान में पांच चूना खदानें सक्रिय हैं, जिनमें से कुछ के खिलाफ पूर्व में भी देवदार और बान जैसे पेड़ों की कटाई व सरकारी भूमि पर अवैध खनन की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। वन विभाग की इस ताजा कार्रवाई ने ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के लिए एक स्पष्ट और सख्त संदेश दे दिया है।

  • संगड़ाह में जिला परिषद वार्डों के पुनर्गठन पर बवाल, तीन वार्ड बनाए रखने की मांग

    संगड़ाह में जिला परिषद वार्डों के पुनर्गठन पर बवाल, तीन वार्ड बनाए रखने की मांग

    संगड़ाह

    पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए तीन वार्डों की जरूरत, दो करने के फैसले पर उठे सवाल

    पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर से मुलाकात कर पिछड़े क्षेत्र के लिए तीन जिला परिषद वार्ड बनाए रखने की मांग की।

    पिछड़े क्षेत्र के साथ अन्याय, प्रतिनिधिमंडल ने जताई आपत्ति
    सिरमौर जिले के दुर्गम क्षेत्र संगड़ाह में जिला परिषद वार्डों के पुनर्गठन को लेकर विरोध तेज हो गया है। नारायण सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त प्रियंका वर्मा से मिलकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि संगड़ाह में पहले से बने तीन जिला परिषद वार्डों को घटाकर दो करना क्षेत्र के साथ अन्याय होगा।

    44 पंचायतों के लिए सिर्फ दो वार्ड, नाराजगी बढ़ी
    प्रतिनिधिमंडल में शामिल मेला राम शर्मा ने कहा कि संगड़ाह के 44 पंचायतों के लिए केवल दो वार्ड प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि पांवटा और नाहन जैसे समतल क्षेत्रों में 8-10 पंचायतों के लिए एक वार्ड बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र के विकास पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

    भाजपा नेताओं ने भी किया समर्थन
    प्रतिनिधिमंडल में जिला भाजपा के मीडिया सह प्रभारी प्रताप रावत, संगड़ाह भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवीर ठाकुर, सोम प्रकाश शर्मा और लायक राम शर्मा भी शामिल थे। उन्होंने उपायुक्त से पुनर्गठन के प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग की।

  • पीएम श्री विद्यालय नौहराधार ने 12वीं में हासिल किया 100% परिणाम, 10वीं में भी 95% विद्यार्थी हुए पास

    पीएम श्री विद्यालय नौहराधार ने 12वीं में हासिल किया 100% परिणाम, 10वीं में भी 95% विद्यार्थी हुए पास

    संगड़ाह

    विद्यार्थियों की मेहनत और अध्यापकों के मार्गदर्शन ने दिलाई सफलता, विद्यालय में खुशी का माहौल

    नौहराधार के पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ने हिमाचल प्रदेश बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा में 100% परिणाम हासिल कर सफलता का परचम लहराया। विद्यालय के तीनों संकाय – कला, वाणिज्य और विज्ञान में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

    कला संकाय में जतिन अव्वल
    कला संकाय में जतिन ने 461/500 अंक लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दीक्षा ने 429/500 अंक हासिल कर दूसरा और स्नेहा ने 427/500 अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

    कॉमर्स में केशव ने मारी बाजी
    वाणिज्य संकाय में केशव ने 432/500 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। आशीष कुमार ने 416/500 अंकों के साथ दूसरा और अभय कुमार ने 407/500 अंकों के साथ तीसरा स्थान पाया।

    विज्ञान में नेहा प्रथम
    विज्ञान संकाय में नेहा ने 408/500 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। निधि पुंडीर ने 397/500 अंकों के साथ दूसरा और यश पुंडीर ने 392/500 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

    विद्यालय के प्रधानाचार्य ने दी बधाई
    विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह चौहान ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और अध्यापकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अध्यापकों के मार्गदर्शन के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने यह भी बताया कि इस विद्यालय का 10वीं कक्षा का परिणाम भी 95% रहा था।

  • घंडूरी में खेत जाते समय किसान पर भालू का हमला गंभीर हालत में शिमला रेफर

    घंडूरी में खेत जाते समय किसान पर भालू का हमला गंभीर हालत में शिमला रेफर

    संगड़ाह/नौहराधार

    भालू के हमले में घायल किसान की हालत नाजुक, ग्रामीणों में दहशत

    उपमंडल संगड़ाह की नौहराधार तहसील के अंतर्गत घंडूरी गांव में भालू के हमले में 40 वर्षीय किसान लायक राम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना आज सुबह उस वक्त घटी, जब लायक राम अपने खेतों में काम करने के लिए जा रहा था।

    अचानक हुआ हमला

    लायक राम अपने घर से निकलकर खेत की ओर जा रहा था। अचानक, झाड़ियों में छिपे एक भालू ने उस पर हमला कर दिया। भालू ने अपने तेज पंजों और दांतों से ताबड़तोड़ वार किया, जिससे लायक राम के सिर, चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं।

    ग्रामीणों ने बचाई जान

    लायक राम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण वहां पहुंचे। उनकी उपस्थिति देख भालू जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने खून से लथपथ लायक राम को तुरंत उठाकर प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहराधार पहुंचाया।

    आईजीएमसी शिमला रेफर

    सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने लायक राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

    वन विभाग की प्रतिक्रिया

    वन विभाग के ब्लॉक अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही, भालू को पकड़ने के लिए वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।

    ग्रामीणों में दहशत

    घटना के बाद से घंडूरी और आसपास के गांवों में भय और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से भालू को पकड़ने की मांग की है।

    • धर्मपाल, रणदीप और सहीराम जैसे स्थानीय लोगों ने कहा कि भालू के हमले से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।
    • ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है, यदि भालू को जल्द नहीं पकड़ा गया।
  • सिरमौर के आदर्श अस्पताल संगड़ाह में 35 लाख की लैब पर ताला , डॉक्टर नदारद

    सिरमौर के आदर्श अस्पताल संगड़ाह में 35 लाख की लैब पर ताला , डॉक्टर नदारद

    आदर्श अस्पताल संगड़ाह: करोड़ों खर्च के बाद भी डॉक्टर और सुविधाओं का टोटा

    संगड़ाह/नाहन

    सिरमौर जिले के संगड़ाह स्थित आदर्श अस्पताल में हालात दिन-ब-दिन बदतर होते जा रहे हैं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत दो माह पूर्व स्थापित 35 लाख रुपये की अत्याधुनिक प्रयोगशाला उद्घाटन के बाद से ही ताले में बंद पड़ी है। मरीजों के लिए यह लैब सफेद हाथी बनकर रह गई है।

    लिफ्ट और जनरेटर भी बेकार
    5 मई 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा उद्घाटित 10.5 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अस्पताल में लगभग 30 लाख रुपये की लिफ्ट भी बंद पड़ी है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जनरेटर की अनुपलब्धता के चलते लिफ्ट का संचालन नहीं हो पा रहा है।

    लैब चालू होने में देरी
    खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल भारद्वाज के अनुसार, प्रयोगशाला निर्माण करने वाली एचएलएल कंपनी ने अभी तक स्टॉक लिस्ट उपलब्ध नहीं करवाई है। वहीं, एचएलएल के अधिकारी सुनील कुमार का दावा है कि स्टॉक लिस्ट पहले ही स्वास्थ्य विभाग को सौंप दी गई है। इस विरोधाभासी बयानबाजी के चलते लैब चालू होने में और देरी हो रही है।

    डॉक्टर और स्टाफ के पद खाली
    अस्पताल को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान का दर्जा तो मिल गया, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर है। अस्पताल में स्वीकृत 10 डॉक्टरों के पदों में से 9 पद खाली पड़े हैं। पैरामेडिकल स्टाफ की भी आधी सीटें रिक्त हैं।

    बुनियादी सुविधाओं का अभाव
    लगभग एक लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र के अस्पताल में अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं। मरीजों को मजबूरन निजी लैबों में जाकर महंगे दामों पर जांच करवानी पड़ रही है।

    स्थानीय लोगों की मांग
    स्थानीय लोगों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति तुरंत की जाए। इसके अलावा, बंद पड़ी लैब और लिफ्ट को भी जल्द से जल्द चालू किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

  • संगड़ाह में बिजली ठप होने से देवना और लुधियाना गांवों में पेयजल संकट गहराया

    संगड़ाह में बिजली ठप होने से देवना और लुधियाना गांवों में पेयजल संकट गहराया

    संगड़ाह

    बिजली गुल, उठाऊ पेयजल योजनाएं ठप
    सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल के देवना और लुधियाना गांवों में बीते पांच दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे गांवों में उठाऊ पेयजल योजनाएं पूरी तरह से बंद पड़ी हैं, जिसके चलते लोगों को खासकर महिलाओं को एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है।

    गांवों में बढ़ती असुविधा से नाराज ग्रामीण
    देवना गांव की महिलाओं ने बताया कि पानी के लिए उन्हें रोजाना लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड और स्थानीय विधायक एवं विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार के प्रति नाराजगी जताई है, क्योंकि अब तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है।

    कार्यालय बंद होने से समाधान नहीं मिल रहा
    स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि सुक्खू सरकार ने दो साल पहले संगड़ाह से अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंता के कार्यालय बंद कर दिए थे। इसका असर यह हुआ कि अब एक लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है।

    विभागीय प्रतिक्रिया और आश्वासन
    ददाहू के सहायक अभियंता कोमल शर्मा ने कहा कि लुधियाना गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है और आज या कल तक दोनों गांवों की बिजली बहाल कर दी जाएगी। हालांकि स्थानीय लोग इस बात से संतुष्ट नहीं हैं और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

    स्थायी तैनाती की उठी मांग
    ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि संगड़ाह में विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों की स्थायी तैनाती की जाए ताकि भविष्य में ऐसी परेशानी न हो। विभाग के कर्मचारियों के फोन न उठाने और शिकायतों पर कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश है।

  • 20 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, संगड़ाह में शोक की लहर

    20 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, संगड़ाह में शोक की लहर

    दुखद घटना के चलते व्यापार मंडल संगड़ाह ने शोक व्यक्त करते हुए दो घंटे के लिए किया बाजार बंद

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ संगड़ाह (सिरमौर)

    सिरमौर जिले के उपमंडल मुख्यालय संगड़ाह के समीपवर्ती गांव बोरली में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां 20 वर्षीय युवक सौरभ शर्मा पुत्र ब्रम्हानंद ने अज्ञात कारणों के चलते अपने घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

    स्थानीय लोगों और संगड़ाह पुलिस स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार, युवक ने यह दुखद कदम उठाया। मंगलवार को संगड़ाह अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया, जिसके उपरांत पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया।मृतक सौरभ का भाई एक दुकानदार है और इस दुखद घटना के चलते व्यापार मंडल संगड़ाह ने शोक व्यक्त करते हुए दो घंटे के लिए बाजार बंद रखा।

    डीएसपी संगड़ाह मुकेश डडवाल ने बताया कि घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

  • संगड़ाह में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट 7 अप्रैल को, प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू

    संगड़ाह में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट 7 अप्रैल को, प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू

    संगड़ाह

    7 अप्रैल को संगड़ाह में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट की प्रक्रिया
    उपमंडल संगड़ाह में 7 अप्रैल को वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट आयोजित किया जाएगा। एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने जानकारी दी कि, इस टेस्ट में वे लोग शामिल हो सकेंगे जिन्होंने 30 दिन पहले लर्निंग लाइसेंस प्राप्त किया है। टेस्ट की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से हैलिपैड पर शुरू होगी।

    पासिंग के लिए जरूरी दस्तावेज
    गाड़ी की पासिंग के लिए आवेदकों को फिटनेस फार्म, फीस और टेक्स की रसीद, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र साथ लाने होंगे।

  • पंचायत में सड़क न होने के बावजूद पढ़े-लिखे, अब बने इंजीनियरिंग इन चीफ, संगड़ाह के जोगिंद्र की मिसाल

    पंचायत में सड़क न होने के बावजूद पढ़े-लिखे, अब बने इंजीनियरिंग इन चीफ, संगड़ाह के जोगिंद्र की मिसाल

    संगड़ाह

    1500 लोगों से करवाया था श्रमदान, गांव तक सड़क पहुंचाने में निभाई थी अहम भूमिका


    जोगिंद्र चौहान को मिली बड़ी उपलब्धि
    सिरमौर जिला के उपमंडल संगड़ाह की लाना-चेता पंचायत के गांव रामपुर निवासी जोगिंद्र चौहान को जल शक्ति विभाग में इंजीनियर-इन-चीफ के पद पर पदोन्नति मिलने जा रही है। क्षेत्र के लोगों में इस उपलब्धि को लेकर काफी उत्साह है। बताया गया है कि सिर्फ डीपीसी की औपचारिकता शेष रह गई है। इस पद तक पहुंचने वाले वे रेणुकाजी और संगड़ाह क्षेत्र के पहले व्यक्ति होंगे।

    कठिन परिस्थितियों में पूरी की शिक्षा
    जोगिंद्र ने अपनी पढ़ाई उस दौर में पूरी की जब उनके गांव तक सड़क की सुविधा नहीं थी। उन्हें लगभग 5 किलोमीटर पैदल चलकर बस पकड़नी पड़ती थी। कठिन हालातों के बावजूद उन्होंने न केवल उच्च शिक्षा प्राप्त की, बल्कि प्रशासनिक सेवा में भी उल्लेखनीय स्थान बनाया।

    सामूहिक प्रयास से बनाई सड़क
    वर्ष 1995 में जोगिंद्र ने ज्ञान विज्ञान समिति संस्था की मदद से ग्रामीणों को श्रमदान के लिए प्रेरित किया। उनकी अगुवाई में लगभग 1500 लोगों ने मिलकर प्लाऊ गांव से लाना-चेता तक लगभग 3 किलोमीटर कच्ची सड़क बना डाली। इसके बाद जन दबाव के चलते सरकार ने बाकी सड़क निर्माण के लिए बजट भी स्वीकृत किया।

    सामाजिक पहल के लिए भी सराहना
    उनकी इस सामाजिक सोच और नेतृत्व क्षमता की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। विधायक व विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार सहित भाजपा और कांग्रेस के कई नेताओं और आम लोगों ने उन्हें इस सफलता पर बधाई दी है।

  • बस हादसा टला : ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी से टकराई निजी बस

    बस हादसा टला : ब्रेक फेल होने पर पहाड़ी से टकराई निजी बस

    संगड़ाह-हरिपुरधार मार्ग पर बड़ा हादसा टला , यात्री सुरक्षित

    संगड़ाह

    ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टला

    सिरमौर जिले के संगड़ाह-हरिपुरधार मार्ग पर एक निजी बस के ब्रेक फेल हो जाने के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आज सुबह हरिपुरधार से संगड़ाह की ओर आ रही मीनू कोच नामक बस डूम का बाग क्षेत्र के पास पहाड़ी से टकरा गई। इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

    ड्राइवर की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

    घायलों में शामिल कुछ यात्रियों ने बताया कि ब्रेक फेल होने के बाद चालक ने स्थिति को संभालते हुए बस को सड़क के ऊपरी हिस्से में पहाड़ी से टकरा दिया। अगर ऐसा नहीं किया जाता तो बस गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे गंभीर हादसा हो सकता था।

    पुलिस को सूचना नहीं, जांच जारी

    हादसे के बाद कुछ घायल यात्रियों को संगड़ाह अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं, पुलिस थाना संगड़ाह के मुख्य आरक्षी का कहना है कि अभी तक इस मामले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।