Category: HAMEERPUR

  • हमीरपुर में 10 नवंबर को बिजली बाधित रहेगी, ये क्षेत्र रहें प्रभावित

    हमीरपुर में 10 नवंबर को बिजली बाधित रहेगी, ये क्षेत्र रहें प्रभावित

    Himachalnow/हमीरपुर

    हमीरपुर के विद्युत उपमंडल-2 में 10 नवंबर को लाइनों की आवश्यक मरम्मत और पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते कुछ क्षेत्रों में बिजली बाधित रहेगी।

    प्रभावित क्षेत्रों में मोहीं, बड़ू, पॉलीटेक्निक कालेज, औद्योगिक क्षेत्र, बरोहा, जमली, कथाल, पुलिस लाइन और साथ लगते क्षेत्र शामिल हैं। बिजली सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बाधित रहेगी।

    सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिजली बाधित रहेगी और उपभोक्ताओं को इसके लिए तैयार रहना चाहिए।

  • हमीरपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल मेला शुरू

    हमीरपुर में दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल मेला शुरू

    Himachalnow/हमीरपुर

    हमीरपुर जिले के गौना करौर में स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल मेला शुरू हुआ। उपनिदेशक क्वालिटी कंट्रोल एवं जिला परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा नवीन कुमार ने मेले का शुभारंभ किया।

    बाल मेले के प्रथम दिन प्राइमरी और अप्पर प्राइमरी विंग की एकल गान, एकल गीत और चित्रकला, विज्ञान प्रदर्शनी, शिक्षण सहायक सामग्री और गेम्स का आयोजन किया गया। मुख्यातिथि ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

    जिला शिक्षण गौना करौर के मीडिया प्रभारी भवानी सिंह ने बताया कि दो दिवसीय बाल मेले में 480 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाल मेले के दूसरे दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। डाइट हमीरपुर के प्रशिक्षुओं ने कार्यक्रम में अपना भरपूर सहयोग दिया।

  • आंगनवाड़ी के पदों के लिए आवेदन 26 तक, इस दिन होंगे साक्षात्कार

    आंगनवाड़ी के पदों के लिए आवेदन 26 तक, इस दिन होंगे साक्षात्कार

    Himachalnow/हमीरपुर

    बाल विकास परियोजना टौणी देवी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के खाली पदों के लिए पात्र महिलाओं से 26 नवंबर सायं 5 बजे तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

    आंगनवाड़ी केंद्र धरौन, आंगनवाड़ी केंद्र ढो-1 और आंगनवाड़ी केंद्र मंढयार में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। जबकि, आंगनवाड़ी केंद्र टिक्कर लोअर, आंगनवाड़ी केंद्र दिम्मीं-2, आंगनवाड़ी केंद्र अम्मण पटवारियां, आंगनवाड़ी केंद्र टैहलू, आंगनवाड़ी केंद्र रजियार, आंगनवाड़ी केंद्र ठाणा लोहारां, आंगनवाड़ी केंद्र नोहाडा, आंगनवाड़ी केंद्र बारीं, आंगनवाड़ी केंद्र सिसवां, आंगनवाड़ी केंद्र टपरे और आंगनवाड़ी केंद्र बनालग में आंगनवाड़ी सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।

    सीडीपीओ ने बताया कि इन दोनों श्रेणियों के पदों के लिए महिला कम से कम बारहवीं पास होनी चाहिए तथा आवेदन की अंतिम तिथि अर्थात 26 नवंबर 2024 को उसकी आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच हो। आवेदक का नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र केे परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए तथा सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय पचास हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा।

    इन पदों के लिए चयनित होने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को नियुक्ति पत्र जारी होने की तिथि से दो वर्ष की अवधि के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसके बाद विभाग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सेवाएं नियमित की जाएंगी।

  • चठयाल बास के बाशिंदों ने पेश की मिसाल, मुक्ति धाम तक सड़क पहुंचाने के लिए तोड़ डाले खुद के मकान

    चठयाल बास के बाशिंदों ने पेश की मिसाल, मुक्ति धाम तक सड़क पहुंचाने के लिए तोड़ डाले खुद के मकान

    HNN/हमीरपुर

    चठयाल बास के बाशिंदों ने अपने पक्के मकान, पशुशालाएं और चारदीवारी को तोड़ कर आपसी सहयोग से गांव के बीच बने 3 से 4 फुट रास्ते को 10 फुट चौड़ी सड़क बनाकर मिसाल पेश की है। इस सड़क के निर्माण के बीच जिसके मकान का जितना हिस्सा आ रहा है वह मकान मालिक अपने स्तर पर हटाने में लगा है।

    गांववासियों ने रास्ते को सड़क में बदलने का कार्य शुरू कर दिया है और लगभग डेढ़ किलोमीटर बनाई जाने वाली सड़क के 500 मीटर हिस्से का निर्माण कर दिया है। इस सड़क के निर्माण में चतर सिंह ढटवालिया, निर्जला ढटवालिया, जगदीश ढटवालिया, डाॅ. सुरेंद्र ढटवालिया, सूबेदार राजेन्द्र ढटवालिया,नरेश ढटवालिया, अजय कुमार ढटवालिया (अधिशासी अभियंता) सहित सभी गांववासियों का भरपूर सहयोग मिला है और आगे भी मिलता रहेगा।

    सड़क निर्माण कमेटी के सदस्यों का कहना है कि इस सड़क की तर्ज पर गांव के बीच शक्ति चंद की गऊशाला के पास से लेख राज के घर के पास तक भी बड़ी गाड़ियों के लिए सड़क का निर्माण करवाया जाएगा।

  • नादौन में ब्यास नदी पर ओवर ब्रिज का निर्माण : यातायात को मिलेगी राहत

    नादौन में ब्यास नदी पर ओवर ब्रिज का निर्माण : यातायात को मिलेगी राहत

    हमीरपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर नए ओवर ब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है

    HNN/हमीरपुर

    हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन में ब्यास नदी पर नए ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस पुल के निर्माण से शिमला से धर्मशाला की ओर यात्रा करने वाले लोगों को काफी समय की बचत होगी और यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित ने बताया कि अप्रैल 2025 तक पुल का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

    नए प्रस्तावित टू लेन के तहत नादौन ब्यास ब्रिज पर एक और ओवर ब्रिज स्थापित किया जाएगा, जो दसवीं पातशाही गुरुद्वारा नादौन के नजदीक से निकलेगा। इससे पहले लगभग 50 वर्ष पहले एक ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया था, जो बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। नए ओवर ब्रिज के बनने से क्षेत्र के विकास और लोगों की यात्रा को और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सकेगा।

    पुल के निर्माण कार्य में बरसात के मौसम में भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए रुकावट आई थी, लेकिन अब कार्य निरंतर चल रहा है। पुल के कुल 10 पिलरों में से चार का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पांचवें पिलर का निर्माण कार्य जारी है। विभाग ने ब्यास नदी के पानी को दोनों ओर डायवर्ट किया है, ताकि बीच में पर्याप्त मात्रा में कंक्रीट डालकर आगे का कार्य सुचारू रूप से किया जा सके।

  • हमीरपुर में अवैध खनन पर सरकार का कड़ा रुख

    हमीरपुर में अवैध खनन पर सरकार का कड़ा रुख

    5 क्रशर बंद और करोड़ों का जुर्माना, नदियों खड्डों से अवैध रूप से निकाले जा रहे थे मिनरल्स

    HNN News हमीरपुर

    जिला हमीरपुर में अवैध खनन के खिलाफ सरकार ने बड़ी और सख्त कार्रवाई अमल में लाई है। विभाग के द्वारा अवैध खनन में सम्लिप्त 5 क्रशरों को बंद कर दिया है ।

    विभाग द्वारा इन पर करोड़ों रुपये का जुर्माना भी लगाया है। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 क्रशर पुंग खड्ड में, 2 बड़सर के शुक्कर खड्ड में और 1 नादौन के जोलसप्पड़ में चल रहे थे।

    इन सभी क्षणों पर लंबे समय से अवैध खनन में संलिप्त होने के आरोप लग रहे थे। जिसके बाद विभाग के द्वारा विस्तृत जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई।

    इन तमाम क्रशरों पर खड्डों से अवैध रूप से पत्थर, रेत और बजरी निकालकर ट्रैक्टर-ट्राॅलियों व ट्रकों में ढोया जाता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुंग खड्ड, पपरोल खड्ड और भोरंज की सीर खड्ड में अवैध खनन चल रहा था।

    जांच के दौरान विभाग को लोक निर्माण विभाग के पुल के पास भी अवैध खनन देखने को मिला है, जिससे इन क्षेत्रों की प्राकृतिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। बता दे कि अवैध खनन से पुंग खड्ड की गहराई बढ़ चुकी है और पानी सूख चुका है। सीर खड्ड में पोकलेन मशीन का उपयोग कर खनन हो रहा है।

    जिला खनन अधिकारी दिनेश कौंडल ने बताया कि पुंग खड्ड, सीर खड्ड और पपलोह खड्ड में हो रहे अवैध खनन पर विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं और भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

  • लंबलू के उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने के लिए 10 नवंबर तक का समय

    लंबलू के उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने के लिए 10 नवंबर तक का समय

    HNN/हमीरपुर

    विद्युत उपमंडल लंबलू के उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 10 नवंबर तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता ज्ञान चंद भाटिया ने कहा कि उपमंडल के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे इनका भुगतान 10 नवंबर तक उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।

    उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों का भुगतान समय पर करने से न केवल विद्युत व्यवस्था सुचारु रूप से चलती है, बल्कि उपभोक्ताओं को भी परेशानी से बचाया जा सकता है।

    सहायक अभियंता ज्ञान चंद भाटिया ने कहा कि उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया जाता है कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान 10 नवंबर तक अवश्य कर दें, ताकि उन्हें किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों का भुगतान समय पर करने से उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं का लाभ मिलता है और विद्युत व्यवस्था भी सुचारु रूप से चलती है।

  • हमीरपुर में ट्राले से गिरा ट्रांजिट मिक्सचर, कार पर गिरने से लाखों का नुकसान

    हमीरपुर में ट्राले से गिरा ट्रांजिट मिक्सचर, कार पर गिरने से लाखों का नुकसान

    HNN/हमीरपुर

    हमीरपुर जिले के दरकोटी गांव में एक दर्दनाक घटना में ट्राले में लोड ट्रांजिट मिक्सचर सड़क किनारे खड़ी कार पर गिर गया, जिससे कार को भारी नुकसान हुआ। घटना में कार मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान कार में कोई मौजूद नहीं था।

    पुलिस ने बताया कि घटना के बाद कार मालिक और गांव वासियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राले को कब्जे में लिया। हालांकि, दोनों पक्षों में सहमति होने से मामला दर्ज नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांजिट मिक्सचर को ट्राले में लोड करने के बाद बांधा नहीं गया था, जिससे वह गाड़ी पर पलट गया।

    इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया। पुलिस चौकी प्रभारी यशविंद्र ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।

  • आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए आवेदन आमंत्रित, 18 नवंबर तक करें आवेदन

    आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए आवेदन आमंत्रित, 18 नवंबर तक करें आवेदन

    HNN/हमीरपुर

    बाल विकास परियोजना बिझड़ी के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र गनोह ब्राह्मणा में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए क्षेत्र की पात्र महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक महिलाएं सादे कागज पर अपना आवेदन अपने पूर्ण विवरण एवं सभी आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों की छाया प्रतियां संलग्न करके 18 नवंबर को सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय बिझड़ी में जमा करवा सकती हैं।

    आवेदक महिला की आयु 18 से 35 वर्ष तक और शैक्षणिक योग्यता कम से कम बारहवीं पास होनी चाहिए तथा उसका नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए।

    अभ्यर्थी के परिवार की समस्त स्रोतों से वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो तथा उसका आय प्रमाण पत्र कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी किया गया हो।इस पद के लिए 21 नवंबर को प्रातः 10 बजे एसडीएम कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिया जाएगा। इच्छुक महिलाएं अपने आवेदन जल्द से जल्द जमा करवाएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।

  • हमीरपुर में नशीली दवाओं के अत्यधिक सेवन से युवक की मृत्यु

    हमीरपुर में नशीली दवाओं के अत्यधिक सेवन से युवक की मृत्यु

    HNN/हमीरपुर

    हमीरपुर में एक स्थानीय दुकानदार युवक की नशीली दवाओं के अत्यधिक सेवन के कारण मृत्यु हो गई। घटना डॉ. राधा कृष्णन मेडिकल कॉलेज के नजदीक की है, जहां युवक अपना व्यवसाय चलाता था। मृतक युवक का नाम राहुल बताया जा रहा है, जिसने दिवाली की शाम को अनजाने में नशीली दवाओं का अत्यधिक सेवन कर लिया था।

    इसके बाद राहुल अचेत हो गया और तत्काल चिकित्सा के लिए मेडिकल कॉलेज के एमरजेंसी यूनिट में ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई। राहुल ने दिन में अपने पिता का डायलिसिस भी करवाया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया है।

    पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चलेगा कि युवक ने कौन सी नशीली दवाएं ली थीं। पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है और बताया है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।