Category: KANGRA

  • ट्रैकिंग पर निकले विदेशी पर्यटक का बरामद हुआ शव

    ट्रैकिंग पर निकले विदेशी पर्यटक का बरामद हुआ शव

    HNN / काँगड़ा

    गुना माता ट्रैक पर ट्रैकिंग पर निकले विदेशी पर्यटक का आज गलू वाटरफॉल से शव बरामद हो गया है। मृतक पर्यटक की पहचान अमेरिका के मैक्समिलियन लोरेंज के तौर पर हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    दरअसल, विदेशी पर्यटक मैक्समिलियन लोरेंज करीब 10-12 दिन से नड्डी गांव के आरा कैंप में ठहरा हुआ था। यहाँ से वह 7 नवंबर को ट्रैकिंग पर निकला था। अगले ही दिन उसने संदेश भेजा कि वह रास्ता भटक गया है। इसके बाद आरा कैंप के प्रबंधक ने मैक्लोडगंज पुलिस को सूचित किया।

    इसके बाद कांगड़ा पुलिस और जिला प्रशासन हरकत में आया और एसडीआरएफ के साथ रेस्क्यू टीम को रवाना किया। आज एक हफ्ते बाद मंगलवार को पर्यटक का शव गलू वाटरफॉल के ऊपर मिल गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

  • पौंग झील में मध्य एशिया और साइबेरिया से पहुंचे विदेशी मेहमान, वन्य प्राणी विभाग….

    पौंग झील में मध्य एशिया और साइबेरिया से पहुंचे विदेशी मेहमान, वन्य प्राणी विभाग….

    HNN/ काँगड़ा

    कांगड़ा जिला में स्थित पौंग झील इन दिनों विदेशी मेहमानों से गुलजार है। अभी तक इस झील में हजारों की तादाद में प्रवासी पक्षी पहुंच चुके हैं तथा यह सिलसिला अभी भी लगातार जारी है। झील में अभी जहां विदेशी मेहमानों की संख्या हजारों में है तो वहीं आगामी दिनों के दौरान यह संख्या लाखों में पहुंच जाएगी। पौंग झील में यह विदेशी मेहमान मध्य एशिया, साइबेरिया, चीन मंगोलिया आदि ठंडे देशों से पहुंचे है।

    बता दें, पौंग झील में नॉर्दर्न पिनटेल, कोमनकूट, ब्लैक हैडिड गल, ग्रेट क्रिस्टल ग्रेब, ग्रेट करमोरेंट, ग्रे हैरोन, बार हैडिड गूज, ब्राह्मणी शैलडक, कॉमनटील सहित अन्य प्रजातियों के 20-25 हज़ार प्रवासी पक्षी यहां पहुंचकर अठखेलियां कर रहे हैं। जैसे-जैसे और ठंड बढ़ेगी इन प्रवासी पक्षियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। मार्च महीने तक यह विदेशी मेहमान यहां से वापस लौटेंगे।

    उधर, वन्य प्राणी विंग हमीरपुर के डीएफओ रेजीनोड रॉयस्टोन ने कहा कि पौंग झील में अब तक विभिन्न प्रजातियों के हजारों पक्षी जहां पहुंचकर अठखेलियां कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रवासी मेहमानों की सुरक्षा के लिए वन्य प्राणी विभाग की टीमों का गठन किया गया है जो कि हर वक्त पैनी नजर बनाए हुए हैं। प्रवासी पक्षियों का शिकार ना हो इसके लिए विभाग की टीमें मुस्तैदी से कार्य कर रही है।

  • मतदान से 3 दिन बाद दुनिया को अलविदा कह गई 104 वर्षीय भेक्कडी देवी, घर पर डाला था वोट

    मतदान से 3 दिन बाद दुनिया को अलविदा कह गई 104 वर्षीय भेक्कडी देवी, घर पर डाला था वोट

    HNN / कांगड़ा

    जिला कांगड़ा की उप तहसील राजा का तालाब की डक पंचायत की 104 वर्षीय भेक्कड़ी देवी का रविवार को देहांत हो गया। वह उम्र के इस पड़ाव में भी स्वस्थ थीं। दरअसल, बुजुर्ग महिला भेक्कड़ी देवी ने 3 दिन पहले यानी 10 नवंबर को अपने घर से मतदान किया।

    निर्वाचन आयोग की टीम घर आई और उनसे मत डलवाया। लेकिन रविवार को अचानक राम-राम जपती रही भेक्कडी देवी दुनिया को अलविदा कह गई। आज उनका मोक्ष धाम चकवाड़ी में अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों द्वारा बताया गया कि उम्र का शतक पार करने के बावजूद भी भेक्कड़ी देवी की नजर बिल्कुल सही थी, वह अक्सर सुई में धागा खुद पिरोती थी।

  • बारिश के बाद सड़क पर बढ़ी फिसलन- गाड़ी पलटी, लगा लंबा जाम…

    बारिश के बाद सड़क पर बढ़ी फिसलन- गाड़ी पलटी, लगा लंबा जाम…

    HNN/ काँगड़ा

    जिला में सुबह से ही मौसम खराब रहा और अचानक बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश होने से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई जिस कारण एक गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। हालांकि गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 32 मील के पास फोरलेन कार्य चला हुआ है।

    सुबह अचानक ही मौसम के करवट बदलने के साथ ही बारिश का क्रम शुरू हो गया जिससे सड़क पर फिसलन बढ़ गई। इसी बीच एक गाड़ी सड़क पर फिसलन के कारण स्किड होकर सड़क पर ही पलट गई। गाड़ी के पलटने से मार्ग पर भी जाम लग गया। जिसके बाद चालक गाड़ी से बाहर निकला।

    हालांकि गनीमत यह रही कि उसे चोटे नहीं लगी। वहीं सड़क पर बढ़ी फिसलन और गाडी के पलटने के कारण लंबा जाम लग गया जिससे वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

  • ट्रैकिंग पर निकला विदेशी पर्यटक लापता, एसडीआरएफ की टीमें तलाश में जुटी

    ट्रैकिंग पर निकला विदेशी पर्यटक लापता, एसडीआरएफ की टीमें तलाश में जुटी

    HNN/ कांगड़ा

    जिला कांगड़ा से विदेशी पर्यटक लापता हो गया है जो कि पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के नड्डी गांव के रमणीक पर्यटन स्थल गुना माता ट्रैक की ट्रैकिंग पर निकला था। हालांकि एसडीआरएफ की टीमें लापता पर्यटक को खोजने का प्रयास कर रही है। बावजूद इसके अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। वही बीती रात से ही जिला में मौसम भी खराब बना हुआ है। ऐसे में लापता पर्यटक को रेस्क्यू करने में टीमों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी।

    बता दें, मैक्समिलियन लोरेंज अमेरिका का रहने वाला है जोकि नड्डी गांव के आरा कैंप में पिछले 15 दिनों से ठहरा हुआ था। 7 नवंबर को वह गुना माता ट्रैक पर गया था लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण वह कहीं लापता हो गया। वही सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम हरकत में आई और लापता पर्यटक को ढूंढने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भेजा गया। एसडीआरएफ के डीएसपी सुनील राणा ने पुष्टि की है।

  • जिला के शक्तिपीठों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 23,500 ने नवाया शीश

    जिला के शक्तिपीठों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 23,500 ने नवाया शीश

    HNN/ काँगड़ा

    जिला कांगड़ा के शक्तिपीठों में बीते रोज आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब सहित दूर-दूर से श्रद्धालु अपने परिवार सहित जिला के तीनों शक्तिपीठों में दर्शन करने पहुंचे थे। रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते हजारों श्रद्धालुओं ने ज्वालामुखी, बज्रेश्वरी और नंदिकेश्वर धाम चामुंडा मंदिर में पहुंचकर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान तीनों शक्तिपीठों में 23,500 श्रद्धालुओं ने माथा टेका।

    शक्तिपीठ ज्वालामुखी में 20 हजार, बज्रेश्वरी मंदिर में 1,500 और नंदिकेश्वर धाम चामुंडा में 2,200 श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। मंदिर के वित्त एवं लेखा अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को भारी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शनों को पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की हर सुविधा के लिए यहाँ पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बताया कि अन्य दिनों की अपेक्षा वीकेंड पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है।

  • पौंग झील में प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला लगातार जारी, अब तक पहुंचे…

    पौंग झील में प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला लगातार जारी, अब तक पहुंचे…

    HNN/ काँगड़ा

    पौंग झील में प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक झील में 20 हजार से अधिक विदेशी परिंदे डेरा जमा चुके है। यह मेहमान परिंदे मध्य एशिया, साइबेरिया, चीन मंगोलिया आदि ठंडे देशों से यहां पहंचते हैं और जैसे-जैसे और ठंड बढ़ेगी इन पक्षियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। अगले माह तक यह संख्या लाखों में पहुंच जाती है और मार्च महीने तक यह विदेशी मेहमान यहां से वापस लौटेंगे।

    यहां पर पांच महीने यह पक्षी लगातार रौनक बढ़ाते हैं। इन पक्षियों को देखने के लिए दूर दूर से पर्यटक पहुंचते हैं। पक्षियों की अटखेलियों को देखकर यहां पर पर्यटक काफी आनंदित होते हैं। उधर, विदेशी मेहमान परिंदों की सुरक्षा के लिए वन्य प्राणी विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही है। यह टीमे इन पक्षियों की सुरक्षा कर रही है व अवैध रूप से होने वाले शिकार पर रोक लगा रही है।

    इसके अलावा दूरबीन के माध्यम से भी प्रवासी पक्षियों पर नजर रखी जा रही है। वन्य प्राणी विभाग हमीरपुर के डीएफओ रेजीनोड रॉयस्टोन ने कहा कि पौंग झील में प्रवासी पक्षियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है जिनकी देखरेख के लिए टीमों का गठन किया गया है।

  • राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू, बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी…

    राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू, बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी…

    HNN / काँगड़ा

    राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन इंदौरा की अर्नी यूनिवर्सिटी में होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 26 और 27 नवंबर होगी। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए अभी से ही तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के जूनियर, सीनियर व यूथ वर्ग में विजेता रहने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    दरअसल, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जूनियर, सीनियर और यूथ वर्ग के महिला और पुरुष के मुकाबले करवाए जाएंगे। प्रतियोगिता में विजेेता रहने वाले और बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जो दिसंबर के अंत में होने वाली राष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    उधर, प्रदेश एसोसिएशन की ओर से जिला संघों को भी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की सूची भी जारी करने के लिए कहा गया है, ताकि जल्द राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के होने वाले पूल को तैयार किया जा सके।

  • जज्बे को सलाम : 110 वर्षीय छोटो देवी ने बूथ पर जाकर पेश की मिसाल, अपने मत का किया प्रयोग

    जज्बे को सलाम : 110 वर्षीय छोटो देवी ने बूथ पर जाकर पेश की मिसाल, अपने मत का किया प्रयोग

    HNN / काँगड़ा

    हिमाचल प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए आज हो रहे मतदान को लेकर बुजुर्गों में भी भारी उत्साह देखा गया।  विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा के जमानाबाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में 110 वर्षीय छोटो देवी ने मतदान कर मिसाल पेश की। इसी तरह हमीरपुर में 103 वर्षीय महिला पीएस सरकार ने परिवार के साथ वोट डालकर मिसाल पेश की। बता दें प्रदेश में 68 विधानसभा सीटों के लिए प्रदेश भर में बनाए गए 7,881 मतदान केंद्रों में मतदान हुआ।

    मतदाता चुनावी मैदान में उतरे भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप), माकपा, बसपा और निर्दलीय समेत 412 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 8 दिसंबर को होगा। इनमें 388 पुरुष और 24 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाताओं में से 28,54,945 पुरुष, 27,37,845 महिलाएं और 38 थर्ड जेंडर हैं।  मतदान के दौरान 142 बूथ महिलाओं और 37 दिव्यांग कर्मियों के हवाले किए गए।

  • जिला की 15 विधानसभा सीटों से 91 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 13 लाख से अधिक वोटर…

    जिला की 15 विधानसभा सीटों से 91 उम्मीदवार चुनाव मैदान में, 13 लाख से अधिक वोटर…

    HNN/ कांगड़ा

    जिला कांगड़ा में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान लगातार जारी है। कांगड़ा के 15 विधानसभा सीटों से 91 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें सबसे अधिक सुलह विधानसभा क्षेत्र से 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं सबसे कम नगरोटा और पालमपुर से केवल चार-चार प्रत्याशी ही चुनाव लड़ेंगे। अन्य विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो नूरपुर और ज्वाली से 5-5, देहरा, जसवां परागपुर, ज्वालामुखी, जयसिंहपुर, कांगड़ा, धर्मशाला और बैजनाथ विधानसभा क्षेत्रों से 6-6 प्रत्याशी मैदान में हैं। जबकि शाहपुर और इंदौरा से 7-7 तथा फतेहपुर से 8 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

    जिला के 15 विधानसभा क्षेत्रों में 13 लाख से अधिक वोटर चुन रहे अपना विधायक
    आज प्रदेश में हो रहे विधानसभा के आम चुनावों के लिए मतदान को लेकर जिला कांगड़ा पूरी तरह तैयार है। जिला कांगड़ा के तहत 15 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। कांगड़ा जिला में कुल 13 लाख 34 हजार 542 मतदाता हैं। इनमें 6 लाख 53 हजार 661 महिला मतदाता और 6 लाख 80 हजार 875 पुरुष वोटर हैं। सर्विस वोटर की संख्या 21768 हैं। विदेश में रह रहे 6 प्रवासी निर्वाचक हैं। इसके अलावा तीसरे जेंडर के 6 मतदाता हैं।

    कहां कितने मतदाता
    मतदाताओं के विधानसभा वार आंकड़े के मुताबिक, नूरपुर में 45176 महिला व 48540 पुरुष, इंदौरा में 44501 महिला, 48742 पुरुष, फतेहपुर में 43982 महिला और 46221 पुरुष, ज्वाली में 49684 महिला व 52161 पुरुष, देहरा में 42054 महिला व 43209 पुरूष, जसवां परागपुर में 39008 महिला व 40848 पुरुष, ज्वालामुखी में 39333 महिला और 40808 पुरुष, जयसिंहपुर में 42588 महिला व 42590 पुरुष, सुलाह में 53130 महिला व 53846 पुरुष मतदाता हैं, नगरोटा में 44702 महिला व 46260 पुरुष, कांगड़ा में 41427 महिला और 42420 पुरुष, शाहपुर में 43801 महिला व 46177 पुरुष, धर्मशाला में 41469 महिला व 42359 पुरूष, पालमपुर में 38392 महिला व 40057 पुरुष व बैजनाथ में 44714 महिला और 46637 पुरुष मतदाता हैं।

    1627 मतदान केंद्रों पर डाले जा रहे वोट
    जिला निर्वाचन अधिकारी तथा उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में विधानसभा चुनावों के मतदान के लिए 1627 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 1625 मुख्य तथा 2 सहायक मतदान केंद्र हैं। जिले के हर विधानसभा हल्के में दो मतदान केंद्र महिला कर्मियों द्वारा संचालित है। इस प्रकार पूरे जिले में 30 मतदान केंद्र ऐसे होंगे जिनपर महिला कर्मी ही मतदान करवा रही है। इसके अतिरिक्त जिले में 7 दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित मतदान केंद्र बनाए गए हैं। हर विधानसभा हल्के में दो आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।