ट्रैकिंग पर निकला विदेशी पर्यटक लापता, एसडीआरएफ की टीमें तलाश में जुटी
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा से विदेशी पर्यटक लापता हो गया है जो कि पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के नड्डी गांव के रमणीक पर्यटन स्थल गुना माता ट्रैक की ट्रैकिंग पर निकला था। हालांकि एसडीआरएफ की टीमें लापता पर्यटक को खोजने का प्रयास कर रही है। बावजूद इसके अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। वही बीती रात से ही जिला में मौसम भी खराब बना हुआ है। ऐसे में लापता पर्यटक को रेस्क्यू करने में टीमों को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ेगी।
बता दें, मैक्समिलियन लोरेंज अमेरिका का रहने वाला है जोकि नड्डी गांव के आरा कैंप में पिछले 15 दिनों से ठहरा हुआ था। 7 नवंबर को वह गुना माता ट्रैक पर गया था लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण वह कहीं लापता हो गया। वही सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम हरकत में आई और लापता पर्यटक को ढूंढने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भेजा गया। एसडीआरएफ के डीएसपी सुनील राणा ने पुष्टि की है।