Category: MANALI

  • महाशिवरात्रि पर नई सोच – भांग की जगह खीर और फल का प्रसाद

    महाशिवरात्रि पर नई सोच – भांग की जगह खीर और फल का प्रसाद

    सामाजिक चेतना के तहत बदली परंपरा, भक्तों को मिलेगा पौष्टिक प्रसाद

    इस बार महाशिवरात्रि का पर्व हिमाचल प्रदेश के मंदिरों में एक नई सामाजिक चेतना के साथ मनाया जाएगा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब देव समाज भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी के तहत इस साल शिवालयों में भांग के घोटे का प्रसाद नहीं बनाया जाएगा। इसकी जगह भक्तों को खीर, फल और अन्य पौष्टिक प्रसाद वितरित किया जाएगा।

    शिव मंदिरों में परंपरा में बदलाव

    हर साल महाशिवरात्रि पर शिवालयों में भांग का घोटा तैयार किया जाता था, जिसे हजारों श्रद्धालु प्रसाद के रूप में ग्रहण करते थे। लेकिन इस वर्ष सामाजिक जागरूकता के तहत यह परंपरा बदली जा रही है। खासतौर पर मनाली बाजार के सियाली महादेव मंदिर, सियाल मंदिर और ब्राण गांव के नीलकंठ महादेव मंदिर में इस बार भक्तों को भांग की जगह साबुदाने की खीर, फल और अन्य शुद्ध प्रसाद वितरित किया जाएगा।

    ग्रामीणों की बैठक में लिया गया फैसला

    सियाली महादेव मंदिर के कारदार जयचंद ठाकुर ने बताया कि सियाल और बनसारी गांव के लोगों की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में चिट्टा और अन्य घातक नशों के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूत करने के लिए भांग के घोटे का वितरण बंद करने पर सहमति बनी। ग्रामीणों ने एकमत होकर यह फैसला किया कि इस बार न केवल सियाली महादेव बल्कि आसपास के अन्य मंदिरों में भी यह बदलाव किया जाएगा।

    शुद्ध प्रसाद से मिलेगी नई दिशा

    इस पहल से महाशिवरात्रि पर्व को नई दिशा मिलेगी। मंदिर समिति का मानना है कि इस छोटे से बदलाव से समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवा पीढ़ी को सही मार्गदर्शन मिलेगा। मंदिर प्रशासन और ग्रामीणों ने भक्तों से भी इस निर्णय का समर्थन करने की अपील की है, ताकि यह एक नई स्वस्थ परंपरा की शुरुआत बने।

  • मनाली ग्राम पंचायत ने नशे के खिलाफ उठाया सशक्त कदम

    मनाली ग्राम पंचायत ने नशे के खिलाफ उठाया सशक्त कदम

    ग्राम सभा में लिया गया बड़ा फैसला, नशा रोकने वालों को मिलेगा इनाम

    मनाली ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर ठोस कदम उठाया है। पंचायत द्वारा आयोजित बैठक में चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार को खत्म करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। यह बैठक माता हिडिंबा और मनु ऋषि भंडार प्रांगण में हुई, जिसमें पंचायत प्रधान मोनिका भारती की अध्यक्षता में कई प्रभावी फैसले लिए गए।

    नशे के कारोबारियों की सूचना देने पर मिलेगा इनाम

    बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति चिट्टा बेचने या नशा करने वालों की सूचना पंचायत को देगा, तो उसे 15 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। पंचायत का मानना है कि इस पहल से नशे के कारोबारियों की पहचान जल्दी हो सकेगी और पुलिस भी त्वरित कार्रवाई कर सकेगी। यदि स्थानीय लोग सतर्क रहेंगे और प्रशासन को सहयोग देंगे, तो गांव से नशे की समस्या को खत्म करना संभव होगा।

    रात 10 बजे के बाद दुकानें और ढाबे रहेंगे बंद

    गांव में अनुशासन और शांति बनाए रखने के लिए पंचायत ने यह भी निर्णय लिया कि रात 10:00 बजे के बाद सभी दुकानें, ढाबे और रेस्टोरेंट पूरी तरह बंद रहेंगे। इसके अलावा, डीजे और लाइव म्यूजिक बजाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पंचायत का मानना है कि देर रात तक खुली दुकानें और तेज आवाज में बजने वाला संगीत युवाओं को नशे की ओर आकर्षित कर सकता है, इसलिए इस नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा।

    नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना

    जो भी दुकानदार, ढाबे और रेस्टोरेंट मालिक इस नियम का उल्लंघन करेंगे, उन पर पंचायत द्वारा जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत इस कदम को गांव में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक मान रही है। इस फैसले को लागू करने के लिए पंचायत पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

    नशा विरोधी विशेष कमेटी का गठन

    बैठक में पंचायत ने नशे के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाने के लिए एक विशेष कमेटी का गठन भी किया। यह कमेटी पंचायत प्रधान, उप प्रधान, महिला मंडल और युवक मंडल के करीब 15 सदस्यों से मिलकर बनी है। इस कमेटी का मुख्य उद्देश्य गांव के युवाओं को नशे के खतरे के बारे में जागरूक करना और उन लोगों की पहचान करना है जो नशे का व्यापार करते हैं या इसका सेवन करते हैं।

    यह कमेटी इन सभी मामलों को पुलिस तक पहुंचाने का कार्य करेगी ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

    सभी ग्रामीणों ने किया फैसलों का समर्थन

    बैठक में उप प्रधान रामलाल ठाकुर और सभी वार्ड पंच भी मौजूद थे, जिन्होंने इस फैसले का समर्थन किया। गांव की महिलाएं और अन्य ग्रामीण भी इस पहल से जुड़कर नशे के खिलाफ एकजुटता दिखा रहे हैं। पंचायत का मानना है कि यदि सभी ग्रामीण मिलकर काम करेंगे, तो इस चुनौती से निपटा जा सकता है और गांव को नशामुक्त बनाया जा सकता है।

  • मनाली के सोलंग वैली में एडवेंचर स्पोर्ट्स पर विवाद, स्थानीय कारोबारियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

    मनाली के सोलंग वैली में एडवेंचर स्पोर्ट्स पर विवाद, स्थानीय कारोबारियों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

    हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली के सोलंग वैली में पिछले पांच दिनों से सभी तरह की साहसिक गतिविधियां बंद पड़ी हैं। इस स्थिति के पीछे स्थानीय कारोबारियों और एडवेंचर स्पोर्ट्स संचालकों के बीच पैकेज सिस्टम को लेकर चल रहा विवाद है।


    🚨 क्या है मामला?

    मनाली से लेकर नेहरू कुंड तक एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां पैकेज सिस्टम के तहत चलाई जा रही हैं। सूट-बूट और स्नो ड्रेस ऑपरेटरों द्वारा बनाए गए पैकेज के कारण स्थानीय एडवेंचर कारोबारियों को नुकसान हो रहा है

    📌 इससे प्रभावित व्यवसाय:

    • स्कीइंग
    • पैराग्लाइडिंग
    • एटीवी राइडिंग
    • अन्य साहसिक खेल

    📌 स्थानीय कारोबारियों का आरोप:

    • बाहरी लोग एडवेंचर स्पोर्ट्स के नाम पर सैलानियों को लूट रहे हैं
    • स्थानीय साहसिक खेल संचालकों की बदनामी हो रही है।
    • नौकरी और रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं

    🏛 प्रशासन से कार्रवाई की मांग

    पलचान और बरुआ पंचायत के स्थानीय लोगों ने एडवेंचर संगठन के पदाधिकारियों और पर्यटन कारोबारियों के साथ एसडीएम कुल्लू से मुलाकात की।

    एडवेंचर संगठन के अध्यक्ष देवी सिंह ने कहा कि कुछ लोग अन्य व्यवसायों के साथ एडवेंचर स्पोर्ट्स भी पैकेज के तहत बेच रहे हैं, जिससे वैध संचालकों का काम प्रभावित हो रहा है।

    📌 उनकी मुख्य मांगें:

    • पैकेज सिस्टम को पूरी तरह से खत्म किया जाए।
    • एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए उचित लाइसेंस व्यवस्था लागू की जाए।
    • टूरिज्म विभाग और सरकार इस मामले में जल्द हस्तक्षेप करें।

    ⚠️ स्थानीय कारोबारियों का आक्रोश

    पर्यटन व्यवसायी रोशन ठाकुर का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा पर्यटकों को ठगे जाने से पूरे पर्यटन उद्योग की बदनामी हो रही है

    📌 उनकी चिंताएं:

    • स्थानीय एडवेंचर ऑपरेटरों को रोजगार नहीं मिल रहा।
    • स्पॉट पर काम करने वाले कर्मचारियों को उचित पारिश्रमिक नहीं मिल पा रहा।
    • यदि प्रशासन ने समय रहते एक्शन नहीं लिया, तो वे खुद जबरन इन गतिविधियों को रोकेंगे।

    🚀 आगे क्या होगा?

    स्थानीय कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो वे अपने स्तर पर इस पैकेज सिस्टम को खत्म करने के लिए आंदोलन करेंगे

    अगली बैठक में इस मुद्दे को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।


  • मनाली के निजी होटल में हरियाणा के पर्यटक की मौत, जानें पूरा मामला

    मनाली के निजी होटल में हरियाणा के पर्यटक की मौत, जानें पूरा मामला

    पर्यटक अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिला

    हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के थाना मनाली के अंतर्गत लॉगहट्स इलाके में एक निजी होटल में हरियाणा के पर्यटक की मौत हो गई। पर्यटक अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिला। जब उसे अस्पताल पहुंचाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    पुलिस के अनुसार, त्रिवेंद्र कुमार (पुत्र संजय कुमार) प्लॉट नंबर-45, गांव सारंगपुर धुरकरा, अंबाला (हरियाणा) से थे और लॉगहट्स मार्ग पर एक होटल में ठहरे हुए थे। 25 जनवरी की सुबह करीब 10:00 बजे होटल कर्मचारी ने उन्हें अपने कमरे में बेहोश पाया। तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल मनाली ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    डीएसपी केडी शर्मा ने जानकारी दी कि मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। प्रथम दृष्टया, मौत का कारण हार्ट अटैक होने की संभावना जताई जा रही है।

  • Manali Winter Carnival murder / मनाली विंटर कार्निवल में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

    Manali Winter Carnival murder / मनाली विंटर कार्निवल में युवक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

    कांच की बोतल से किया गले पर हमला

    Manali Winter Carnival murder : प्रदेश के मनाली में वीरवार को 19 वर्षीय मृतक दक्ष के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं, मामले में पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मनाली में चल रहे विंटर कार्निवल की तीसरी सांस्कृतिक संध्या के दौरान मनुरंगशाला में हुए झगड़े में युवक की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कांच की टूटी बोतल से युवक के गले पर हमला किया गया।

    पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच

    वीरवार को तीन चिकित्सकों की निगरानी में 19 वर्षीय मृतक दक्ष के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। इस दौरान मजिस्ट्रेट भी मौजूद रहे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम ने सैंपल लिए। मनाली में शव गृह के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। विधायक भुवनेश्वर गौड़, एसडीएम रमण कुमार शर्मा और डीएसपी केडी शर्मा खुद मौके पर मौजूद रहे।

    घटना की पुलिस जांच और कार्रवाई

    कुल्लू के एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने मीडिया को बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मनुरंगशाला में वीआईपी दीर्घा की बाईं ओर अचानक युवाओं के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान आरोपी तुषार निवासी सियाल ने टूटी बोतल से दक्ष (19) के गले पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ड्यूटी पर तैनात जवान उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    अन्य युवकों से पूछताछ जारी

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटों के भीतर हमलावर तुषार को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल पर मौजूद चार अन्य युवकों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 103 और 35 के तहत मामला दर्ज किया है।

    मामले में और गिरफ्तारियां संभव

    पुलिस की जांच प्रारंभिक दौर में है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिया है कि जांच के दौरान यदि और लोगों की संलिप्तता पाई जाती है तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।


  • Manali Winter Carnival Murder : मनाली में युवक की हत्या , मनु रंगशाला में विंटर कार्निवाल के दौरान हादसा

    Manali Winter Carnival Murder : मनाली में युवक की हत्या , मनु रंगशाला में विंटर कार्निवाल के दौरान हादसा

    सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच युवक की हत्या से मची भगदड़

    Manali Winter Carnival Murder : जिला कुल्लू के पर्यटन स्थल मनाली में चल रहे विंटर कार्निवाल के दौरान मनु रंगशाला में युवक की हत्या का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद मनाली में सनसनी फैल गई। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

    सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई वारदात

    मनु रंगशाला में हजारों लोग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे, तभी बैक स्टेज के पीछे युवक की हत्या की घटना सामने आई। मृतक की पहचान दक्ष के रूप में हुई है, जो वशिष्ठ गांव का निवासी था। हत्या की खबर से रंगशाला में भगदड़ मच गई।

    परिजनों ने लगाया पुलिस पर अभद्रता का आरोप

    मृतक के चाचा श्यामलाल ने बताया कि जब वे मनाली अस्पताल पहुंचे तो उन्होंने पुलिस का पूरा सहयोग किया। हालांकि, एक पुलिस अधिकारी द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया। उन्होंने प्रशासन से उस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है।

    रोष प्रदर्शन की चेतावनी

    परिजनों ने कहा कि अगर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे वीरवार को मृतक का शव माल रोड पर रखकर रोष प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना है कि मनाली घाटी के लोग मिलकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध करेंगे।

    आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

    डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि युवक की हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

  • Maha Nati Manali / मनाली विंटर कार्निवल : महा नाटी ने बिखेरे पारंपरिक संस्कृति के रंग

    Maha Nati Manali / मनाली विंटर कार्निवल : महा नाटी ने बिखेरे पारंपरिक संस्कृति के रंग

    महा नाटी बना आकर्षण का केंद्र
    Maha Nati Manali : मनाली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय विंटर कार्निवल के दूसरे दिन पारंपरिक महा नाटी के रंग में डूबा रहा। कुल्लू जिले की परंपरा और संस्कृति को सहेजने के लिए मॉल रोड पर सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक परिधान में नाट करती दिखीं। इस आयोजन में करीब 100 से अधिक महिला मंडल शामिल हुए , (1500 से अधिक महिलाओ ने लिया भाग ) जिससे इस कार्निवल की शोभा और बढ़ गई।

    गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज महा नाटी
    महा नाटी, जो कुल्लू घाटी की पारंपरिक नृत्य शैली है, 2013 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज हुई थी। इस साल भी मनाली की सड़कों पर महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में इस नृत्य को प्रस्तुत किया। लेफ्ट बैंक और राइट बैंक की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने इस आयोजन में भाग लिया।

    महा नाटी की भव्यता
    मॉल रोड पर आयोजित महा नाटी में सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ नृत्य किया। नृत्य के दौरान पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाओं ने अपनी प्रस्तुति दी। यह आयोजन कुल्लू की संस्कृति को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास था।

    विंटर कार्निवल का सफर और प्रसिद्धि
    1977 में शुरू हुआ यह विंटर कार्निवल एक स्थानीय उत्सव के रूप में प्रारंभ हुआ था। धीरे-धीरे इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली और यह मनाली की संस्कृति का वैश्विक दर्पण बन गया। इस आयोजन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को विश्वभर में प्रचारित किया गया।

  • मुख्यमंत्री ने किया विंटर कार्निवल का शुभारंभ , 150 करोड़ रुपये होंगे पर्यटन विकास पर व्यय

    मुख्यमंत्री ने किया विंटर कार्निवल का शुभारंभ , 150 करोड़ रुपये होंगे पर्यटन विकास पर व्यय

    हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने में इस आयोजन की महत्वपूर्ण भूमिका
    मनाली में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव (विंटर कार्निवल)-2025 की सांस्कृतिक संध्याओं का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार देर शाम मनु रंगशाला में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने मनाली और कुल्लू जिलेवासियों को नववर्ष एवं शरदोत्सव की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने में इस आयोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

    पर्यटन विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की योजनाएं
    मुख्यमंत्री ने बताया कि मनाली हिमाचल का दिल है और यहां के पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार प्राथमिकता से काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि एशियन डवलपमेंट बैंक की परियोजनाओं के तहत मनाली में वेलनेस सेंटर, नग्गर कैसल के पुनरुद्धार, आइस स्केटिंग रिंक, और अन्य पर्यटन गतिविधियों पर 150 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

    रांगड़ी से वाम तट पुल और महिला मंडलों के लिए घोषणाएं
    मुख्यमंत्री ने यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए रांगड़ी से वाम तट पुल निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। साथ ही, महिला मंडलों की प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की भी घोषणा की।

    स्की माउंटेनियरिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
    इस अवसर पर स्की माउंटेनियरिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में साक्षी ठाकुर, तेंजिन डोलमा, और नताशा मेहर को क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान मिला। पुरुष वर्ग में हीरा लाल, तेंजिन बौद्ध, और गिरिराज क्रमशः विजेता रहे।

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय जुड़ाव पर जोर
    मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया और प्रसिद्ध गायक राजीव थापा के साथ गाने की चंद पंक्तियां गुनगुनाईं। उन्होंने मनाली के माल रोड पर चहल कदमी करते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मुलाकात की।

    मनाली में विकास कार्यों की चर्चा
    मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने 206 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि शहर में सीवरेज और पेयजल योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं।

  • मनाली / बर्फबारी बनी मुसीबत: अटल टनल में फंसे 1000 से अधिक वाहन, पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    मनाली / बर्फबारी बनी मुसीबत: अटल टनल में फंसे 1000 से अधिक वाहन, पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

    मनाली में सोलाांग नाला से अटल टनल तक अब से कुछ देर पहले 1000 से ज्यादा गाड़ियां फंस गईं. विंटर कार्निवाल देखने के लिए बहुत सारे लोग गए. इस बाीच वहां बर्फबारी भी हो रही है. जाम इतना लंबा लगा कि सैकडों गाडियां फंस गईं.

    मौसम ने डाला खलल

    सोमवार को सुबह से ही खराब मौसम ने मनाली और आसपास के इलाकों में दस्तक दी। दोपहर के बाद अटल टनल और धुंधी इलाके में बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ गईं। शाम होते-होते बर्फबारी तेज हो गई, जिससे पुलिस को सोलंगनाला से आगे वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी।

    बर्फ में फिसलने लगे वाहन

    लाहौल से लौट रहे पर्यटकों की गाड़ियां अटल टनल के साउथ पोर्टल और धुंधी इलाके में जमी बर्फ के कारण फिसलने लगीं। इस दौरान वाहन आपस में टकराने का खतरा बढ़ गया। हालात यह हो गए कि अटल टनल के साउथ पोर्टल से नॉर्थ पोर्टल तक करीब 1000 से अधिक वाहन फंस गए।

    पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन

    मनाली पुलिस ने तुरंत स्थिति संभालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बर्फबारी के बावजूद पुलिस जवानों ने एक-एक कर वाहनों को निकालने की प्रक्रिया शुरू की। धुंधी पुल से सोलंगनाला की ओर सैकड़ों वाहन सुरक्षित भेज दिए गए हैं। हालांकि, साउथ पोर्टल और धुंधी के बीच कई वाहन अब भी फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास जारी है।

    डीएसपी का बयान

    डीएसपी मनाली, केडी शर्मा ने बताया कि बर्फबारी अब भी जारी है, लेकिन पुलिस और अन्य राहतकर्मी पर्यटकों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। उनके अनुसार, सोलंगनाला तक एक हजार से अधिक वाहन फंसे हुए हैं और सभी को धीरे-धीरे मनाली की ओर भेजा जा रहा है।

    सावधानी और सुझाव

    पर्यटकों को खराब मौसम में सफर करने से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। बर्फबारी के चलते सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे सुरक्षा उपाय अपनाना अनिवार्य है।

    निष्कर्ष:
    अटल टनल और धुंधी में बर्फबारी ने हालात गंभीर बना दिए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। पर्यटकों से अपील है कि वे अनावश्यक जोखिम न लें और मौसम के अनुसार योजना बनाएं।

  • Fire in Manali Hotel / मनाली होटल में आग से करोड़ों का नुकसान, पर्यटक सुरक्षित

    Fire in Manali Hotel / मनाली होटल में आग से करोड़ों का नुकसान, पर्यटक सुरक्षित

    हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में स्थित संध्या रिजॉर्ट होटल में भयंकर आग लगने की घटना सामने आई है। यह होटल रांगड़ी-सिमसा मार्ग पर स्थित है, और इस आग के कारण करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि होटल में ठहरे सभी पर्यटक सुरक्षित हैं, और अभी तक किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग में कई पर्यटकों का सामान जलकर राख हो गया है। प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और प्रभावित पर्यटकों के लिए व्यवस्था की जा चुकी है।

    घटना का विवरण: आग कैसे लगी

    जानकारी के अनुसार, यह घटना शाम करीब पाँच बजे की है। संध्या रिजॉर्ट, जो सिमसा में स्थित है, में अचानक आग लग गई। होटल का स्वामित्व भुंतर निवासी खूब राम (पंपु) के पास है। होटल स्टाफ के मुताबिक, आग सबसे पहले कमरे नंबर 301 में लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे होटल में फैल गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन यह आशंका जताई जा रही है कि हीटर के ऑन रहने के कारण यह हादसा हुआ होगा। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।

    आग पर काबू पाने के प्रयास

    मनाली और पतलीकुहल से दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंची हैं और आग पर काबू पाने के लिए काम कर रही हैं। इसके अलावा, ग्रामीणों के पावर स्प्रे और टुल्लू पंप का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। होटल स्टाफ ने बताया कि होटल के 31 कमरों में पर्यटक ठहरे हुए थे। कुछ पर्यटक होटल में दोपहर का भोजन कर रहे थे, जबकि कुछ मालरोड़ घूमने गए थे। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो किसी प्रकार का जानी नुकसान हो सकता था।

    प्रशासन की निगरानी

    इस घटना के बाद एसडीएम रमण कुमार शर्मा और डीएसपी केडी शर्मा मौके पर पहुंचे हैं। एसडीएम ने बताया कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं, और अब तक किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने प्रभावित पर्यटकों के लिए ठहरने की व्यवस्था की है और स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण रखा है।