मुख्यमंत्री ने किया विंटर कार्निवल का शुभारंभ , 150 करोड़ रुपये होंगे पर्यटन विकास पर व्यय

हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने में इस आयोजन की महत्वपूर्ण भूमिका
मनाली में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय शरदोत्सव (विंटर कार्निवल)-2025 की सांस्कृतिक संध्याओं का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार देर शाम मनु रंगशाला में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने मनाली और कुल्लू जिलेवासियों को नववर्ष एवं शरदोत्सव की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को बनाए रखने में इस आयोजन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

पर्यटन विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मनाली हिमाचल का दिल है और यहां के पर्यटन ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार प्राथमिकता से काम कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि एशियन डवलपमेंट बैंक की परियोजनाओं के तहत मनाली में वेलनेस सेंटर, नग्गर कैसल के पुनरुद्धार, आइस स्केटिंग रिंक, और अन्य पर्यटन गतिविधियों पर 150 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।

रांगड़ी से वाम तट पुल और महिला मंडलों के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए रांगड़ी से वाम तट पुल निर्माण के लिए 15 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। साथ ही, महिला मंडलों की प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर 30,000 रुपये करने की भी घोषणा की।

स्की माउंटेनियरिंग प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान
इस अवसर पर स्की माउंटेनियरिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में साक्षी ठाकुर, तेंजिन डोलमा, और नताशा मेहर को क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान मिला। पुरुष वर्ग में हीरा लाल, तेंजिन बौद्ध, और गिरिराज क्रमशः विजेता रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय जुड़ाव पर जोर
मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया और प्रसिद्ध गायक राजीव थापा के साथ गाने की चंद पंक्तियां गुनगुनाईं। उन्होंने मनाली के माल रोड पर चहल कदमी करते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों से मुलाकात की।

मनाली में विकास कार्यों की चर्चा
मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने 206 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि शहर में सीवरेज और पेयजल योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं।