Category: NAHAN

We provide all the latest nahan news

HNN News brings nahan news. We cover all the latest news from nahan. We provide hindi news from nahan city to the readers.

  • हैदराबाद में बेबस हुआ हिमाचल का किसान पिता, एक आंख खो चुका मासूम, दूसरी बचाने की जंग

    हैदराबाद में बेबस हुआ हिमाचल का किसान पिता, एक आंख खो चुका मासूम, दूसरी बचाने की जंग

    नौ वर्षीय हिमानीश रेटिनोब्लास्टोमा जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा है और अब तक एक आंख की रोशनी खो चुका है। महंगे इलाज के बीच किसान पिता ने समाज और सरकार से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।

    सिरमौर/नाहन

    कैंसर ने बचपन को अस्पताल तक सीमित किया

    जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र की चाकली पंचायत के सरोगा टिक्कर गांव का 9 वर्षीय हिमानीश इन दिनों जिंदगी की कठिन लड़ाई लड़ रहा है। महज साढ़े छह साल की उम्र में रेटिनोब्लास्टोमा (आंखों का कैंसर) का पता चलने के बाद से उसका बचपन अस्पतालों, दवाइयों और इलाज के लंबे दौर में गुजर रहा है।

    इलाज के दौरान एक आंख निकालनी पड़ी

    परिजनों के अनुसार, कुछ वर्ष पहले अचानक एक आंख की रोशनी चली जाने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ में जांच करवाई गई, जहां कैंसर की पुष्टि हुई। बाद में बेहतर इलाज की उम्मीद में परिवार बच्चे को हैदराबाद के सेंटर फॉर साइट अस्पताल ले गया, जहां संक्रमण रोकने के लिए डॉक्टरों को उसकी एक आंख निकालनी पड़ी। तब से लगातार वहीं उपचार जारी है।

    अब तक 13 लाख रुपये खर्च, कर्ज में डूबा परिवार

    हिमानीश के पिता मनीष शर्मा, जो पेशे से किसान हैं, ने बताया कि अब तक इलाज, दवाइयों और यात्रा पर 12 से 13 लाख रुपये तक खर्च हो चुके हैं। यह रकम उन्होंने रिश्तेदारों से मदद और कर्ज लेकर जुटाई है। मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये और सहारा योजना के तहत मासिक सहायता मिली, लेकिन महंगे इलाज के सामने यह भी पर्याप्त नहीं पड़ रही।

    सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ न मिल पाने की परेशानी

    परिवार का कहना है कि हैदराबाद में आयुष्मान और हिमकेयर कार्ड मान्य न होने से आर्थिक बोझ और बढ़ गया है। यदि इन योजनाओं का लाभ मिल पाता, तो इलाज का बड़ा हिस्सा कवर हो सकता था और उन्हें बार-बार आर्थिक संकट का सामना न करना पड़ता।

    दूसरी आंख बचाने के लिए लंबा इलाज जरूरी

    डॉक्टरों के अनुसार हिमानीश की दूसरी आंख फिलहाल सुरक्षित है, लेकिन ट्यूमर का खतरा कई वर्षों तक बना रह सकता है। अब तक कई बार कीमोथैरेपी और रेडियोथैरेपी हो चुकी है, और आगे भी नियमित जांच व इलाज जरूरी बताया गया है। परिवार हर रिपोर्ट के साथ उम्मीद और चिंता के बीच समय बिता रहा है।

    समाज से मदद की मार्मिक अपील

    मनीष शर्मा ने भावुक अपील करते हुए कहा कि एक पिता के रूप में उनकी सबसे बड़ी इच्छा अपने बच्चे की बची हुई आंख की रोशनी को सुरक्षित रखना है। इलाज, सफर, ठहरने और खाने-पीने का खर्च लगातार बढ़ रहा है, और एक किसान परिवार के लिए इसे लंबे समय तक उठाना बेहद कठिन है। उन्होंने समाज, संस्थाओं और सरकार से मदद की गुहार लगाई है, ताकि हिमानीश का इलाज बिना रुके जारी रह सके।

  • सिरमौर में मादक पदार्थ और अवैध शराब के मामलों में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

    सिरमौर में मादक पदार्थ और अवैध शराब के मामलों में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

    जिला सिरमौर में पुलिस ने मादक पदार्थ और आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। बरामदगी के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब

    नशीले कैप्सूल के साथ व्यक्ति पकड़ा गया
    पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को नशीले कैप्सूल के साथ पकड़ा। आरोपी की पहचान फिरोज आलम निवासी गांव करोंदी, डाकघर मुसैल, तहसील बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे बातामंडी क्षेत्र से 1396 नशीले कैप्सूल के साथ हिरासत में लिया गया।

    एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज
    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

    माजरा क्षेत्र में अवैध शराब बरामद
    एक अन्य कार्रवाई में पुलिस थाना माजरा की टीम ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शराब के साथ पकड़ा। आरोपी की पहचान दलीप सिंह निवासी गांव रामपुर माजरी, डाकघर धौलाकुआ, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

    10 लीटर नाजायज शराब जब्त
    पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 लीटर अवैध शराब बरामद की है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।

  • गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

    गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस का केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

    महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। मनरेगा और पंचायत अधिकारों में दखल के आरोपों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला गया।

    सिरमौर/नाहन

    गांधी को श्रद्धांजलि के बाद शुरू हुआ विरोध

    महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी ने यशवंत चौक पर हिमाचल निर्माता स्वर्गीय डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के समक्ष धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मनरेगा योजना के मूल स्वरूप को कमजोर किए जाने के आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

    हर्षवर्धन चौहान का केंद्र पर सीधा हमला

    धरने को संबोधित करते हुए संसदीय कार्य एवं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना, जिसे गांधी के विचारों से जोड़कर ग्रामीण भारत को मजबूत करने के लिए शुरू किया गया था, उसे मौजूदा केंद्र सरकार लगातार कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायतों और ग्रामीणों से उनके अधिकार छीनकर सभी फैसले दिल्ली से थोपे जा रहे हैं।

    गांवों के विकास पर उठाए सवाल

    हर्षवर्धन चौहान ने सवाल उठाया कि अब गांव में कौन सा विकास कार्य होगा, किस योजना को प्राथमिकता मिलेगी और किसे रोजगार मिलेगा—यह क्या केंद्र सरकार तय करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता को विकास तय करने का अधिकार दिया था, लेकिन एनडीए सरकार उसी अधिकार को समाप्त करने पर तुली हुई है।

    अजय सोलंकी ने भी जताई चिंता

    नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि मनरेगा गरीब, किसान और मजदूर के लिए रोजगार की गारंटी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के स्वरूप में बदलाव कर इसे कमजोर किया जा रहा है, जिससे सीधे तौर पर ग्रामीण जनता प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और हर स्तर पर विरोध जारी रहेगा।

    आंदोलन तेज करने की चेतावनी

    धरना प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ जमकर नारे लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मनरेगा और पंचायतों के अधिकारों से छेड़छाड़ जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

    इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, मंडल अध्यक्ष ज्ञान चौधरी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र तोमर, सत्यराम चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष वीरेंद्र पाल शर्मा, महीपत सोलंकी, संजय, सुमित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

  • पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर फिर पलटा बजरी से लदा ट्राला, बड़ा हादसा टला

    पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर फिर पलटा बजरी से लदा ट्राला, बड़ा हादसा टला

    ओवरलोड ट्रालों से हाईवे बना खतरे का रास्ता, लोगों में दहशत

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    पांवटा साहिब–कालाअंब नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक बार फिर बजरी से लदा ट्राला हादसे का शिकार हो गया। यह घटना शंभुवाला में गुरुद्वारे के समीप सुबह करीब चार बजे पेश आई, जब कालाअंब की ओर जा रहा ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

    गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। चालक को भी कोई चोट नहीं आई है।

    हैरानी की बात यह है कि पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर रेत-बजरी से लदे ट्रालों के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं। बीते कुछ समय से इस मार्ग पर ओवरलोड ट्राले बार-बार अनियंत्रित होकर पलट रहे हैं, जिससे हाईवे पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

    उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले इसी नेशनल हाईवे पर गोशाला के समीप एक तीखे मोड़ पर बजरी से लदा ट्राला पलट गया था। वह ट्राला भी कालाअंब की ओर जा रहा था और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया था। ताजा हादसे ने एक बार फिर लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि पांवटा-कालाअंब नेशनल हाईवे पर ओवरलोड रेत-बजरी के ट्राले अकसर खराब होकर बीच सड़क में रुक जाते हैं। विशेषकर खजुरना से नाहन की ओर चढ़ाई वाले हिस्से में ये ट्राले हांफते नजर आते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बन जाती है।

    लगातार हो रहे हादसों के चलते राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ओवरलोड ट्रालों पर सख्ती नहीं की गई, तो इस व्यस्त नेशनल हाईवे पर किसी बड़े और गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

  • सतौन में चिट्टा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, 4.18 ग्राम स्मैक बरामद

    सतौन में चिट्टा के साथ व्यक्ति गिरफ्तार, 4.18 ग्राम स्मैक बरामद

    नशे के खिलाफ अभियान के तहत SIU टीम की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र में SIU टीम ने चिट्टा/स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला सिरमौर की SIU टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि सतौन क्षेत्र में एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर वाहन में घूम रहा है।

    सूचना के आधार पर पुलिस ने सतौन में आरोपी दिनेश कुमार पुत्र खजान सिंह निवासी गांव व डाकघर सतौन, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर की गाड़ी नंबर HP17J-0667 को चेक किया।

    वाहन की तलाशी के दौरान एक कैरी बैग बरामद हुआ। बैग के अंदर जिप्पर लगे पाऊच में चूर्ण व डली रूप में कुल 4.18 ग्राम चिट्टा/स्मैक पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।

    इस संबंध में पुलिस थाना पुरुवाला में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।एसपी नेगी ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाया जा सके और समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

  • नाहन में कार टक्कर के बाद पुलिस कर्मी से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

    नाहन में कार टक्कर के बाद पुलिस कर्मी से मारपीट, तीन आरोपियों पर केस दर्ज

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    नाहन में कारों की टक्कर के बाद जिला यातायात इकाई में तैनात एक पुलिस कर्मी के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पुलिस थाना नाहन में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

    शिकायतकर्ता आरक्षी गौरव ने पुलिस को बताया कि वह बवेजा पेट्रोल पंप पर अपनी कार में तेल डलवा रहा था। इसी दौरान उसके भाई ने फोन कर सूचना दी कि साई अस्पताल के पास उनकी कार को एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी है।

    मौके पर पहुंचने पर कार चालक सचिन और उसके साथी हरदीप व तुषार ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की।मारपीट में आरक्षी गौरव को टांग, हाथ, मुंह और सिर पर चोटें आई।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351(2), 352, 281 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया है।

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

  • शमलाटी मझगांव स्कूल के छात्र सारांश ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा की उत्तीर्ण

    शमलाटी मझगांव स्कूल के छात्र सारांश ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा की उत्तीर्ण

    जिला सिरमौर से चयनित 11 विद्यार्थियों में हासिल किया सातवां स्थान

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय शमलाटी मझगांव के छात्र सारांश सेवल ने स्वर्ण जयंती नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

    सारांश वर्तमान में विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र है।विद्यालय प्रभारी संजय अत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि यह छात्रवृत्ति परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती है।

    परीक्षा के द्वितीय चरण को उत्तीर्ण करने पर चयनित विद्यार्थियों को प्रथम वर्ष 4000 रुपये प्रतिमाह, द्वितीय वर्ष 5000 रुपये प्रतिमाह तथा तृतीय वर्ष 6000 रुपये प्रतिमाह की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।

    उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के अंतर्गत जिला सिरमौर से कुल 11 विद्यार्थियों का चयन होना था, जिसमें सारांश सेवल ने सातवां रैंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।

    शिक्षा खंड सराहां से यह परीक्षा उत्तीर्ण करने वाला सारांश एकमात्र विद्यार्थी है।विद्यालय प्रभारी ने सारांश को एक बहुआयामी प्रतिभासंपन्न छात्र बताते हुए कहा कि वह शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ गायन और पेंटिंग में भी दक्ष है।

    उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सारांश, उसके अभिभावकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी।वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नैनाटिक्कर की प्रधानाचार्य एवं क्लस्टर प्रमुख संगीता भट्टी ने भी सारांश की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी तथा छात्र को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

    उल्लेखनीय है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में भी राजकीय माध्यमिक विद्यालय शमलाटी मझगांव से दो विद्यार्थियों ने नेशनल मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा जबकि एक छात्रा ने नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की थी।

  • धौलाकुआं बागवानी अनुसंधान केंद्र में धायली स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण, विद्यार्थियों को मिला प्रशिक्षण

    धौलाकुआं बागवानी अनुसंधान केंद्र में धायली स्कूल का शैक्षणिक भ्रमण, विद्यार्थियों को मिला प्रशिक्षण

    कक्षा 6 से 8 के छात्रों ने फल-फूल, प्राकृतिक खेती और प्रवर्धन तकनीकों की जानकारी करी हासिल

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ धौला कुआं

    क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान केंद्र धौलाकुआं, जिला सिरमौर में बुधवार को राजकीय उच्च विद्यालय धायली, ददाहू के कक्षा छठी से आठवीं तक के 30 विद्यार्थियों का पूर्व-व्यावसायिक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बागवानी, कृषि और प्राकृतिक खेती से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना रहा।

    इस दौरान सह-निदेशक अनुसंधान प्रियंका ठाकुर ने विद्यार्थियों को ड्रैगन फ्रूट, लीची, रंगीन आम और किन्नू जैसे उपोष्णकटिबंधीय फलों की पहचान और उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी।

    उन्होंने फल-फूलों का दैनिक जीवन में महत्व, गेंदा और डहलिया जैसे सजावटी फूलों, हिमाचल की देशी सजावटी प्रजातियों, उनकी प्रवर्धन विधियों, फल-सब्जियों के पोषण महत्व तथा प्राकृतिक खेती की अवधारणा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

    युवा पेशेवर सिमरन कश्यप ने विद्यार्थियों को ड्राई फ्लावर प्रयोगशाला का भ्रमण करवाया। उन्होंने सजावटी फूलों और कृषि अपशिष्ट से तैयार होने वाले मूल्य संवर्धित उत्पादों के बारे में जानकारी दी।

    साथ ही किन्नू, स्ट्रॉबेरी, अमरूद और आम जैसी फसलों के साथ शीतकालीन वार्षिक फूलों की अंतःफसल प्रणाली तथा शीतकालीन फूलों के प्रवर्धन की प्रक्रिया भी समझाई गई।

    फील्ड वर्कर बलबीर ने सेब की टंग ग्राफ्टिंग, टी-बडिंग सहित विभिन्न उपोष्णकटिबंधीय फलों की प्रवर्धन तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया। इस अवसर पर फील्ड असिस्टेंट ग्रेड-1 राकेश भी उपस्थित रहे।

    शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के शिक्षक पवन कुमार, विक्रम कुमार और सचिन कुमार के साथ विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य कमलेश और ममता भी शामिल रहीं।

    सह-निदेशक अनुसंधान प्रियंका ठाकुर ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करते हैं और उनमें बागवानी, कृषि तथा प्राकृतिक संसाधनों के प्रति रुचि विकसित करने में सहायक होते हैं।

  • सिरमौर में 24 घंटे में 4 सड़क हादसे, हरिपुरधार में एक की मौत, 6 घायल

    सिरमौर में 24 घंटे में 4 सड़क हादसे, हरिपुरधार में एक की मौत, 6 घायल

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन

    जिला सिरमौर में बीते 24 घंटे के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार सड़क हादसे सामने आए हैं। इन दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कुल छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस थाना संगड़ाह में दर्ज मामले के अनुसार हरिपुरधार से लौटते समय एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

    शिकायतकर्ता जगपाल सिंह निवासी मोहाली (पंजाब) ने पुलिस को बताया कि वह दोस्तों के साथ हरिपुरधार घूमने गया था। वापसी के दौरान कार चालक की लापरवाही के चलते यह दुर्घटना पेश आई। मृतक की पहचान जगपाल पुत्र राम सिंह निवासी कालका, जिला पंचकुला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

    दूसरा हादसा पुलिस थाना श्री रेणुकाजी क्षेत्र में सामने आया। यहां एक तेज रफ्तार टिप्पर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। शिकायतकर्ता रिंकु निवासी गांव पनार ने बताया कि टिप्पर चालक की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई।

    तीसरा मामला पुलिस थाना पुरुवाला क्षेत्र का है। बायोवेदा कंपनी के पास गलत दिशा में तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े कैंटर की खिड़की से टकरा गई। इस हादसे में मोटरसाइकिल चालक घायल हो गया। प्रारंभिक जांच में मोटरसाइकिल चालक और कैंटर चालक दोनों की लापरवाही सामने आई है।

    चौथा मामला भी बीते 24 घंटे के भीतर दर्ज किया गया है, जिसमें वाहन दुर्घटना से जुड़ा मामला जांचाधीन है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

    जिला सिरमौर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने हादसों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में सावधानी बरतें, गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें।

  • 29 जनवरी को बनेठी में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम, उद्योग मंत्री करेंगे अध्यक्षता:SDM

    29 जनवरी को बनेठी में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम, उद्योग मंत्री करेंगे अध्यक्षता:SDM

    नाहन

    नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बनेठी में 29 जनवरी 2026 को सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम वन विभाग के विश्राम गृह बनेठी में होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश के उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान करेंगे।

    उपमंडलाधिकारी नाहन राजीव सांख्यान ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध करवाना है।

    उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में नाहन विधानसभा क्षेत्र की 11 ग्राम पंचायतों बनेठी, सैन की सैर, चाकली, क्यारी, सुरला, देवका पुड़ला, नौणी, रामाधौण, पंजाहल, नेहली धीड़ा और धगेड़ा के लोग अपनी समस्याएं और मांगें रख सकेंगे, जिनका निराकरण मंत्री की अध्यक्षता में किया जाएगा।

    कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सामाजिक सुरक्षा पेंशन की ई-केवाईसी सहित कई सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से मौके पर ही प्रदान की जाएंगी, ताकि ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

    स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे सुविधा, निशुल्क दवाओं का वितरण, हीमोग्लोबिन जांच, सीक्वल टेस्ट, आभा आईडी और आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

    इसके अलावा लोक मित्र केंद्र की सेवाएं, आय प्रमाण पत्र बनवाने और अपडेट के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं और बच्चों के पोषण एवं विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।