Category: Cities

All the cities from Himachal Pradesh state

  • निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगे गंगूराम मुसाफिर, 40 साल बाद…

    निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगे गंगूराम मुसाफिर, 40 साल बाद…

    HNN/ नाहन

    जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से गंगूराम मुसाफिर निर्दलीय चुनाव लड़ने जा रहे है जिसके लिए उनको भारी समर्थन भी मिल रहा है। बता दें, गंगूराम मुसाफिर एक बार फिर 40 वर्षों के बाद निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। शनिवार को राजगढ़ में गंगूराम मुसाफिर के सैकड़ों कार्यकर्ता राजगढ़ मैदान में एकत्रित हुए।

    उसके बाद करीब 3 घंटे तक चली मैराथन बैठक में सभी कार्यकर्ताओं ने गंगूराम मुसाफिर को निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए तैयार किया। बता दें, कांग्रेस हाई कमान ने 17 अक्टूबर को जब 46 प्रत्याशियों की घोषणा की, तो जीआर मुसाफिर की टिकट काटकर दयाल प्यारी को दे दिया गया। जिसके बाद से गंगूराम मुसाफिर के समर्थकों में भारी रोष पनपा हुआ था।

    जिसके विरोध में शनिवार को राजगढ़ में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में गंगूराम मुसाफिर ने कार्यकर्ताओं का आग्रह स्वीकार करते हुए 40 वर्षों के बाद एक बार फिर 25 अक्टूबर को निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करने के लिए हामी भर दी है।

  • नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही, 710 ग्राम चरस सहित व्यक्ति दबोचा

    नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही, 710 ग्राम चरस सहित व्यक्ति दबोचा

    HNN/ कुल्लू

    हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। हैरानी की बात तो यह है कि जिला में आए दिन पुलिस द्वारा की जा रही इस कार्यवाही के बावजूद भी नशा तस्कर नशे की तस्करी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। अब एक बार फिर पुलिस ने चरस की बड़ी खेप सहित एक तस्कर को धर दबोचा है।

    आरोपी रोशन लाल पुत्र मेहर चंद निवासी वार्ड नंबर 6 जिला क़ुल्लू के खिलाफ पुलिस ने पतलीकुहल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार, ज़िला क़ुल्लू की पतलीकुहल पुलिस ने रोशन लाल को जाँच के लिए रुकवाया। जब उसकी तलाशी ली गई तो आरोपी के कब्जे से 710 ग्राम चरस बरामद हुई। एसपी क़ुल्लू गुरदेव शर्मा ने पुष्टि की है।

  • सिरमौर में लगातार बढ़ रहा डेंगू का प्रकोप, अब तक सामने आए 450 मामले

    सिरमौर में लगातार बढ़ रहा डेंगू का प्रकोप, अब तक सामने आए 450 मामले

    HNN/ नाहन

    जिला सिरमौर में डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार इन में इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि प्रशासन, विभाग और नगर परिषद डेंगू से बचाव के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। बावजूद इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसने विभाग की चिंता बढ़ा दी है।

    बता दें कि सिरमौर जिला में अब तक डेंगू की चपेट में 450 लोग आ चुके हैं तथा यह आंकड़ा दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। हालांकि, पहले जहां 35 से 40 मरीज रोजाना डेंगू से संक्रमण के पहुंच रहे थे। वहीं, अब स्थानीय अस्पतालों में जांच के लिए आने वाले डेंगू के मरीजों की संख्या रोजाना 20 से 25 हो गई है।

    उधर, सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने बताया कि रोजाना डेंगू की चपेट में लोग आ रहे हैं परंतु राहत की बात यह है कि पहले के मुकाबले मामलों में कुछ हद तक कमी आई है। जिन लोगों के सैंपल पॉजिटिव आ रहे हैं, टीमें संबंधित क्षेत्र व घरों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। टीमें लोगों को डेंगू के लक्षण और इसके बचाव के बताए गए उपायों वाले पंफलेट भी बांट रही हैं।

  • भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद विधानसभा क्षेत्रों में बगावत के सुर मुखर- अलका लांबा

    भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद विधानसभा क्षेत्रों में बगावत के सुर मुखर- अलका लांबा

    HNN/ शिमला

    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता एवं प्रदेश कांग्रेस की मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह इन चुनावों में पूरी तरह अंतर्कलह से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में बगावत के सुर मुखर हो रहें है इसके चलते पार्टी के पदाधिकारी अपने कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी छोड़ रहें है। आज यहां राजीव भवन में एक पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए अलका लांबा ने भाजपा पर कड़े प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में भारी अंतर है।

    उन्होंने कहा कि भाजपा के अंदर परिवारवाद चरम पर है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के लिये घोषित प्रत्याशियों की सूची में पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर में जल शक्ति मंत्री के घर टिकट को लेकर द्वंद चल रहा है। वही चम्बा सदर में एक महिला कार्यकर्ता का टिकट काट कर विधायक की पत्नी को दिया गया जो कि एक कर्मठ महिला कार्यकर्ता का घोर अपमान है। अलका लांबा ने कहा कि भाजपा ने अगर गत पांच सालों में विकास किया होता तो उन्हें आज अपने वर्तमान विधायकों के टिकट न काटने पड़ते और अपने मंत्रियों के चुनाव क्षेत्र न बदलने पड़ते।

    उन्होंने कहा कि यह सब सरकार की विफलताओं को उजागर करता है। अलका लांबा ने कहा कि भाजपा हाईकमान का प्रदेश के नेतृत्व से विश्वास उठ चुका है जिस कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को खुद यहां बागियों को मनाने के लिये बैठना पड़ रहा है, और कार्यकर्ताओं को अनुशासन के नाम पर डराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब सरकार रिमोट कंट्रोल पर हो और बैटरी कमजोर हो तो वह काम करना बंद कर देती है। जयराम ठाकुर वही कमजोर बैटरी है जिसका रिमोट दिल्ली में रखा है।

    अलका लांबा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस एकजुट है और पूरी सहमति के साथ पार्टी प्रत्यशियों का चयन किया गया है। उन्होंने कहा कि शेष पांच प्रत्याशियों को भी जल्द ही घोषित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्टार प्रचारक प्रदेश में चुनावी रैलियों को सम्बोधित करेंगे।

  • दीपावली, गुरुपर्व पर दो घंटे तो क्रिसमस और नए साल में इतने मिनट कर सकेंगे आतिशबाजी

    दीपावली, गुरुपर्व पर दो घंटे तो क्रिसमस और नए साल में इतने मिनट कर सकेंगे आतिशबाजी

    HNN/ चंबा

    ज़िला में दीपावली त्योहार-2022 के दौरान आगजनी की घटनाओं से एहतियातन उचित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित बनाने को लेकर ज़िला दंडाधिकारी डीसी राणा ने विस्फोटक नियम 2008 के तहत आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, ज़िला में ग्रीन पटाखों के भंडारण, बिक्री व इस्तेमाल की अनुमति होगी। आदेश में सभी एसडीएम को कोविड-19 के मानक संचालन प्रक्रिया के तहत पटाखों की बिक्री स्थलों को चिन्हित करने और उप मंडलों में ध्वनि प्रदूषण व वायु प्रदूषण की निगरानी और नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए हैं।

    आदेश में यह भी कहा गया है कि दीवाली त्योहार व गुरूपर्व पर रात 8 बजे से रात 10 बजे के बीच और क्रिसमस व नववर्ष के दौरान रात 11.55 से रात 12.30 बजे के बीच ही पटाखों के प्रयोग की अनुमति रहेगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पटाखों की खुदरा या थोक बिक्री के लिए सम्बन्धित उपमंडल दंडाधिकारी द्वारा पूर्व निर्धारित या निर्दिष्ट अस्थायी, खुले और सुरक्षित स्थानों में ही पूर्व अनुमति लेने के बाद ही की जा सकेगी।

    बिक्री स्थलों में निर्मित शेड या दुकानों में ना जलने वाले पदार्थों के प्रयोग करने को कहा गया है। इसके अलावा बिक्री स्थलों में उपयुक्त मात्रा में अग्निशमन यंत्रों, पानी इत्यादि की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी कार्यालयों, बाजारों, साइलेंस जोन और हेरिटेज भवनों के आस-पास पटाखे फोड़ने की सख्त मनाही होगी। नगर परिषद, नगर पंचायत पटाखों से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण भी सुनिश्चित करेंगे।

  • त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग मुस्तैद, बाजारों में छापेमारी कर..

    त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग मुस्तैद, बाजारों में छापेमारी कर..

    HNN/ सोलन

    त्योहारी सीजन के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने जिलेभर में अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की जांच करने और सैंपल भरने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा मिठाई तैयार करने वाले दुकानदारों को मिलावटी खोया और सेहत को नुक्सान पहुंचाने वाले रंगों का मिठाई में इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

    इसके लिए विभाग ने जिले भर में औचक निरीक्षण की व्यापक मुहिम भी शुरू कर दी है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी पाए जाने पर दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। मिठाइयों को ढककर न रखने वाले, सड़क के किनारे स्टॉल लगाकर खुले में मिठाइयां बेचने वाले दुकानदारों के चालान भी काटे जा रहे है। बीते रोज भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिला भर के बाजारों में छापेमारी की।

    इस दौरान विभाग की टीम ने रसगुल्ले, पेठा समेत 15 मिठाइयों के सैंपल भरे और इन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेज दिया है। लैब से 15 दिन बाद रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी। उधर, सहायक आयुक्त जिला खाद्य सुरक्षा विभाग अरुण चौहान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे जा रहे हैं, ताकि कोई भी खराब वस्तु बाजार में न बेची जा सके। उन्होंने बताया कि जिला भर से अब तक 44 सैंपल भरे जा चुके हैं।

  • Himachal Assembly Elections: कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची, पावंटा साहिब से…

    Himachal Assembly Elections: कांग्रेस ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची, पावंटा साहिब से…

    HNN/ शिमला

    हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा शनिवार को जारी की गई प्रत्याशियों की सूची के अनुसार पावंटा साहिब से किरनेश जंग को टिकट दिया गया है।

    इसके अलावा विधानसभा चुनाव के लिए जयसिंहपुर से यादविंद्र गोमा, मनाली से भुवनेश्वर गौड़ और किन्नौर से जगत नेगी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। हमीरपुर सीट से कांग्रेस अभी भी प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है।

  • चोरों ने घर में लगाई सेंध, लाखों के गहने उड़ाए

    चोरों ने घर में लगाई सेंध, लाखों के गहने उड़ाए

    HNN/ बिलासपुर

    झंडूता थाना के अंतर्गत कल्लर में चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ कर लिया। इस दौरान शातिरों ने अलमारी का लॉकर तोड़ा और अंदर रखे सोने का गले का सेट, झुमके, मंगलसूत्र, मांग टीका, नथ, चाक, नाक की चार तिलियां और चांदी की पायल उड़ा ले गए।

    वही परिवार के सदस्य जब घर पहुंचे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो अलमारी से गहने गायब थे। जिसके बाद सरोज कुमारी पत्नी सुरेश कुमार निवासी गांव कल्लर तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर ने इसकी शिकायत तुरंत पुलिस थाना में दर्ज करवाई।

    पीड़िता ने बताया कि उनका पूरा परिवार भयाणू पीर मंदिर माथा टेकने गया था और चोर पीछे से घर में घुस गए तथा अलमारी से लाखों के गहनों पर हाथ साफ कर गए। उधर, डीएसपी मुख्यालय राजकुमार ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी की शिकायत मिली है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है साथ ही तहकीकात जारी है।

  • जिला के इन क्षेत्रों में होगी पटाखों की बिक्री, उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ होगी कार्यवाही

    जिला के इन क्षेत्रों में होगी पटाखों की बिक्री, उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ होगी कार्यवाही

    HNN/ सोलन

    उप मण्डलाधिकारी कसौली गौरव महाजन ने दीपावली के त्यौहार के दृष्टिगत धारा 144(1)(2)व(3) सी.आर.पी.सी. 1973 के तहत निहित शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए है। उन्होंने बताया कि 22 अक्तूबर से 24 अक्तूबर, 2022 तक कल्लर सिनेमा हॉल छावनी बोर्ड कसौली के सामने, सीआरआई गेट कसौली के पास कार पार्किंग, राम लीला ग्राउंड गड़खल, (1) एनएच-5 शॉपिंग कंपलेक्स धर्मपुर, (11) सब्जी मंडी धर्मपुर के पास स्कूल रोड, आनंद पार्क सेक्टर-1 परवाणू (खेल क्षेत्र के रूप में ई.ओ. एम.सी. परवाणू द्वारा निर्धारित), हर चौक कृष्णगढ़ कुठाड़, माता मंदिर चंडी के पास मां चंडी मेला मैदान, बदल दुआ, चाची चौक गोयला और निचला पत्ता चौक पट्टा में पटाखों की बिक्री की जा सकती है।

    आदेशों के अनुसार अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, कोर्ट और धार्मिक स्थलों के आसपास कम से कम 100 मीटर के दायरे में ‘साइलेंस जोन’ होगा जिसमें पटाखों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा। आदेश के अनुसार रात्री 08.00 बजे से रात्री 10.00 बजे तक ही पटाखें जलाने की अनुमति होगी। आदेशों के अनुसार पटाखें बिक्री के लिए अस्थाई दुकानों का आबंटन सी.ई.ओ कंटोनमेंट बोर्ड कसौली, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, ई.ओ.एम.सी परवाणू द्वारा पहले आओ पहले पाओ के आधार पर ही दिया जाएगा। संबंधित प्राधिकारियों से अनुमति लेने के बाद ही अधिकारियों द्वारा निर्धारित स्थानों पर पटाखों की बिक्री लाइसेंस धारक द्वारा की जा सकती है।

    आदेशों के अनुसार आवासीय क्षेत्र में लाइसेंसी विक्रेता द्वारा पटाखों का भंडारण नहीं किया जाता है, ऐसा करने पर गोदामों को सील कर दिया जाएगा तथा उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य स्थान पर पटाखों की बिक्री पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने बताया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और 24 अक्तूबर, 2022 तक लागू रहेंगे।

  • सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब और अवैध हथियारों को रोकने के लिए आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान तैनात

    सीमावर्ती क्षेत्रों में शराब और अवैध हथियारों को रोकने के लिए आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान तैनात

    HNN/ बिलासपुर

    आदर्श चुनाव आचार संहिता के दौरान जिला बिलासपुर में अंतर राज्य बॉर्डर व सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रग्स, अवैध शराब और अवैध हथियारों जैसे प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी व आमद को रोकने के लिए 9 नाका पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इन नाका पॉइंटस पर निगरानी के लिए आईटीबीपी की 3 व बीएसएफ की 6 टुकड़ियों को तैनात कर दिया गया है ताकि जिला बिलासपुर में स्वतंत्र, निष्पक्ष व पारदर्शी चुनाव करवाया जा सके।

    जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज राय ने सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए पंजाब जिला के रोपड़ के उपायुक्त प्रीति यादव और एसएसपी डॉ संदीप गर्ग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीटिंग की। जिसमें विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान प्रतिबंधित पदार्थों व अपराधियों के आवाजाही जांच के लिए सख्त निगरानी, इन रूटों पर औचक चेकिंग नाकाबंदी के बारे में विचार विमर्श किया गया।

    बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि इस दौरान प्रभावी संचालन के लिए ड्रग तस्करों और शराब तस्करों की सूची दोनों पक्षों के बीच साझा की जाएगी। इसके अतिरिक्त सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी को रोकने के लिए दोनों पक्षों के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित गश्त की आवश्यकता है। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों के दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच होगी।

    इस दौरान दोनों पक्ष बेहतर समन्वय के लिए अपने-अपने राज्यों के चुनाव संबंधी परिपत्रों को एक दूसरे के साथ साझा करेंगे और दोनों पक्ष नियमित आधार पर अपराधियों और प्रतिबंधित पदार्थों की तस्करी से संबंधित जानकारी साझा करेंगे ताकि सभी पर त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर के साथ पंजाब राज्य के साथ 40 किलोमीटर क्षेत्र आता है और कुल 16 मतदान केंद्र पंजाब के साथ सीमा साझा करते हैं। उन्होंने बताया कि 49-श्री नैना देवीजी विधानसभा क्षेत्र की कुल 26 गांव सीमा पर स्थित है।