सिरमौर में लगातार बढ़ रहा डेंगू का प्रकोप, अब तक सामने आए 450 मामले
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर में डेंगू के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं और लगातार इन में इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि प्रशासन, विभाग और नगर परिषद डेंगू से बचाव के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। बावजूद इसके मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिसने विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
बता दें कि सिरमौर जिला में अब तक डेंगू की चपेट में 450 लोग आ चुके हैं तथा यह आंकड़ा दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है। हालांकि, पहले जहां 35 से 40 मरीज रोजाना डेंगू से संक्रमण के पहुंच रहे थे। वहीं, अब स्थानीय अस्पतालों में जांच के लिए आने वाले डेंगू के मरीजों की संख्या रोजाना 20 से 25 हो गई है।
उधर, सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने बताया कि रोजाना डेंगू की चपेट में लोग आ रहे हैं परंतु राहत की बात यह है कि पहले के मुकाबले मामलों में कुछ हद तक कमी आई है। जिन लोगों के सैंपल पॉजिटिव आ रहे हैं, टीमें संबंधित क्षेत्र व घरों में जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। टीमें लोगों को डेंगू के लक्षण और इसके बचाव के बताए गए उपायों वाले पंफलेट भी बांट रही हैं।