HNN/ सोलन
त्योहारी सीजन के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने जिलेभर में अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की जांच करने और सैंपल भरने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा मिठाई तैयार करने वाले दुकानदारों को मिलावटी खोया और सेहत को नुक्सान पहुंचाने वाले रंगों का मिठाई में इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
इसके लिए विभाग ने जिले भर में औचक निरीक्षण की व्यापक मुहिम भी शुरू कर दी है। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में कोई कमी पाए जाने पर दुकानदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। मिठाइयों को ढककर न रखने वाले, सड़क के किनारे स्टॉल लगाकर खुले में मिठाइयां बेचने वाले दुकानदारों के चालान भी काटे जा रहे है। बीते रोज भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिला भर के बाजारों में छापेमारी की।
इस दौरान विभाग की टीम ने रसगुल्ले, पेठा समेत 15 मिठाइयों के सैंपल भरे और इन्हें जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेज दिया है। लैब से 15 दिन बाद रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाही की जाएगी। उधर, सहायक आयुक्त जिला खाद्य सुरक्षा विभाग अरुण चौहान ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे जा रहे हैं, ताकि कोई भी खराब वस्तु बाजार में न बेची जा सके। उन्होंने बताया कि जिला भर से अब तक 44 सैंपल भरे जा चुके हैं।

