Category: SHIMLA

Shimla citi from himachal pradesh

  • बांधों के पानी पर हिमाचल का ‘हक’: दिल्ली-हरियाणा को पानी मिलेगा, पर अब हिमाचल की शर्तों पर

    बांधों के पानी पर हिमाचल का ‘हक’: दिल्ली-हरियाणा को पानी मिलेगा, पर अब हिमाचल की शर्तों पर

    अप्पर यमुना बोर्ड की बैठक 20 नवंबर को, हिमाचल सरकार ने रेणुका और किशाऊ परियोजनाओं पर फंड के लिए सख्त रुख अपनाया

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला।

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और हरियाणा राज्य को पानी उपलब्ध कराने के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अब हिमाचल प्रदेश की सशर्त मंज़ूरी के अधीन आ गए हैं। हिमाचल सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि वह राष्ट्रहित में पानी देने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन इसके लिए दूसरे राज्यों को उसकी शर्तें माननी होंगी और पूरे प्रोजेक्ट की लागत वहन करनी होगी।

    लंबे समय से लंबित इस मुद्दे पर बातचीत के लिए 20 नवंबर को दिल्ली में अप्पर यमुना रिवर बोर्ड की अहम बैठक होने जा रही है।इस बैठक में प्रदेश से ऊर्जा सचिव राकेश कंवर और जल शक्ति सचिव राखिल काहलों हिमाचल का पक्ष रखेंगे।

    केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड के वरिष्ठ अधिकारी भी हिस्सा लेंगे।

    रेणुका बांध: विस्थापन का दंश और फंडिंग की मांग

    दिल्ली को पानी मुहैया कराने के लिए प्रस्तावित रेणुका बांध परियोजना सालों से लटकी हुई है। हिमाचल सरकार की मुख्य शर्त है कि दिल्ली सरकार न केवल ज़मीन अधिग्रहण के लिए पैसा दे, बल्कि बांध निर्माण के साथ-साथ इस पर बनने वाले 40 मेगावॉट क्षमता के बिजली प्रोजेक्ट के लिए भी पूरा पैसा दे। हिमाचल का तर्क है कि इस बांध के कारण प्रदेश के बड़े पैमाने पर लोग विस्थापित हुए हैं और विस्थापन का दंश केवल हिमाचल झेल रहा है। इसलिए, जिसकी पानी की ज़रूरत है, उसे ही पूरे प्रोजेक्ट पर पैसा लगाना होगा।

    दिल्ली ने अब तक ज़मीन अधिग्रहण के लिए तो पैसा दिया है, लेकिन डाइवर्जन टनल के लिए मांगा गया फंड अभी तक जारी नहीं किया है। हालांकि, हिमाचल पावर कॉर्पोरेशन द्वारा इस महीने टनल के लिए टेंडर किया जाने वाला है।

    किशाऊ और लखवार डैम पर भी सख्त रुख

    इसी तरह, उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा पर बनने वाली किशाऊ डैम परियोजना से हरियाणा को पानी दिया जाना है। हिमाचल सरकार ने यहाँ भी स्पष्ट कर दिया है कि पूरा पैसा हरियाणा राज्य लगाए, क्योंकि यह बांध हिमाचल की सीमा पर बन रहा है। उत्तराखंड की सीमा पर बनने वाली लखवार परियोजना का मामला भी अधर में है, जिस पर बोर्ड की बैठक में चर्चा होगी।प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि जब हिमाचल की ज़मीन पर बांध बनाकर दूसरे राज्यों को पानी देना है, तो हिमाचल इस पर अपना खर्च क्यों करे।

    उन्होंने कहा है कि हिमाचल अपना हक लेकर रहेगा। प्रदेश सरकार मांग कर रही है कि समय पर वित्तीय प्रबंधन हो और ये प्रोजेक्ट केवल हिमाचल की शर्तों पर ही लगें। 20 नवंबर की यह बैठक इन बहुराज्यीय परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए निर्णायक साबित हो सकती है।

  • भाजपा के लोकतंत्र को कमजोर करने के खिलाफ कांग्रेस एकजुट” – प्रतिभा सिंह’

    भाजपा के लोकतंत्र को कमजोर करने के खिलाफ कांग्रेस एकजुट” – प्रतिभा सिंह’

    वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान में लक्ष्य से ज़्यादा हस्ताक्षर AICC को भेजे गए

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला:

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने आज दावा किया है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ खड़ी है, और भाजपा के लोकतंत्र तथा संविधान को कमजोर करने के खिलाफ प्रदेश में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान बेहद सफल रहा है।

    उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस को एक लाख हस्ताक्षरों का जो लक्ष्य दिया था, उसे पार करते हुए एक लाख 43 हजार हस्ताक्षर AICC को भेजे गए हैं।

    उन्होंने कहा कि अब केंद्रीय आलाकमान देशभर में चले इस अभियान के हस्ताक्षर देश के राष्ट्रपति को सौंपेगा। प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रदेश के लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

    आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने हरी झंडी दिखाकर हस्ताक्षरों के दस्तावेज से भरे एक विशेष वाहन को राजीव भवन से AICC, नई दिल्ली के लिए रवाना किया।

    इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में भाजपा लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर रही है, लेकिन कांग्रेस देश के संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

    सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने देश में चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास किया है, और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के सामने वोट चोरी के जो ठोस प्रमाण रखे हैं, उनकी तुरंत जांच होनी चाहिए।

    उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा कई गुटों में बटी हुई है और सभी गुट अपने-अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी के मामले तथ्यों के साथ देश के सामने रखे हैं, इसलिए चुनाव आयोग को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।

    उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में नेता प्रतिपक्ष हैं, ऐसे में उनकी किसी भी बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश में वोट चोरी का मामला बहुत ही संगीन अपराध है और चुनाव आयोग को इस पर तुरंत कार्यवाही कर अपनी गिरती साख को बचाना चाहिए।

    इस अवसर पर शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • ठियोग में दर्दनाक घटना, पांचवीं कक्षा के छात्र ने घर में लगाया फं*दा

    ठियोग में दर्दनाक घटना, पांचवीं कक्षा के छात्र ने घर में लगाया फं*दा

    शिमला जिले के उपमंडल ठियोग की बलग पंचायत के एक गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया। पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय बच्चा घर पर अकेला था और यह खौफनाक कदम उसने स्कूल से लौटने के बाद उठाया।

    ठियोग

    पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चा अपने दादा-दादी के साथ गांव में रहता था। गुरुवार को वह रोज की तरह शाम चार बजे स्कूल से घर लौटा। उस समय उसके दादा-दादी खेत में काम कर रहे थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे जब बच्चा चाय लेकर खेत नहीं पहुंचा, तो दादी घर लौटीं और देखा कि पोता कमरे की छत पर चुन्नी के फंदे से झूल रहा था।

    ग्रामीणों ने की बचाने की कोशिश
    दादा-दादी के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बच्चे को नीचे उतारा। ग्रामीणों ने छाती पर पंपिंग और सांस देने जैसे प्राथमिक उपचार किए, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। बच्चे को तत्काल सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    शांत स्वभाव का था बच्चा
    स्थानीय निवासी बीरबल पांडे ने बताया कि मृतक बच्चा नेपाली मूल के परिवार से था, जो पिछले 12 वर्षों से उनके यहां खेतीबाड़ी का काम कर रहा था। बच्चे के दादा-दादी उसे बहुत स्नेह से पालते थे। वह पांचवीं कक्षा में पढ़ता था और अपने शांत स्वभाव के लिए जाना जाता था। दुखद रूप से, उसने स्कूल का ट्रैक सूट भी नहीं बदला था और उसी में फंदा लगा लिया।

    पारिवारिक पृष्ठभूमि और जांच
    जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां उसे तीन वर्ष की उम्र में छोड़कर चली गई थी, जबकि पिता मुंबई में काम करता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा है और मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

  • सुधारगृह के बंदी सीखें आत्मनिर्भरता, समाज में लौटें नई शुरुआत के साथ / राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल

    सुधारगृह के बंदी सीखें आत्मनिर्भरता, समाज में लौटें नई शुरुआत के साथ / राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल

    राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि कारागारों में ‘हर हाथ को काम’ पहल के तहत बंदियों को विभिन्न कार्यों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उनके द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री हिमकारा स्टोर के माध्यम से की जा रही है, जिसका 40 प्रतिशत लाभ मेहनताना के रूप में बंदियों को दिया जाता है। राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करता है।

    शिमला

    राज्यपाल आज आदर्श केंद्रीय सुधारगृह कंडा में आयोजित एक कार्यक्रम में बंदियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सुधारगृह में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई, बेकरी, बागवानी और हस्तकला जैसे विभिन्न कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जब बंदी जेल से बाहर आएं, तो वे स्वावलंबी बनकर समाज में पुनः अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

    नशा सबसे बड़ा अपराध : राज्यपाल
    राज्यपाल ने कहा कि समाज में सबसे बड़ा अपराध नशे की लत फैलाना है। जो लोग नशे में लिप्त हैं, वे स्वयं को और दूसरों को विनाश की राह पर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि नशे को स्वीकार करना या किसी और को इसके लिए प्रेरित करना भी अपराध है।

    संस्कृति और सुधार का संगम
    राज्यपाल ने सुधारगृह में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा की और कहा कि यह देखकर संतोष होता है कि स्टाफ और बंदी मिलकर समाज के सुधार का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टाफ के एक सदस्य ने अखिल भारतीय स्तर पर गायन प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया है।

    गलती सुधारने की प्रक्रिया भी जीवन का हिस्सा
    राज्यपाल ने कहा कि जीवन में हर कोई गलती कर सकता है, लेकिन उन गलतियों से सीखना ही असली सुधार है। उन्होंने कहा कि एक गलती को बार-बार दोहराना अपराध की प्रवृत्ति बन जाती है, जबकि उसका सुधार व्यक्ति को नई दिशा देता है।

    सेवा में जुटे संगठनों को सम्मान
    राज्यपाल ने आर्ट ऑफ लिविंग, इस्कॉन, दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान, रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब, वर्धान टेक्सटाइल्स और कई अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया, जो सुधारगृह और बंदियों के पुनर्वास के लिए कार्य कर रहे हैं।

    प्रदर्शनी और नवाचारों का अवलोकन
    कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बंदियों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी देखी, सुधारगृह के मंदिर में पूजा-अर्चना की और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया और कहा कि यह सुधार की दिशा में एक पवित्र प्रयास है।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर की मां के संघर्ष को किया सलाम, कहा सिंगल पैरेंट का योगदान अद्वितीय

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर की मां के संघर्ष को किया सलाम, कहा सिंगल पैरेंट का योगदान अद्वितीय

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वकप जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम से मुलाकात के दौरान हिमाचल प्रदेश की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर की मां के संघर्ष की खुलकर प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा कि सिंगल पैरेंट होने के बावजूद रेणुका की मां ने कठिन परिस्थितियों में बेटी को ऊंचाइयों तक पहुंचाया, यह मातृत्व और समर्पण की अनोखी मिसाल है। प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर रेणुका भावुक हो गईं और उपस्थित सभी खिलाड़ियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

    शिमला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर बुधवार को विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की बेटी रेणुका ठाकुर की मां सुनीता ठाकुर को विशेष रूप से प्रणाम करने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि एक मां जब अपने सपनों को त्यागकर अपनी बेटी की सफलता के लिए संघर्ष करती है, तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। उन्होंने रेणुका से कहा कि जब वह घर जाएं तो अपनी मां से उनकी ओर से प्रणाम कहना।

    हिमाचल के लिए गर्व का क्षण
    प्रधानमंत्री की यह सराहना न केवल रेणुका और उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बन गई। राज्यभर में लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को साझा करते हुए रेणुका और उनकी मां के संघर्ष की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री और स्थानीय नेताओं ने भी इस अवसर पर रेणुका को बधाई दी और कहा कि वह हिमाचल की बेटियों के लिए एक प्रेरणा हैं।

    संघर्ष से शिखर तक की कहानी
    रेणुका ठाकुर का जीवन संघर्ष और संकल्प का प्रतीक है। दो वर्ष की आयु में पिता के निधन के बाद उनकी मां सुनीता ठाकुर ने जल शक्ति विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में काम करते हुए बेटी को आगे बढ़ाया। परिवार की सीमित परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने रेणुका की प्रतिभा को पहचानकर उसे खेल की दिशा में प्रोत्साहित किया। रेणुका के चाचा भूपिंद्र ठाकुर ने भी उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई।

    क्रिकेट में शानदार उपलब्धियां
    रेणुका ने 2019 में बीसीसीआई महिला एकदिवसीय टूर्नामेंट में 23 विकेट लेकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद वह भारतीय महिला टीम-ए का हिस्सा बनीं और 2021 में टीम इंडिया में चयनित हुईं। राष्ट्रमंडल खेलों में उनके शानदार प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा। हाल ही में आईसीसी ने उन्हें अपनी वनडे और टी-20 टीम में शामिल किया है। रेणुका को साल 2022 की “उभरती खिलाड़ी” का खिताब भी मिला। महिला आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें 1.40 करोड़ रुपये में खरीदा।

    प्रधानमंत्री से हल्का-फुल्का संवाद
    मुलाकात के दौरान माहौल भावनात्मक होने के साथ-साथ खुशनुमा भी रहा। जब रेणुका से जुड़ा वीडियो दिखाया गया, जिसमें वह ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल के लिए मोर बना रही थीं, तो प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा — “आपने आते हुए भी मोर देखे होंगे।” टीम की खिलाड़ियों ने भी इस पर मजाकिया टिप्पणियां कीं और सभी के बीच हंसी का माहौल बन गया।

  • पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 19 आईपीएस, 61 एचपीएस के तबादले

    पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 19 आईपीएस, 61 एचपीएस के तबादले

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला

    हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पुलिस विभाग में अपने कार्यकाल का सबसे बड़ा फेरबदल किया है। सरकार ने सात जिलों के एसपी समेत कुल 19 आईपीएस और 61 एचपीएस अधिकारियों को बदल दिया है।

    इस व्यापक तबादले की प्रक्रिया में आलाधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। बदले गए पुलिस अधीक्षकों में एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकयन गोकुल चंद्रन को बदलकर एसपी (कंप्लसरी बेटिंग ऑफिसर) पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनाती दी गई है।

    वहीं चंबा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव को सहायक इंस्पेक्ट जनरल पुलिस मुख्यालय शिमला लगाया गया है। कंमाडेंट होमगार्ड 9वीं वाहिनी धर्मशाला मदन लाल को पुलिस अधीक्षक कुल्लू की जिम्मेदारी दी गई है।

    बलवीर सिंह, एसपी स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो धर्मशाला जोन को तब्दील करके एसपी हमीरपुर के पद पर तैनाती दी है। वह इस पद पर मौजूद एसपी के पदोन्नत होने के बाद तैनाती लेंगे।

    सुशील कुमार को एसपी लीव रिजर्व मुख्यालय के पद से ट्रांसफर करके एसपी किन्नौर के पद पर तैनात किया गया है। विनोद कुमार को कमांडेंड होमगार्ड चंबा से एसपी बद्दी के रूप में तैनात किया गया है। उनके साथ एसपी लीव रिजर्व विजय कुमार को एसपी चंबा का दायित्व सौंपा गया है।

    पुलिस जिला नुरपूर के पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न को एसपी कांगड़ा की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि एसपी किन्नौर के पद पर तैनात अभिषेक एस. को बदलकर सरकार ने एसपी कानून एवं व्यवस्था पुलिस मुख्यालय शिमला के पद पर तैनाती दी है।

    इस फेरबदल के बाद किन्नौर, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, हमीरपुर, नूरपुर और बद्दी को नए एसपी मिले हैं।इनके अलावा तब्दील किए गए आईपीएस अधिकारियों में ज्ञानेश्वर सिंह, एडीजी, सीआईडी को एडीजी स्पेशल टास्क फोर्स शिमला लगाया है,

    जबकि विमल गुप्ता को आईजी स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो शिमला से स्थानांतरण करके आईजी आम्र्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग शिमला भेजा गया है। गुरुदेव चंद शर्मा को डीआईजी ट्रैफिक टूरिस्ट एंड रेलवे से हटाकर डीआईजी कानून एवं व्यवस्था तथा सौम्या सांबाशिवन को डीआईजी नॉर्थ रेंज से बदलकर प्रिसिपल पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह में तैनाती दी है।

    एडीजी कानून एवं व्यवस्था अभिषेक त्रिवेदी को एडीजीपी जेल के पद पर तैनाती मिली है। प्रेम कुमार ठाकुर, आईजी आर्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग को आईजी पुलिस अकेडमी ट्रेनिंग एंड रिसचं शिमला,

    डॉ. डीके चौधरी को पीटीसी डरोह से डीआईजी साइबर क्राइम धर्मशाला, अनुपम शर्मा, डीआईजी पुलिस (जेल) को डीआईजी (क्राइम), सीआईडी, और रंजना चौहान को डीआईजी कानून एवं व्यवस्था से बदलकर डीआईजी पुलिस लीव रिजर्व मानवाधिकार के पद पर तैनात किया गया है।

    एआईजी मानव वर्मा को एसपी (कंप्लसरी वेटिंग आफिसर) पुलिस मुख्यालय लगाया है।सरकार ने 61 एचपीएस अधिकारियों के भी तबादले किए हैं, जिनमें कई जिलों के एएसपी व डीएसपी बदले गए हैं।

    भूपेंद्र सिंह, कमांडेंट होम गार्ड छठी बटालियन मंडी को एसपी पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह लगाया गया है। सचिन हिरेमेथ, एएसपी लीव रिजर्व मंडी को एसपी स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो मंडी जोन, अभिषेक, एसडीपीओ बद्दी को एएसपी शिमला,

    आदिती सिंह, एएसपी लीव रिजर्व कांगड़ा को एसपी स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो धर्मशाला जोन, गौरव जीत सिंह, एसडीपीओ करसोग को इसी पद पर नादौन तथा मेहर पंवर, एसडीपीओ परवाणू को एएसपी शिमला के पद तैनाती मिली है।

    बदले गए अन्य एचपीएस अधिकारियों में दिनेश कुमार को डरोह से सीआईडी क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन शिमला, बद्री सिंह को कांगड़ा से सेकंड आईआरबी सकोह, सागर चंद्र को मंडी से धौलाकुआं रिजर्व बटालियन,

    अमित शर्मा को सिरमौर से प्रथम वाहिनी वनगढ़, नरेंद्र कुमार को बस्सी से एएसपी सिरमौर, राजेश कुमार को प्रथम वाहिनी वनगढ़ से 5वीं वाहिनी बस्सी, अजय कुमार को बिलासपुर से सिरमौर, नरवीर सिंह को लीव रिजर्व एसआईयू शिमला से स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो शिमला,

    राजेंद्र कुमार को एंटी नार्कोटिक्स टास्ट फोर्स कांगड़ा से एएसपी कांगड़ा, मनोज कुमार को बस्सी से प्रथम वाहिनी वनगढ़, अभिमन्यू वर्मा को चंबा से मंडी, रेणु कुमारी को हमीरपुर से कांगड़ा,

    तरनजीत सिंह को वनगढ़ से बिलासपुर, नवदीप सिंह, एएसपी शिमला को क्रिमिनल इन्वेस्टीगेशन सीआईडी शिमला, ब्रहादास को जंगलबैरी से कांगड़ा, योगेश रोल्टा को नाहन से बदलकर बस्सी में लगाया गया है।

    भूपेंद्र सिंह बरागटा को शिमला से मंडी, मुनीष डढवाल को वनगढ़ से हमीरपुर, रत्न सिंह को एएसपी शिमला के पद से हटाकर कमांडेट होम गार्ड शिमला, प्रताप सिंह को नादौन से धौलाकुआ,

    जतिद्र कुमार को चंबा से तलवाड़ा बीबीएमबी, हरीश कुमार शर्मा को जंगलबैरी से बटालियन जुन्गा, योगेश दत्त को बस्सी से बही डीएसपी के पद पर भेजा गया है।

    बदले गए डीएसपी में कमल किशोर को शिमला से बस्सी, बलदेव दत्त को धर्मशाला से चंबा, अनिल कुमार को कांगड़ा से परवाणु, अरुण मोदी को गुन्गा से सोलन, डॉ. प्रतिभा चौहान को बट्टी से बस्सी, करण सिंह गुलेरिया को पीटीसी डरोह से नॉर्थ रेज धर्मशाला,

    गुलशन नेगी को जुन्गा से डीएसपी शिमला सिटी, संजय शर्मा को डरोह से दाड़लाघाट, अनिल कुमार को वनगढ़ से अंब,

    रमाकांत ठाकुर को नाहन से वनगढ़, तिलक राज को धर्मशाला से डरोह, डॉ. वसुधा सूट को अंब से देहरा, सिद्धार शर्मा को ठियोग से नाहन,

    अजय कुमार को कुल्लू से ठियोग, विजय कुमार को बस्सी से कुल्लू, मुकेश कुमार को संगड़ाह से डरोह, कैलाश चंद को पुलिस मुख्यालय से धर्मशाला, सुनिल कुमार को धर्मशाला से संगडाह,

    संजय कुमार को लाहौल-स्पीति से डीएसपी चीफ सिक्योरिटी आफिसर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला, राजित मेहता को रिकांगपिओ से जंगलबैरी, शेर सिंह को बस्सी से चुवाड़ी, अनिल ठाकुर को बस्सी से किन्नौर,

    संदीप कुमार शर्मा को दाइलाघाट से मुख्यालय शिमला, गौरी दत्त को प्रदेश विश्वविद्यालय से जुन्गा, हरनाम सिंह को शिमला से रामपुर, रीता देवी को मंडी से तीसरी वाहिनी पंडोह,

    मानवेंद्र ठाकुर को पांवटा साहिब से पुलिस मुख्यालय शिमला, नरेश कुमार को रामपुर से एसआईयू शिमला, विजय कुमार को पुलिस मुख्यालय से पावंटा साहिब, संदीप शर्मा को शिमला ट्रैफिक से हटाकर बैजनाथ, चांद किशोर को पांचवीं वाहिनी बस्सी से करसोग तथा योगराज को चुवाड़ी से बदलकर एसडीपीओ बद्दी के पद पर तैनाती दी गई है।

  • शिमला / संजौली में सिगरेट पीने से रोका तो युवक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर किया हमला, शराब के नशे में था आरोपी

    शिमला / संजौली में सिगरेट पीने से रोका तो युवक ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर किया हमला, शराब के नशे में था आरोपी

    शिमला / संजौली : राजधानी शिमला के उपनगर संजौली में मंगलवार देर शाम ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मी पर शराब के नशे में धुत युवक ने हमला कर दिया। आरोपी युवक को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

    शिमला

    सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान से रोका, तो लौटकर किया हमला
    मंगलवार देर शाम संजौली पुलिस स्टेशन में तैनात कांस्टेबल सुनील एचआरटीसी कार्यालय के पास ट्रैफिक ड्यूटी दे रहे थे। उन्होंने एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर सिगरेट पीते देखा और उसे मना किया। उस समय युवक वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस आया और अचानक पुलिसकर्मी पर हमला कर दिया।

    शराब के नशे में धुत था आरोपी
    हमलावर की पहचान संदीप निवासी कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह शराब के नशे में था। उसने कांस्टेबल सुनील को घूंसे मारे और घसीटते हुए सड़क किनारे ले गया। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया।

    कांस्टेबल घायल, पुलिस ने दर्ज किया मामला
    हमले में कांस्टेबल सुनील को चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस थाना संजौली ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 121(1) और 221 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

    पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
    पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

  • शिमला में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व, गुरुद्वारों में गूंजे कीर्तन

    शिमला में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व, गुरुद्वारों में गूंजे कीर्तन

    सिख धर्म के पहले गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और भंडारे का आयोजन किया गया, जिससे पूरा शहर भक्ति और आनंद में डूब गया।

    शिमला

    गुरुद्वारों में हुआ भव्य आयोजन
    प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा सिंह सभा शिमला सहित शहर के सभी गुरुद्वारों को फूलों, रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। रागी जत्थों ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को भावपूर्ण शब्दों में साझा किया।

    मानवता और समानता के संदेश पर दिया बल
    गुरुद्वारा सिंह सभा शिमला के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ने बताया कि गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन से मानवता, समानता, प्रेम और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक जी ने समाज को सिखाया कि इंसान को धर्म और जाति से नहीं, बल्कि इंसानियत के आधार पर प्रेम करना चाहिए।

    नाम जपो, किरत करो और वंड छको का संदेश
    जसविंदर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी के बताए “नाम जपो, किरत करो और वंड छको” के सिद्धांत आज भी सिख समाज और पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं एकता, प्रेम और सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

    लंगर में शामिल हुए सैकड़ों श्रद्धालु
    प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारों में विशेष लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धा और भक्ति से भरे वातावरण में पूरे दिन गुरु नानक देव जी के भजन और कीर्तन गूंजते रहे।

  • Himachal Weather / लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, पर्यटक झूम उठे

    Himachal Weather / लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू में बर्फबारी से बढ़ी ठंड, पर्यटक झूम उठे

    Himachal Weather : हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों में हुई बर्फबारी ने न केवल तापमान गिराया बल्कि पर्यटकों के चेहरों पर मुस्कान भी ला दी।

    शिमला

    ऊंचे इलाकों में ताजा बर्फबारी
    बुधवार को हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और ऊंचाई वाले दर्रों में बर्फबारी हुई। लाहौल घाटी और रोहतांग दर्रा बर्फ से ढके हैं। इस मौसम परिवर्तन से पूरे क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ गया है।

    पर्यटकों में उत्साह, स्थानीय लोग ठंड से बेहाल
    बर्फबारी से जहां पर्यटक बर्फ के दृश्यों का आनंद ले रहे हैं, वहीं स्थानीय लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में तापमान हिमांक बिंदु से नीचे चला गया है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है।

    तापमान में भारी गिरावट दर्ज
    मौसम विभाग के अनुसार ताबो में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.2 डिग्री नीचे, कुकुमसेरी में 1.8 डिग्री नीचे और केलांग में 0.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं मध्य और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई है।

    घाटियों में सर्द हवाओं का दौर जारी
    लाहौल घाटी, रोहतांग दर्रा और आसपास की पहाड़ियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है, जिससे घाटियों का नजारा मनमोहक हो गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।

  • शिमला में फेसबुक पर निवेश के नाम पर 38 लाख की ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

    शिमला में फेसबुक पर निवेश के नाम पर 38 लाख की ऑनलाइन ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

    हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोशल मीडिया ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। फेसबुक पर निवेश कर मुनाफा कमाने के लालच में लक्कड़ बाजार के एक व्यक्ति से करीब 38 लाख रुपये ठग लिए गए।

    शिमला

    फेसबुक पर निवेश का झांसा देकर ठगे लाखों रुपए
    पुलिस के अनुसार लक्कड़ बाजार निवासी सतपाल रत्तन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने फेसबुक पर एक निवेश संबंधी विज्ञापन देखा था जिसमें कम समय में भारी मुनाफे का दावा किया गया था। इस झांसे में आकर उन्होंने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से कुल 38 लाख 13 हजार 539 रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।

    फर्जी कंपनी का हुआ खुलासा
    जब निवेश की अवधि पूरी होने के बाद सतपाल ने अपनी रकम और मुनाफे के लिए संपर्क किया तो कोई जवाब नहीं मिला। जांच करने पर पता चला कि जिस प्लेटफॉर्म पर उन्होंने निवेश किया था, वह पूरी तरह फर्जी था और लोगों को ठगने के लिए ही बनाया गया था।

    साइबर सेल की मदद से जांच जारी
    शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

    लोगों से सतर्क रहने की अपील
    पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर ऐसे निवेश प्रस्तावों के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध लिंक पर अपनी बैंक डिटेल साझा न करें।