Loading...

चंबा कॉलेज में बी.वोक विद्यार्थियों को बैंकिंग और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा के बी.वोक विभाग के विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। बैंक ऑफ बड़ौदा के बैंकिंग पेशेवरों ने विद्यार्थियों को बचत खाते, डिजिटल भुगतान, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग, ऋण, बीमा तथा अन्य वित्तीय सेवाओं की जानकारी दी। सत्र का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने के साथ उन्हें जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार और साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करना था।

चंबा

सत्र में बैंकिंग विशेषज्ञों ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखने, बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारियों को सुरक्षित रखने और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से सतर्क रहने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर ठग पुलिस, सीबीआई या ईडी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल कर सकते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर रुपये या ओटीपी मांग सकते हैं। यह भी स्पष्ट किया गया कि कोई बैंक या सरकारी अधिकारी फोन पर ग्राहक से पासवर्ड नहीं मांगता है।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने और उपलब्ध बैंकिंग एवं डिजिटल वित्तीय सेवाओं का सुरक्षित तरीके से लाभ उठाने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने सत्र में सक्रिय भागीदारी करते हुए बैंकिंग प्रक्रिया, डिजिटल लेनदेन और वित्तीय सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राकेश राठौर ने बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक और अन्य विशेषज्ञों के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को युवाओं के व्यावहारिक ज्ञान के लिए महत्वपूर्ण बताया।

बी.वोक विभाग के नोडल अधिकारी प्रोफेसर डॉ. चमन सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में पढ़े-लिखे युवा भी साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं, इसलिए विद्यार्थियों के लिए बैंकिंग और वित्तीय सुरक्षा की जानकारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए और आधिकारिक वेबसाइट पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। कार्यक्रम का समापन वक्ताओं, आयोजकों, बी.वोक संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों के योगदान के लिए धन्यवाद के साथ हुआ।

Related Topics: