चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो जगह भूस्खलन, पिकअप चालक सुरक्षित
हिमाचल प्रदेश में जारी भारी बारिश के बीच चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के आगे दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ। एक स्थान पर सड़क करीब एक घंटे तक बाधित रही, जबकि दूसरे स्थान पर पत्थर गिरने से एक पिकअप वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया।
खोती नाला के पास सुबह 5:20 बजे हुआ भूस्खलन
मंगलवार रात हुई भारी बारिश के बाद पंडोह से आगे खोती नाला के पास सुबह करीब 5:20 बजे भूस्खलन हुआ। मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात करीब एक घंटे तक बाधित रहा।
डयोग के पास पिकअप पर गिरे पत्थर
दूसरा भूस्खलन पंडोह डैम से आगे डयोग के पास हुआ। पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से पिकअप का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक सुरक्षित रहा। सड़क मार्ग पर सुबह छह बजे से यातायात सुचारू बताया गया है।