Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में रचनात्मक पत्रिका “ध्यूंसर” के द्वितीय संस्करण का किया गया विमोचन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में वार्षिक रचनात्मक पत्रिका “ध्यूंसर” के द्वितीय संस्करण का आधिकारिक विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा ने इसे विद्यार्थियों और शिक्षकों के बौद्धिक समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। पत्रिका को संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखा गया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय के शैक्षणिक विमर्श को निरंतरता प्रदान करते हुए, महाविद्यालय की वार्षिक रचनात्मक पत्रिका “ध्यूंसर” के द्वितीय संस्करण का आधिकारिक विमोचन संपन्न हुआ। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा ने पत्रिका के नवीन अंक का अनावरण किया और इसे विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों के बौद्धिक समन्वय का उत्कृष्ट प्रतिफल बताया। पत्रिका का शीर्षक “ध्यूंसर” क्षेत्रीय सांस्कृतिक धरोहर ‘सदाशिव महादेव’ के ध्यूंसर स्वरूप से अभिप्रेरित है।

यह संज्ञा मात्र एक नाम न होकर ऊर्जा की शाश्वतता और ज्ञान के सातत्य का प्रतिनिधित्व करती है, जो भारतीय दर्शन के शाश्वत मूल्यों को आधुनिक अकादमिक परिवेश से जोड़ती है। वर्ष 2016 में संस्थान की स्थापना के उपरांत, वर्ष 2025 में पत्रिका के प्रथम संस्करण के साथ इस वैचारिक यात्रा का शुभारंभ हुआ था। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में यह द्वितीय अंक प्रकाशित किया गया है। पत्रिका का यह निरंतर प्रकाशन महाविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और सृजनात्मकता के प्रति इसकी अटूट प्रतिबद्धता का एक ऐतिहासिक साक्ष्य है। विमोचन के अवसर पर प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा ने रेखांकित किया कि “ध्यूंसर” पत्रिका न केवल संस्थान की सांस्कृतिक विशिष्टता को परिभाषित करती है, बल्कि इसके शैक्षिक वातावरण को भी एक नई बौद्धिक पहचान प्रदान करती है।

उन्होंने संपादन मंडल के प्रभावी मार्गदर्शन की सराहना की, जिनके समर्पित अकादमिक प्रयासों से इस द्वितीय संस्करण का सफल प्रकाशन संभव हो सका। संपादन मंडल में प्रो० कविता कौशल ने मुख्य संपादक के रूप में मार्गदर्शन प्रदान किया। जबकि डॉ० राम कुमार नेगी ने ‘पहाड़ी’ अनुभाग के संपादक के रूप में योगदान दिया। डॉ० राम सिंह ने वाणिज्य अनुभाग की जिम्मेदारी संभाली, डॉ० सगुन डोगरा ने अंग्रेजी अनुभाग का संपादन किया, और प्रो० नवीन शर्मा ने हिंदी अनुभाग की जिम्मेदारी निभाई । पत्रिका विमोचन केअवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक वर्ग से प्रो० कविता कौशल, डॉ० राम कुमार नेगी, डॉ० सगुन डोगरा, प्रो० नवीन शर्मा नीलम कुमारी सहायक पुस्कल्याध्यक्ष और कार्यालय से लिपिक अमन शर्मा तथा अन्य विद्यालय कर्मचारी भी विशेष रूप से उपस्थित थे।