छतराड़ी जात्र मेले की व्यवस्थाएं मिंजर की तर्ज पर होंगी विकसित: केवल सिंह पठानिया
राज्य स्तरीय छतराड़ी जात्र मेले की व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की तर्ज पर सुव्यवस्थित और बेहतर बनाया जाएगा। उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में कहा कि आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुविधाओं के विस्तार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
चंबा/भरमौर
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मां शिव-शक्ति के छतराड़ी स्थित ऐतिहासिक मंदिर परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय जात्र मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया। उन्होंने मेले को राज्य स्तरीय स्वरूप प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया। पठानिया ने कहा कि इस निर्णय से क्षेत्र की धार्मिक और समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी तथा मेले की व्यवस्थाओं को अधिक सुव्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
प्रशासन को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
केवल सिंह पठानिया ने उपमंडलीय प्रशासन को मेले की संभावनाओं का आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर मेले को अधिक आकर्षक स्वरूप दिया जाए। कार्ययोजना में स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भागीदारी बढ़ाने के उपाय भी शामिल किए जाएंगे। उन्होंने मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए प्राक्कलन तैयार करने और सार्वजनिक शौचालय के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को भी कहा।
उप मुख्य सचेतक ने आयोजन समिति को 51 हजार रुपये की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। इससे पहले आयोजन समिति की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राज्य पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल के सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली वट्ट, उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक चिराग शर्मा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान रिंकू भारद्वाज, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।