पश्मी में उमड़ा आस्था का महासैलाब, स्वर्ण-रजत पालकी में होगी चालदा महासू महाराज की भव्य विदाई
एक वर्ष का हिमाचल प्रवास पूरा कर 3 दिसंबर को उत्तराखंड लौटेंगे महाराज, अंतिम रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
हिमाचल और उत्तराखंड के लाखों श्रद्धालुओं के आराध्य छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज की विदाई से पहले जिला सिरमौर की शिलाई विधानसभा क्षेत्र का पश्मी गांव आस्था और भक्ति के रंग में रंग गया है।
हिमाचल प्रवास के अंतिम रविवार को महाराज के दर्शनों के लिए हजारों श्रद्धालु पश्मी पहुंचे। महाराज के जयकारों से समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।रविवार सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। हिमाचल, उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने घंटों इंतजार कर महाराज के दर्शन किए और विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
भारी भीड़ के चलते पार्किंग और भंडारे की व्यवस्थाएं संभालना भी मंदिर समिति के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।करीब एक वर्ष का हिमाचल प्रवास पूरा करने के बाद छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज 3 दिसंबर को पश्मी से उत्तराखंड के मशक गांव के लिए प्रस्थान करेंगे।
महाराज का पहला रात्रि प्रवास सिरमौर के द्राबिल गांव में होगा। चार दिसंबर को महाराज मिनस पुल पार कर उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश करेंगे। आठ दिसंबर को मशक गांव के नवनिर्मित मंदिर में महाराज विराजमान होंगे।
इस बार महाराज की विदाई भी बेहद खास होगी। पश्मी मंदिर समिति की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से सोने और चांदी से मिश्रित भव्य पालकी तैयार करवाई गई है। इसी पालकी में महाराज को हिमाचल से विदाई दी जाएगी।
गौरतलब है कि कई दशकों के बाद महाराज उत्तराखंड के दसऊ गांव से पैदल देवयात्रा करते हुए 14 दिसंबर 2025 को पश्मी पहुंचे थे। अगले दिन संक्रांति के अवसर पर सुबह चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में नवनिर्मित मंदिर में विराजमान हुए थे।
अब महाराज की विदाई की बेला नजदीक आने के साथ ही श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिल रही है। तीन और चार दिसंबर को हजारों श्रद्धालुओं के इस ऐतिहासिक देवयात्रा में शामिल होने की उम्मीद है।