चौहारघाटी में पहाड़ी पर दरार, घर छोड़ने को मजबूर हुए छह परिवार
चौहारघाटी में रविवार को हुई तेज बारिश के बाद गांव के पीछे चेलिंग की पहाड़ी पर दरार बढ़ने से छह परिवार अपने पुश्तैनी मकान छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। प्रभावित परिवारों में राम सिंह, पुष्पा देवी, मंगल सिंह और श्याम लाल के परिवार भी शामिल हैं। कुछ लोग किराए के मकानों में रह रहे हैं, जबकि मंगल सिंह का परिवार फिलहाल गांव की गोशाला में रहने को मजबूर है।
मंडी/चौहारघाटी
घटनास्थल का दौरा करने के बाद पद्धर प्रशासन ने प्रभावित लोगों को उचित इंतजाम के बिना रात के समय घरों में नहीं रहने की चेतावनी दी थी। पुष्पा देवी के अनुसार, उन्होंने परिवार के भविष्य के लिए नया मकान बनाया था, लेकिन पहाड़ी पर दरार आने के कारण अब उन्हें किराए के मकान में रहना पड़ रहा है। वहीं, मंगल सिंह और उनके परिवार को गोशाला में जानवरों के साथ रात बितानी पड़ रही है।
प्रभावित परिवारों को घरों में छूटे सामान और बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। श्याम लाल का टांडा में उपचार चल रहा है और उनका परिवार भी घर छोड़ चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार को दोपहर और रात में हुई बारिश से दरार बढ़ गई। परिवारों ने जिला और पद्धर प्रशासन से अस्थायी आवास, खाद्य सहायता, चिकित्सा सुविधाएं तथा पुनर्वास के स्पष्ट इंतजाम करने की मांग की है।
