Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में गूंजी ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ, ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ पर विद्यार्थियों को किया जागरूक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Hours Ago • 1 Min Read

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं सड़क सुरक्षा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत शपथ” कार्यक्रम और “चिट्टा मुक्त हिमाचल” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया, जबकि विशेषज्ञों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई एवं सड़क सुरक्षा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को “नशा मुक्त भारत शपथ” कार्यक्रम तथा “चिट्टा मुक्त हिमाचल” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ, अनुशासित तथा जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों, सड़क सुरक्षा क्लब के सदस्यों तथा अन्य विद्यार्थियों द्वारा “नशा मुक्त भारत” की शपथ ग्रहण करने से हुई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने “चिट्टा मुक्त हिमाचल” विषय पर विशेष व्याख्यान देते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि महाविद्यालय स्तर पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के इको क्लब, आपदा प्रबंधन क्लब, रेड रिबन क्लब, रेड क्रॉस क्लब तथा खेलकूद क्लब के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्राध्यापक डॉ. रामकुमार नेगी, डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा सहित समस्त कार्यालय स्टाफ भी विशेष रूप से उपस्थित रहा।कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि प्रत्येक विद्यार्थी नशामुक्त भारत और चिट्टा मुक्त हिमाचल के निर्माण में अपनी सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका निभाएगा।