Congress / पूर्व सीपीएस नीरज भारती छह वर्ष के लिए कांग्रेस से निष्कासित
Congress : पूर्व सीपीएस और कृषि मंत्री चंद्र कुमार के पुत्र नीरज भारती को पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। यह निर्णय प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति की बैठक में लिया गया।
शिमला
मंगलवार को राजीव भवन शिमला में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सीपीएस नीरज भारती के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों पर चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद समिति ने उन्हें कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया।
अनुशासन समिति ने लगाई अंतिम मुहर
जानकारी के अनुसार इससे पहले जिला कांगड़ा कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा की ओर से भी नीरज भारती के निष्कासन संबंधी आदेश जारी किए गए थे। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने भी इस निर्णय पर अपनी औपचारिक मुहर लगा दी है। इसके साथ ही नीरज भारती का निष्कासन पार्टी स्तर पर प्रभावी हो गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति के इस निर्णय के बाद नीरज भारती को आगामी छह वर्षों तक कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से बाहर रखा जाएगा। पार्टी ने यह कार्रवाई अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के आधार पर की है।