राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, कांग्रेस का नाहन में जोरदार शक्ति प्रदर्शन
राम जन्मभूमि से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर ने नाहन में पदयात्रा और प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जगन्नाथ मंदिर में हनुमान चालीसा और राम स्तुति का पाठ कर कथित मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
नाहन
राम जन्मभूमि से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सिरमौर ने जिला अध्यक्ष आनंद परमार के नेतृत्व में नाहन शहर में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से पदयात्रा के रूप में निकले और चौगान, दिल्ली गेट तथा नया बाजार होते हुए भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर कथित चंदा गड़बड़ी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।जगन्नाथ मंदिर पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भगवान के दर्शन किए तथा सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन, हनुमान चालीसा और राम स्तुति का पाठ किया। इसके बाद प्रसाद वितरित किया गया। कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम से प्रार्थना की कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े धन के कथित दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार लोगों को शीघ्र कानून के दायरे में लाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी दल या संगठन के नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि यदि राम भक्तों की श्रद्धा और विश्वास के नाम पर जुटाए गए धन में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष और समयबद्ध जांच होनी चाहिए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति धार्मिक आस्था के नाम पर जनता के विश्वास से खिलवाड़ करने का साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धार्मिक आस्था का सम्मान करती है, लेकिन आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार या अनियमितता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस पदयात्रा एवं प्रदर्शन में अश्वनी शर्मा, तजिंदर चौहान, ज्ञान चौधरी, कल्याण धागटा, बलोज अहमद, बिनेश राणा, अनिल शर्मा, सिमरल सिंह, राकेश प्रधान, नितिन कुमार, गुरुवाला पंवार, वीरेंद्र सिंह, रामरतन चौहान, सलीम कपूर, आशा शर्मा, कमला चौहान, बबीता ठाकुर, काजल शर्मा, बिलकिस बानो, कुसुम, पवन सिंह, अरुण पंवार, रघुवीर ठाकुर, संतोष देवी, राजेंद्र लोधी, अमन चौहान, वीरेंद्र पासी, लाल सिंह, बाबू राणा, आमीन, मनदीप सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।