एफटीए और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में नाहन में सीपीआई(एम) का प्रदर्शन, ट्रंप और मोदी के पुतले फूंके
भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और ट्रेड डील के विरोध में नाहन में सीपीआई(एम) ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए प्रस्तावित समझौतों को वापस लेने की मांग की।
नाहन
भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में बुधवार को नाहन में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) जिला कमेटी सिरमौर के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर तथा जिला सचिवालय सदस्य आशीष कुमार ने किया।प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी करते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले फूंके। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे कुछ समय के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए पुतले दहन किए।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में सीटू और सीपीआई(एम) नेताओं ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील और प्रस्तावित एफटीए देश के किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और लघु उद्योगों के हितों के खिलाफ हैं। उनका कहना था कि इस तरह के समझौते देश की आर्थिक संप्रभुता को कमजोर करेंगे तथा बहुराष्ट्रीय कंपनियों को लाभ पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रस्तावित समझौतों को वापस लेने की मांग की।
नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर देशभर में जनआंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इसी क्रम में 10 अगस्त को ‘जेल भरो आंदोलन’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेकर सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे। आंदोलन की तैयारियों को लेकर 29 जुलाई को दिल्ली में अधिवेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें सिरमौर जिला से भी प्रतिनिधि भाग लेंगे।प्रदर्शन में सतपाल मान, जीवन सिंह, माया मान, सेवती, कमल, धनीराम शर्मा, संदीप, आशा, राजेंद्र शर्मा, जगदीश पुंडीर, राकेश रमौल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।