Loading...

Crime / बिलासपुर में हत्या के प्रयास मामले में मुख्य आरोपियों सहित पांच गिरफ्तार, पुलिस की जांच जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 56 Mins Ago • 1 Min Read

Crime : कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर पंजाब के एक युवक पर हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

बिलासपुर

28 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बुधवार को पंजाब के एक युवक पर हुए हत्या के प्रयास के मामले में बिलासपुर पुलिस ने मुख्य आरोपियों को 28 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों को कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र से हिरासत में लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए बिलासपुर लाया जा रहा है।

पांच आरोपियों की भूमिका की जांच

प्रारंभिक जांच के अनुसार सौरभ पटियाल उर्फ फांदी निवासी नसवाल तहसील घुमारवीं तथा कुलभूषण उर्फ लक्की निवासी तरेड़ तहसील सदर जिला बिलासपुर पर हमले में मुख्य भूमिका होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार सूर्या चंदेल निवासी दड़ोलां, अनिल कुमार निवासी बरठीं तथा धीरज धर्माणी निवासी बाड़ी करंगोड़ा पर घटना में सहयोग करने के आरोप हैं। अब तक इस मामले में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बंजार क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार अनिल कुमार को वीरवार सुबह तथा धीरज धर्माणी को बुधवार रात गिरफ्तार किया गया था। वहीं सूर्या चंदेल को मुख्य आरोपियों के साथ बंजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि घटना के बाद वह मुख्य आरोपियों के साथ वहां चला गया था।

पूछताछ और जांच जारी

एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बंजार से गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बिलासपुर लाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले के सभी तथ्यों की जांच कर रही है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Topics: