Crime / बोलेरो कैंपर से 30 पेटियां अवैध शराब और बीयर बरामद, पुलिस ने की कार्रवाई
Crime : शिमला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बोलेरो कैंपर वाहन से 30 पेटियां अवैध शराब और बीयर बरामद की हैं। पुलिस ने बालग नाला क्षेत्र में नाका लगाकर वाहन को पकड़ा और मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
शिमला
शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना देहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद बालग नाला के पास विशेष नाका लगाया। इसी दौरान एक बोलेरो कैंपर वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार वाहन से कुल 30 पेटियां बरामद की गई हैं। इनमें 13 पेटियां रॉयल स्टैग, 6 पेटियां नाटी शराब, 8 पेटियां किंगफिशर बीयर और 3 पेटियां थंडरबोल्ट बीयर की शामिल हैं। पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में थाना देहा में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और आगामी जांच जारी है।