Crime / श्री रेणुका जी मेला मैदान में विवाह समारोह के दौरान शराब सेवन पर केस दर्ज
Crime : जिला सिरमौर के धार्मिक स्थल श्री रेणुका जी मेला मैदान में विवाह समारोह के दौरान शराब सेवन की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत वन परिक्षेत्र अधिकारी अनुज तोमर की ओर से दी गई, जिसके आधार पर पुलिस थाना श्री रेणुका जी में कार्रवाई शुरू की गई है।
सिरमौर/श्री रेणुका जी
शिकायत के अनुसार वन मंडल अधिकारी श्री रेणुका जी द्वारा 4 और 5 मई 2026 को मेला मैदान, श्री रेणुका जी में हरीश कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी ददाहू को विवाह समारोह के लिए अस्थायी अनुमति प्रदान की गई थी। कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी सामने आई कि उक्त स्थल पर शराब का सेवन किया गया।
श्री रेणुका जी क्षेत्र धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है और यहां शराब के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध है। शिकायत में कहा गया है कि धार्मिक स्थल पर इस प्रकार की गतिविधि से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। इसी आधार पर पुलिस थाना श्री रेणुका जी ने मामले में केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आमजन से की अपील
पुलिस ने कहा कि मामले का अन्वेषण किया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि धार्मिक स्थलों और आस्था से जुड़े स्थानों पर ऐसे कृत्य न करें, जिनसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।