Crime / नालागढ़ में वन विभाग ने अवैध खैर की लकड़ी से लदा वाहन पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार, दो वाहन जब्त
Crime : नालागढ़ में वन विभाग ने नियमित गश्त के दौरान अवैध खैर की लकड़ी के परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए खैर की लकड़ी से लदे एक वाहन को पकड़ा। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को जब्त किया गया।
नालागढ़
गश्त के दौरान वन विभाग ने की कार्रवाई
वन खंड नालागढ़ की टीम ने शुक्रवार तड़के नियमित गश्त के दौरान अवैध खैर की लकड़ी के परिवहन के मामले में कार्रवाई की। विभाग के अनुसार टीम सुबह करीब 2:45 बजे वन बीट हटड़ा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान माजरी स्थित झिंडीवाला-भोगपुर रोड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से अवैध रूप से काटे गए खैर के मौछे बरामद किए गए।
चालक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका
वन विभाग के अनुसार पकड़े गए वाहन के चालक की पहचान नेक राम के रूप में हुई है। जांच के दौरान चालक से लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग ने बताया कि बरामद खैर की लकड़ी की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। इसके बाद लकड़ी और वाहन को विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया।
रैकी के लिए आगे चल रही थी दूसरी कार
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लकड़ी से लदे वाहन के आगे एक ऑल्टो कार चल रही थी। वन विभाग के अनुसार इस वाहन का उपयोग मार्ग की निगरानी के लिए किया जा रहा था। टीम ने ऑल्टो कार को भी रोककर जांच की। कार चालक की पहचान झिंडीवाला निवासी वीरू के रूप में हुई। जांच के दौरान मामले में बद्दी के बिलांवाली निवासी मुस्ताक नामक एक अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच जारी है।
मामला पुलिस को सौंपा गया
वन विभाग ने बरामद खैर की लकड़ी, दोनों वाहनों और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस चौकी दभोटा को सौंप दिया। पुलिस ने वन विभाग की शिकायत के आधार पर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और अवैध लकड़ी परिवहन से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
