Crime / सुंदरनगर में फंदे से लटकी मिली महिला शिक्षक, प्रताड़ना के आरोप में पति समेत चार गिरफ्तार
Crime : मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र में सरकारी स्कूल में कार्यरत एक महिला व्यावसायिक शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला था। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना तथा आत्महत्या के लिए उकसाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मंडी/सुंदरनगर
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान आशिमा पत्नी काशीम अली के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव बारू, डाकघर सधोट, तहसील सरकाघाट की निवासी थीं और वर्तमान में भोजपुर क्षेत्र में रह रही थीं। आशिमा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जयदेवी में व्यावसायिक शिक्षक के पद पर कार्यरत थीं तथा अपने पति के साथ जयदेवी में किराये के मकान में रहती थीं। मंगलवार शाम उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उन्हें तत्काल नजदीकी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। मृतका के भाई आशिद निवासी भोजपुर ने पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आशिमा को उसका पति, सास, ससुर और ननद लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। मायके पक्ष का आरोप है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
पति, सास, ससुर और ननद गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध तथ्यों की जांच कर रही है, ताकि महिला की मौत से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
हर पहलू से की जा रही मामले की जांच
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस मृतका और आरोपियों से जुड़े बयान, उपलब्ध दस्तावेज तथा अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।