Loading...

Crime / पांवटा साहिब में कार आगजनी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Crime : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब थाना क्षेत्र में कार में आगजनी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर सेल और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।

सिरमौर/पांवटा साहिब

पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को रणजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर-08 कोर्ट रोड पांवटा साहिब ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 3 और 4 मई की रात करीब दो बजे शोर और धुएं की वजह से उनकी नींद खुली। जब वह घर के गेट की ओर पहुंचे तो देखा कि उनकी कार HP17G-1000 में आग लगी हुई थी। पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

शिकायतकर्ता द्वारा घर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पता चला कि दो बाइकों पर पांच युवक मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि युवकों ने घर के गेट के भीतर पेट्रोल छिड़ककर कार में आग लगाई और वहां से फरार हो गए। मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(g), 324(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से हुई गिरफ्तारी

मामले के अन्वेषण के दौरान साइबर सेल पांवटा साहिब और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से पुलिस ने 13 मई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कमल पुत्र विजय कुमार निवासी गांव भगवानपुर तहसील जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा तथा निखिल पुत्र सतपाल निवासी गांव बुढिया चुंगी तहसील जगाधरी जिला यमुनानगर हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है और अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Topics: