Loading...

दरीणी में 4.54 करोड़ का विद्युत सब स्टेशन शुरू, 8600 उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की दरीणी पंचायत में 4.54 करोड़ रुपये की लागत से बने 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया गया। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस परियोजना से धारकंडी क्षेत्र की आठ पंचायतों के करीब 8600 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। सब स्टेशन से क्षेत्र में लंबे समय से बनी कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के साथ बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

शाहपुर

दरीणी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने विद्युत सब स्टेशन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। नया सब स्टेशन शुरू होने से धारकंडी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए शाहपुर से वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने परियोजना के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई

पठानिया ने बताया कि कुठारना में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए 10 लाख रुपये की लागत से नया 63 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया गया है। रूलेड और हार बोह में करीब 25 लाख रुपये खर्च कर 25 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को 63 केवीए में अपग्रेड किया गया है। लाहड़ी और घटारड़ा में भी विद्युत व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कार्य चल रहे हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा करने की बात कही गई है।

कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अमन चौधरी, गज प्रोजेक्ट के अधिशासी अभियंता अनिल शर्मा, जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता रमेश और जलशक्ति विभाग के सहायक अभियंता रज्जाक मोहम्मद उपस्थित रहे। इनके अलावा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला परिषद सदस्य संदीप, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, पूर्व जिला परिषद सदस्य रीतिका शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य अक्षय अत्री, धारकंडी कांग्रेस प्रधान शशी शर्मा, राजेंद्र, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।