Loading...

देहरा में सात घंटे भारी वाहनों की आवाजाही बंद, आपात सेवाओं को रहेगी छूट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

देहरा के मुख्य चौक से वार्ड नंबर-01 स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गोदाम तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिबंधित रहेगी। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने 12 नवंबर को इसकी अधिसूचना जारी की। एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन एवं आवश्यक सेवाओं में तैनात वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

कांगड़ा/देहरा

उपायुक्त ने बताया कि संबंधित सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही से अक्सर यातायात जाम की स्थिति बनती है। इससे स्थानीय लोगों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा, उपमंडल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह सड़क पहले से नो-पार्किंग जोन घोषित है और वहां लागू मौजूदा प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे। उपायुक्त ने नगर परिषद देहरा के कार्यकारी अधिकारी को मार्ग पर स्पष्ट दिखाई देने वाले उचित स्थानों पर साइनबोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं। इन साइनबोर्ड के माध्यम से लोगों को नो-पार्किंग व्यवस्था के साथ भारी वाहनों की आवाजाही पर लागू प्रतिबंधित समय की जानकारी दी जाएगी।

Related Topics: •