देहरादून में कांग्रेस की बड़ी बैठक, सरकार पर साधा निशाना; स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सम्मान का संकल्प
देहरादून में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनकी विरासत को लेकर चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। बैठक में सेनानी परिवारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
देहरादून
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में आयोजित अहम बैठक में कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान और उनकी विरासत को लेकर बड़ा संदेश दिया। बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में हुई, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।बैठक को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए केंद्र व राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन सेनानियों के बलिदान से देश को आज़ादी मिली, आज उन्हीं के मूल्यों और विचारधारा को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आजादी की खुली हवा में सांस लेना शहीदों की कुर्बानियों का परिणाम है, लेकिन वर्तमान सरकार उनके सपनों के भारत को कमजोर करने में लगी है। साथ ही आरोप लगाया कि इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है और देश की मूल भावना को आघात पहुंचाया जा रहा है।प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के बताए मार्ग पर चलते हुए अन्याय और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएं और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करें।
बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। प्रकोष्ठ के महामंत्री अवधेश पंत ने सुझाव दिया कि आगामी 2027 चुनाव के घोषणा पत्र में इन परिवारों की मांगों को प्रमुखता दी जाए।इस दौरान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने प्रदेश अध्यक्ष का चरखा और गंगा माई की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।बैठक में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।