Loading...

‘कुर्सीभोगी महाराज, डेनिस बाबा और राजनीति के गिरगिट’, हरीश रावत पर रेखा आर्य का तीखा हमला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 9 Hours Ago • 1 Min Read

210 करोड़ की कथित संपत्ति पर सवाल उठाने से भड़कीं कैबिनेट मंत्री, हरीश रावत ने भी किया पलटवार

देहरादून

उत्तराखंड की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति को लेकर उठे सवालों पर रेखा आर्य ने हरीश रावत के खिलाफ तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को ‘कुर्सीभोगी महाराज’, ‘डेनिस बाबा’, ‘झूठाचार्य’ और ‘राजनीति का गिरगिट’ तक कह डाला।

दरअसल, हरीश रावत ने रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू की कथित संपत्ति पर सवाल उठाते हुए ‘बंटी-बबली’ का तंज कसा था। इससे नाराज रेखा आर्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व मुख्यमंत्री पर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर हरीश रावत से राजनीतिक मर्यादा की उम्मीद थी, लेकिन उन्होंने पहाड़ की बेटी की पीड़ा समझने के बजाय व्यक्तिगत मामलों को राजनीतिक हथियार बना लिया।

रेखा आर्य ने वर्ष 2016 के सियासी संकट, कथित स्टिंग प्रकरण, डेनिस शराब विवाद और खनन से जुड़े पुराने मामलों का जिक्र करते हुए हरीश रावत के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।

उधर, हरीश रावत ने भी पलटवार करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले नेताओं की संपत्ति पर सवाल उठाना गलत नहीं है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की संपत्तियों की जांच कराने की पेशकश की। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

हालांकि, 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। दोनों नेताओं के बीच छिड़ी इस राजनीतिक जंग ने उत्तराखंड की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।

Related Topics: • •