धर्मशाला कॉलेज के शताब्दी वर्ष में रेडक्रॉस-ओएसए लकी ड्रॉ शुरू, जरूरतमंदों की मदद में लगेगी राशि
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी समारोह के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी कांगड़ा के सहयोग से रेडक्रॉस-ओएसए लकी ड्रॉ शुरू किया है। इसमें 100 पुरस्कार दिए जाएंगे। लकी ड्रॉ से रेडक्रॉस को मिलने वाली राशि गरीब, जरूरतमंद और बीमार लोगों की सहायता पर खर्च की जाएगी। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की उपस्थिति में इस पहल का शुभारंभ किया गया।
धर्मशाला
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित गतिविधियां सराहनीय हैं। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से लकी ड्रॉ को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 100 पुरस्कारों की यह पहल महाविद्यालय के शताब्दी वर्ष के उत्सव को सामाजिक सरोकारों से जोड़ती है और इससे मिलने वाली राशि जरूरतमंद लोगों के काम आएगी।

‘100 साल 100 पहल’ के तहत आयोजन
ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान एसोसिएशन ‘100 साल 100 पहल’ की थीम पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर रही है। इसी क्रम में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के साथ लकी ड्रॉ शुरू किया गया है। इसके माध्यम से 100 आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे, जिनकी कुल कीमत लाखों रुपये बताई गई है। एसोसिएशन हर वर्ष लेगेसी अवॉर्ड के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को लाखों रुपये की छात्रवृत्तियां भी प्रदान करती है।
संजीव गांधी के अनुसार, इस वर्ष एसोसिएशन ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का दायरा बढ़ाते हुए रेडक्रॉस के साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए यह संयुक्त पहल की है। सेंटेनरी वर्ष में 100 स्माइल्स, 100 ड्रॉज, 100 चांस, 100 स्टार्स, 100 ड्रीम्स, 100 चीयर, 100 मोमेंट्स, 100 मेमोरीज, 100 रीजन्स और 100 रिवार्ड्स सहित कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
शुभारंभ के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव ओपी शर्मा, ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी कौल, संयुक्त सचिव परविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी दिनेश शर्मा, प्रेस सचिव पवन शर्मा, सदस्य आरके महाजन, एनडी शर्मा और द्वारका प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।