Loading...

धारटीधार में बिजली संकट पर ग्रामीणों का अल्टीमेटम, 15 दिन बाद घेराव की चेतावनी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

धारटीधार में बिजली व्यवस्था पर फूटा जनाक्रोश, 15 दिन का अल्टीमेटम; नहीं सुधरे हालात तो अधिकारियों का घेराव और आंदोलन की चेतावनी नाहन। जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के धारटीधार इलाके में बदहाल बिजली व्यवस्था के खिलाफ अब लोगों का सब्र जवाब दे गया है। भरोग बनेड़ी में आयोजित आक्रोश महासभा में क्षेत्र की दर्जनों पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड की कार्यप्रणाली पर जमकर सवाल उठाए और विभाग को 15 दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दे दिया। सभा में लोगों ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि बिजली बोर्ड यह साबित कर दे कि पिछले दो महीनों के दौरान धारटीधार क्षेत्र के करीब ढाई हजार से अधिक घरों में लगातार 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति हुई है तो क्षेत्र के लोग स्वयं विभाग को सम्मानित करने पहुंच जाएंगे। महासभा का नेतृत्व एपीएमसी के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि धारटीधार क्षेत्र की करीब 22 हजार से अधिक आबादी लंबे समय से बिजली की गंभीर समस्या से जूझ रही है। कई पंचायतों में बार-बार बिजली गुल होना आम बात बन चुकी है और ग्रामीणों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। रामेश्वर शर्मा ने बताया कि पूरे क्षेत्र में करीब 39 ट्रांसफार्मर लगे हैं, जबकि कई किलोमीटर में फैले इस दुर्गम और जंगल क्षेत्र की बिजली व्यवस्था संभालने के लिए विभाग के पास मात्र चार कर्मचारी हैं। कर्मचारियों की भारी कमी, जर्जर लाइनों और रखरखाव की कमजोर व्यवस्था के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। महासभा में निर्णय लिया गया कि यदि 15 दिनों के भीतर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो बिजली बोर्ड के अधिकारियों का घेराव किया जाएगा और व्यापक धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। लोगों ने चेतावनी दी कि विभाग के अधिकारियों को भी बिजली संकट की पीड़ा का एहसास कराया जाएगा। भरोग बनेड़ी पंचायत प्रधान राम गोपाल शर्मा, बनेठ हल्द्वाड़ी पंचायत प्रधान रमेश कुमार, कटवाड़ी की सुशीला देवी, पूर्व प्रधान बाबूराम सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधियों, जिला परिषद व बीडीसी सदस्यों तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों ने महासभा में भाग लिया। इस दौरान अंजना शर्मा, चंद्रकांता, वेद प्रकाश और अनिल सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। कांग्रेस सरकार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट सबसे बड़ा सवाल यह है कि श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर इतना व्यापक जनाक्रोश आखिर क्यों पैदा हुआ। यह क्षेत्र कांग्रेस विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार का विधानसभा क्षेत्र है और प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार है। ऐसे में अपने ही विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों का महीनों तक बिजली संकट से जूझना सरकार और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। धारटीधार की यह महासभा अब केवल बिजली कटौती के खिलाफ शिकायत नहीं रही, बल्कि बिजली बोर्ड और सरकार के लिए जनता की खुली चेतावनी बन गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 15 दिन के अल्टीमेटम के भीतर विभाग हालात सुधारता है या फिर धारटीधार से उठी बिजली आंदोलन की चिंगारी पूरे सिरमौर में बड़ा रूप लेती है।

Related Topics: