जिला भाजपा की बैठक संपन्न, संगठनात्मक कार्यों में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी : श्याम मन्हास
भारतीय जनता पार्टी जिला ऊना की विशेष संगठनात्मक बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों और कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति सक्रिय रहने, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
भारतीय जनता पार्टी जिला ऊना की विशेष संगठनात्मक बैठक शनिवार को जिला अध्यक्ष श्याम मन्हास की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिला भर से पार्टी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और पार्टी की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम मन्हास ने कहा कि पार्टी ने प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिम्मेदारी मिलने के बाद किसी भी पदाधिकारी की ओर से लापरवाही या निष्क्रियता स्वीकार नहीं की जाएगी। संगठन प्रत्येक कार्य की नियमित समीक्षा कर रहा है, इसलिए सभी पदाधिकारी संगठनात्मक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निर्वहन करें।
डिजिटल माध्यम और ‘सरल ऐप’ पर विशेष जोर
बैठक में पार्टी की गतिविधियों को आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आईटी एवं सोशल मीडिया के उपयोग पर विशेष बल दिया गया। प्रदेश आईटी सेल संयोजक अनिल डढवाल ने पदाधिकारियों को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग, डिजिटल संचार और पार्टी की नीतियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सक्रिय करने के लिए ‘सरल ऐप’ के उपयोग एवं उसकी कार्यप्रणाली की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों को तकनीक के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके
प्रशिक्षण शिविरों को लेकर दिए दिशा-निर्देश
पूर्व एचपीडीसी अध्यक्ष प्रो. राम कुमार तथा प्रदेश सचिव सुमित शर्मा ने पार्टी के आगामी प्रशिक्षण शिविरों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और विभिन्न विषयों पर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और कार्यशैली को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का संकल्प
बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का भी संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाकर केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाए।
ये रहे उपस्थित
बैठक में जिला अध्यक्ष श्याम मन्हास, प्रदेश सचिव सुमित शर्मा, प्रदेश आईटी सेल संयोजक अनिल डढवाल, पूर्व एचपीडीसी अध्यक्ष प्रो. राम कुमार, पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो, प्रदेश सह मीडिया संयोजक राजकुमार पठानिया, प्रदेश महिला मोर्चा उपाध्यक्ष मीनाक्षी राणा, जिला महामंत्री पहु लाल एवं लखबीर लखी, ऊना बीडीसी अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, मोर्चा और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, नगर निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
