रेणुका में डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि, मुकेश अग्निहोत्री ने विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास किए
रेणुका के माईना बाग में पूर्व विधायक एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव स्वर्गीय डॉ. प्रेम सिंह की 78वीं जयंती और 15वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ने रेणुका विधानसभा क्षेत्र में पेयजल योजनाओं और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया तथा नौहराधार में प्रस्तावित बस अड्डे की आधारशिला रखी।
रेणुका
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं श्री रेणुका जी के विधायक विनय कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर सहित अन्य नेताओं ने डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। रेणुका विधानसभा क्षेत्र के साथ अन्य इलाकों से भी लोग कार्यक्रम में पहुंचे। वक्ताओं ने क्षेत्र के विकास और राजनीति में डॉ. प्रेम सिंह के योगदान को याद किया। वह छह बार रेणुका विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे।
पेयजल योजनाओं का लोकार्पण, बस अड्डे का शिलान्यास
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 70 लाख रुपये की लागत से जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास पिपलीघाट के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत चाड़ना के विभिन्न गांवों के लिए 1.12 करोड़ रुपये से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना और सांगना, सताहन व आसपास के गांवों के लिए 2.12 करोड़ रुपये से बनी प्रवाह पेयजल योजना भी जनता को समर्पित की। इसके अतिरिक्त नौहराधार में एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बस अड्डे का शिलान्यास किया गया।
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी डॉ. प्रेम सिंह के प्रति उनके सम्मान को दर्शाती है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दावा किया कि वर्ष 2027 में कांग्रेस दोबारा सरकार बनाएगी और सिरमौर में पार्टी के सभी प्रत्याशी जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने रेणुका विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया।
नेतृत्व और प्रदेश के अधिकारों पर रखी बात
मुकेश अग्निहोत्री ने डॉ. प्रेम सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नेता तप और संघर्ष से बनते हैं तथा क्षेत्र के विकास के लिए नेतृत्व को मजबूत रखना जरूरी है। उन्होंने विनय कुमार के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने का उल्लेख करते हुए सिरमौर के राजनीतिक नेतृत्व की चर्चा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले माह से ऐसी 2.50 लाख महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिन्हें किसी अन्य योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अधिकारों से जुड़े विषयों पर राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ रही है और अपने अधिकार प्राप्त करने के लिए प्रयास जारी रखेगी। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सिरमौर को प्रतिभाओं से भरपूर जिला बताते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत रखने का आह्वान किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि डॉ. प्रेम सिंह ने छह बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और अब उनके पुत्र विनय कुमार विधानसभा में क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
कार्यक्रम में नाहन के विधायक अजय सोलंकी, सिरमौर जिला प्रभारी धर्मेंद्र धामी, महासचिव विनोद छिंटा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद परमार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रेणुका अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, उपायुक्त प्रियंका वर्मा और पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी उपस्थित रहे। इनके अलावा कांग्रेस के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल हुए।