Loading...

Result / HPBOSE 10वीं परीक्षा में कांगड़ा की अनमोल ने किया टॉप, ऊना के छात्रों ने भी बनाई जगह

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Hours Ago • 1 Min Read

Result : हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कांगड़ा जिले की छात्रा अनमोल ने 699 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। बोर्ड द्वारा जारी मेरिट सूची में कई जिलों के विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर शानदार प्रदर्शन किया है।

शिमला

हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी परिणाम के अनुसार इस वर्ष 93,694 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि विद्यार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। प्रदेशभर में इस बार विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर रहा और मेरिट सूची में सरकारी व निजी दोनों स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी जगह बनाई है।

कांगड़ा की अनमोल ने किया प्रदेश में टॉप

एवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहरा, कांगड़ा की छात्रा अनमोल ने 699 अंक प्राप्त कर पूरे हिमाचल प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। दूसरे स्थान पर गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल रापोह मिसरां, ऊना के छात्र अभिनव मेहता रहे, जिन्होंने 698 अंक हासिल किए। इसी स्थान पर राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर की छात्रा पूर्णिमा शर्मा और रापोह मिसरां ऊना की छात्रा रूहानी धीमन भी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।

तीसरे और चौथे स्थान पर कई विद्यार्थियों ने बनाई जगह

तीसरे स्थान पर 697 अंक के साथ नीलम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बीहड़ू (बिझड़ी) की छात्रा अश्विका शर्मा और ऑक्सफोर्ड स्कूल कोटली की छात्रा अलीशा ठाकुर रहीं। वहीं चौथे स्थान पर 696 अंक के साथ ध्रुव आदर्श विद्यालय छियाछी सोलन की छात्रा श्रुति, किड बड्स पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल पांगा की छात्रा अस्मिता शर्मा, भारती विद्यापीठ पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बैजनाथ की छात्रा इशिता वालिया और इसी स्कूल के छात्र कनिश ने स्थान प्राप्त किया।

मेरिट सूची में कई जिलों के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

पांचवें और छठे स्थान की सूची में मंडी, बिलासपुर, शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा और चंबा जिलों के विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। वहीं सातवें स्थान पर भी कई विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से स्थान हासिल किया। मेरिट सूची में हमीरपुर और कांगड़ा जिले के विद्यार्थियों का प्रदर्शन विशेष रूप से बेहतर रहा। बोर्ड की ओर से जारी परिणाम के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल देखा गया।

Related Topics: