Loading...

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किसान मोर्चा जिला ऊना ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 30 Jul 2026 • 1 Min Read

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत किसान मोर्चा जिला ऊना ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला ऊना द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत बसदेहड़ा मंडल के सनोली में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाना तथा लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए और उन्हें नियमित रूप से संरक्षित करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाएं तथा उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जन-जन का आंदोलन बन सके।

इस अवसर पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बलवंत ठाकुर, जिला महामंत्री इकबाल सिंह, जिला प्रवक्ता सुरिन्दर ठाकुर, जिला मीडिया प्रभारी वरुण महन, जिला कोषाध्यक्ष विनय सहोड सहित किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की और समाज को हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया।

Related Topics: