Loading...

एक पेड़ मां के नाम / नेरी कोटली में पौधारोपण अभियान के तहत विधायक रीना कश्यप ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 59 Mins Ago • 1 Min Read

एक पेड़ मां के नाम : पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेरी कोटली में रविवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पच्छाद विधायक रीना कश्यप ने पौधा रोपकर अभियान में भाग लिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

राजगढ़

विधायक रीना कश्यप ने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बदलते पर्यावरणीय हालात और बढ़ते तापमान को देखते हुए पेड़-पौधों का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि “एक पौधा-एक संकल्प, हरियाली से समृद्ध भविष्य का विकल्प” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र को हरा-भरा बनाया जा सकता है।

रीना कश्यप ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान लोगों को प्रकृति संरक्षण के साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ता है। मां के सम्मान में लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। विधायक ने कहा कि विकास के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों और वन संपदा का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा वातावरण मिल सके।

Related Topics: