Election / पालियों पंचायत की सियासत में जीत के बाद नया मोड़, भाजपा की तस्वीरों के बीच कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन
Election : पंचायती राज चुनाव के परिणामों के बाद पालियों पंचायत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की गतिविधियों ने पंचायत में राजनीतिक चर्चाओं को और बढ़ा दिया। नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने विधायक अजय सोलंकी से मुलाकात कर विकास और जनहित को प्राथमिकता देने की बात कही।
नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पालियों में पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण के परिणामों के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान जग्गो देवी, उपप्रधान नवीन चौधरी और वार्ड सदस्य जसवंत सिंह बुधवार को अपने समर्थकों के साथ विधायक अजय सोलंकी के निवास पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत और सम्मान किया गया। पंचायत के दर्जनों लोग भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व प्रधान बनारसी दास, बिंदर, बलदेव और ज्ञानचंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।राजनीतिक चर्चाओं को हवा उस समय मिली जब इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल बुधवार सुबह पालियों पंचायत पहुंचे और नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया। विजयी प्रतिनिधियों के साथ उनकी तस्वीरें भी खींची गईं और बाद में सोशल मीडिया पर साझा होने के बाद पंचायत की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
इन तस्वीरों के सामने आने के बाद पंचायत में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। इसके कुछ ही समय बाद नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य अपने समर्थकों के साथ विधायक अजय सोलंकी के निवास पर पहुंचे, जहां इसे राजनीतिक रूप से एक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है।इस दौरान विधायक अजय सोलंकी ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शाल और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई बांटकर शुभकामनाएं दीं।
अजय सोलंकी ने कहा कि वह व्यक्तिगत कटाक्ष की राजनीति में विश्वास नहीं रखते, लेकिन जनता सब देखती और समझती है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के बाद कुछ लोग तस्वीरों के सहारे राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन जनादेश तस्वीरों से नहीं बल्कि मतपेटियों से निकलता है। जनता ने जिस विश्वास के साथ प्रतिनिधियों को चुना है, वही सबसे बड़ा सच है। उन्होंने कहा कि पालियों पंचायत का विकास उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा और पंचायत के विकास कार्यों में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनता ने योग्य उम्मीदवारों को चुनकर अपनी समझदारी का परिचय दिया है और उम्मीद है कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे।वहीं नवनिर्वाचित प्रधान जग्गो देवी और उपप्रधान नवीन चौधरी ने कहा कि पंचायत के मतदाताओं ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए जिम्मेदारी और सम्मान दोनों है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस विचारधारा से जुड़े हुए हैं और स्थानीय विधायक अजय सोलंकी के प्रति अपनी पूर्ण आस्था रखते हैं। पंचायत में विकास, मूलभूत सुविधाओं और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा तथा चुनाव के दौरान जो विश्वास लोगों ने जताया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
