Loading...

Election / विक्रम बाग वार्ड में संजीव कुमार की शानदार जीत, छह प्रत्याशियों के मुकाबले में मारी बाजी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Election : जिला सिरमौर में पंचायत समिति चुनावों के परिणाम सामने आने के साथ ही कई वार्डों में नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो गई है। विक्रम बाग वार्ड से संजीव कुमार, शिलाई से विनीता देवी, पच्छाद से सीमा देवी तथा राजगढ़ क्षेत्र से निशा देवी, राजेश और विवेक पलाहा ने जीत दर्ज कर पंचायत समिति सदस्य पद पर कब्जा जमाया है।

नाहन

शिलाई से विनीता देवी, पच्छाद से सीमा देवी, राजगढ़ में निशा, राजेश और विवेक पलाहा भी बने पंचायत समिति सदस्य

जिला सिरमौर में पंचायत समिति चुनावों के परिणाम सामने आने के साथ ही कई वार्डों में नए जनप्रतिनिधियों की तस्वीर साफ हो गई है। नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विक्रम बाग पंचायत समिति वार्ड नंबर-6 में हुए बहुकोणीय मुकाबले में संजीव कुमार ने सबसे अधिक मत हासिल कर शानदार जीत दर्ज की है।

घोषित परिणामों के अनुसार विक्रम बाग वार्ड में संजीव कुमार को 750 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी शकील मोहम्मद को 531, एजाज खान को 504, सलीम मोहम्मद को 393, जयदीप सिंह को 308 तथा संगीत तोमर को 273 मत मिले। छह प्रत्याशियों के बीच हुए मुकाबले में संजीव कुमार ने बढ़त बनाते हुए पंचायत समिति सदस्य पद पर कब्जा जमाया।

उधर शिलाई विकास खंड के बालिकोटि पंचायत समिति वार्ड नंबर-8 से विनीता देवी पत्नी बलवीर सिंह ने शानदार जीत दर्ज की। विनीता देवी को 1589 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सनी देवी को 958 मत प्राप्त हुए। बड़े अंतर से मिली इस जीत ने क्षेत्र में विनीता देवी की मजबूत पकड़ को साबित किया है।

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के शिलांजी निर्वाचन क्षेत्र वार्ड नंबर-12 में भी मुकाबला रोचक रहा। यहां सीमा देवी ने 936 मत हासिल कर जीत दर्ज की, जबकि अंजना कुमारी को 872 मत प्राप्त हुए। सीमा देवी ने 64 मतों के अंतर से विजय हासिल की।

राजगढ़ विकास खंड के राणाघाट निर्वाचन क्षेत्र वार्ड नंबर-13 में त्रिकोणीय मुकाबले में निशा देवी विजेता बनकर उभरीं। निशा देवी को 722 मत मिले, जबकि गीता देवी को 550 और राधा को 444 मत प्राप्त हुए। ग्राम ढाया पितली, डाकघर शरगांव निवासी निशा देवी को आधिकारिक रूप से विजेता घोषित किया गया।

वहीं राजगढ़ के दीदग निर्वाचन क्षेत्र वार्ड नंबर-7 में राजेश ने यशवंत सिंह को पराजित कर जीत दर्ज की। राजेश को 1254 मत मिले, जबकि यशवंत सिंह को 958 मत प्राप्त हुए।

इसके अलावा पंचायत समिति राजगढ़ के बोहल टालिया वार्ड नंबर-6 से विवेक पलाहा ने जीत हासिल की। विवेक पलाहा को 756 मत मिले, जबकि सुदेश को 707 और कपिल को 344 मत प्राप्त हुए। ग्राम कुलथ, डाकघर राजगढ़ निवासी विवेक पलाहा को निर्वाचन अधिकारी द्वारा विजेता घोषित किया गया।

परिणाम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई देकर जीत का जश्न मनाया। पंचायत समिति चुनावों के इन नतीजों ने कई क्षेत्रों में स्थानीय राजनीति के नए समीकरण भी तय कर दिए हैं।

Related Topics: